गुजरात में शुक्रवार को कोविड-19 के 1420 नए मामले आने से संक्रमितों की संख्या 1,94,402 हो गई। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि राज्य में संक्रमण के नए मामले बढ़ रहे हैं। गुरुवार को 1340, जबकि 12 नवंबर को 1120 मामले सामने आए थे। संक्रमण से सात और मरीजों की मौत हो जाने से मृतकों की संख्या 3837 हो गई। पिछले 24 घंटे में राज्य में 1040 मरीज ठीक हुए हैं। संक्रमण के बढ़ते मामलों के मद्देनजर गुजरात सरकार ने सूरत, राजकोट और वडोदरा शहरों में शनिवार से रात नौ बजे से सुबह छह बजे के बीच कर्फ्यू लगाने की घोषणा की है।
उत्तर प्रदेश में मिले 2,858 नए मरीज
उत्तर प्रदेश में कोविड-19 की जांच बढ़ते ही संक्रमितों की संख्या में इजाफा होने लगा है। शुक्रवार को कोरोना के 2,858 नए मरीज मिले हैं। यह गुरुवार को मिले मरीजों की संख्या से 272 अधिक है। वर्तमान में प्रदेश में 23,357 सक्रिय मामले हैं। अबतक कुल 5,21,228 संक्रमित मिल चुके हैं। बीते 24 घंटे में 20 कोरोना संक्रमितों की मौत हो गई है। इस तरह प्रदेश में अब तक 7,500 लोग कोरोना से दम तोड़ चुके हैं।
उत्तराखंड में ट्रेनी ऑफिसर समेत 33 संक्रमित, मसूरी अकादमी बंद
देश के प्रतिष्ठित संस्थान लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासनिक अकादमी मसूरी में कोरोना के 33 मामले सामने आए हैं। इनमें अधिकतर ट्रेनी ऑफिसर शामिल हैं। अकादमी के पांच आवासीय क्षेत्रों को स्थानीय प्रशासन ने 14 दिन के लिए कंटेनमेंट जोन बना दिया। साथ ही 48 घंटे के लिए पूरी अकादमी को बंद कर दिया गया है। फिलहाल सभी ट्रेनी आफिसर ऑनलाइन पढ़ाई करेंगे।
हरियाणा के सभी स्कूल-कॉलेज बंद
हरियाणा में कोरोना के बढ़ते मामलों के मद्देनजर सभी सरकारी व निजी स्कूल 30 नवंबर तक बंद रहेंगे। स्कूली बच्चों व स्टाफ के लगातार संक्रमित पाए जाने पर सरकार ने यह निर्णय लिया है। कोविड-19 संक्रमण के बढ़ते मामलों व स्कूली विद्यार्थियों के स्वास्थ्य को देखते हुए सरकारी व निजी स्कूलों में विद्यार्थियों के साथ ही अध्यापक भी नहीं आएंगे।
महाराष्ट्र में कोविड-19 के 5640 नए मामले सामने आने से संक्रमितों की कुल संख्या 17,68,695 हो गई है। संक्रमण से 155 और मरीजों की मौत होने के बाद मृतकों की संख्या 46,511 पर पहुंच गई है। यह जानकारी अधिकारियों ने दी।
झारखंड में संक्रमण के 185 नए मामले
झारखंड में कोरोना वायरस संक्रमण से दो और व्यक्तियों की मौत हुई जिससे मृतक संख्या बढ़कर 939 हो गई। वहीं संक्रमण के 185 नए मामले सामने आने से संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 1,07,157 हो गई है।
पंजाब में 815 नए मामले हुए रिपोर्ट
पंजाब में शुक्रवार को कोरोना संक्रमण के 815 नए मामले सामने आए हैं। वहीं संक्रमणग्रस्त 16 लोगों की मौत हो गई। अब तक संक्रमण से 4572 लोगों की पंजाब में मौत हो चुकी है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार फरीदकोट के पक्खी कलां सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल की तीन शिक्षिकाएं और एक छात्र संक्रमित मिले हैं। सूबे में अब तक संदिग्ध मामलों की संख्या 29,70,682 पर पहुंच गई है।