स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में 26,490 कोरोना मरीज स्वस्थ होकर अपने घर लौट गए हैं। इसी के साथ देश में अब तक 1,12,31,650 मरीज कोरोना वायरस को मात देने में सफल रहे हैं। रोजाना के आधार पर दर्ज होने वाले नए कोरोना केसों की तुलना में ठीक होने वाले मरीजों की संख्या आधी से भी कम हो गई है। बता दें कि 15 फरवरी के बाद कोरोना के सक्रिय मामलों में भारी बढ़ोतरी हुई है, इसी के साथ सक्रिय मामले करीब चार पहुंच गए हैं।
संक्रमण: 15 फरवरी के बाद से बिगड़े हालात
आंकड़े बताते हैं कि भारत में 15 फरवरी के बाद ही कोरोना की दूसरी लहर प्रभावी हुई। हफ्ता-दर-हफ्ता केस बढ़ते गए। जहां 1 से 7 फरवरी के बीच 80,180 केस सामने आए थे, वहीं 15-21 फरवरी के बीच 86,711 नए केस सामने आए। इसके अगले हफ्ते में नए केस के आंकड़े ने एक लाख का आंकड़ा पार किया और 15-21 मार्च के बीच दो लाख का आंकड़ा भी पार कर लिया है। कोरोना की वजह से होने वाली मौतों का आंकड़ा भी इस दौरान बढ़ता गया। 15-21 मार्च के बीच मौतों ने 1,000 का आंकड़ा पार किया और पिछले हफ्ते के मुकाबले 34.9 फीसदी की बढ़त दर्ज की।
सरकारी अधिकारियों और विशेषज्ञों का कहना है कि वैक्सीनेशन शुरू होने के बाद लोगों ने मान लिया कि कोरोना खत्म हो गया है। सोशल डिस्टेंसिंग समेत कोरोना से बचने के दूसरे उपायों को छोड़ दिया गया, जिसका खामियाजा दूसरी लहर के तौर पर सामने आ रहा है।