भारत में कोविड-19 के मामले 37 लाख के करीब पहुंच चुके हैं। हालांकि मंगलवार को कोरोना संक्रमण के मामलों में थोड़ी कमी देखने को मिली। इससे पहले सोमवार को कोरोना के 78 हजार से अधिक मामले दर्ज किए गए थे। मंगलवार को एक दिन में 69,921 नए मामले सामने आए। वहीं, अच्छी बात यह है कि संक्रमण से स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या 28 लाख से ज्यादा हो गई है और जांच में तेजी आई है।
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से मंगलवार सुबह अद्यतन किए गए आंकड़े के अनुसार, पिछले 24 घंटे में 819 लोगों की मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 65,288 हो गई है। देश में संक्रमण के मामले बढ़कर 36,91,167 हो गए हैं, जिनमें से 7,85,996 लोगों का उपचार चल रहा है और 28,39,883 लोग उपचार के बाद इस बीमारी से उबर चुके हैं। संक्रमण के कुल मामलों में विदेशी नागरिक भी शामिल हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, मरीजों के स्वस्थ होने की दर बढ़कर 76.94 फीसदी हो गई है जबकि मृत्यु दर में गिरावट आई है और यह 1.77 फीसदी है। वहीं, 21.29 फीसदी मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।
पिछले 24 घंटे में साढ़े 10 लाख से ज्यादा नमूनों की जांच
भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) की ओर से जारी आंकड़े के मुताबिक, देशभर में 31 अगस्त तक कुल 4,33,24,834 नमूनों की जांच की गई, जिनमें से सोमवार को एक दिन में 10,16,920 नमूनों की जांच की गई।
राज्यवार मृत्यु की स्थिति
पिछले 24 घंटे में कुल 819 लोगों की मौत हुई है, जिनमें से सबसे ज्यादा 184 लोगों की मौत महाराष्ट्र में हुई। वहीं कर्नाटक में 113, तमिलनाडु में 91, आंध्र प्रदेश में 85, उत्तर प्रदेश में 63, पश्चिम बंगाल में 52, पंजाब में 49, मध्यप्रदेश में 20, दिल्ली में 18, गुजरात में 14, राजस्थान में 13, उत्तराखंड में 12 लोगों की मौत हुई। वहीं असम, ओडिशा और त्रिपुरा में 10-10 लोगों की मौत हुई।
गोवा, तेलंगाना और जम्मू-कश्मीर में नौ-नौ लोगों की मौत हुई। इसके अलावा छत्तीसगढ़ में आठ, हरियाणा, झारखंड, केरल और पुडुचेरी में सात-सात लोगों की मौत हुई। बिहार और चंडीगढ़ में चार-चार और हिमाचल प्रदेश में तीन लोगों की मौत हुई जबकि अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह में एक व्यक्ति की मौत हुई।
देश में अब तक 65,228 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें से सबसे ज्यादा 24,583 लोगों की मौत महाराष्ट्र में हुई। इसके बाद तमिलनाडु में 7,322, कर्नाटक में 5,702, दिल्ली में 4,444, आंध्र प्रदेश में 3,969, उत्तर प्रदेश में 3,486, पश्चिम बंगाल में 3,228, गुजरात में 3,020 और पंजाब में 1,453 लोगों की मौत हुई।
अब तक मध्यप्रदेश में कोविड-19 से 1,394 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं राजस्थान में 1,056, तेलंगाना में 836, जम्मू-कश्मीर में 703, हरियाणा में 689, बिहार में 582, ओडिशा में 492, झारखंड में 417, असम में 306, केरल में 294, छत्तीसगढ़ में 277 और उत्तराखंड में 269 लोगों की मौत हुई।
पुडुचेरी में 228 लोगों की मौत हुई। गोवा में 192, त्रिपुरा में 113, चंडीगढ़ में 56, अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह में 46, हिमाचल प्रदेश में 38, लद्दाख में 34, मणिपुर में 28, मेघालय में 10, नगालैंड में नौ, अरुणाचल प्रदेश में सात, सिक्किम में तीन और दादरा नगर हवेली और दमन-दीव में दो-दो लोगों की मौत हुई। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि कोविड-19 से मरने वाले 70 फीसदी से ज्यादातर मरीज पहले से ही अन्य बीमारियों से भी ग्रसित थे।