फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भारत में कोरोना: कितने नए मामले मिले, कितने ठीक हुए, जानिए पिछले 24 घंटों का हाल

Sat, 12 Jun 2021 08:57 PM IST
गौरव पाण्डेय न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

देश इस समय कोरोना वायरस संक्रमण की दूसरी लहर का सामना कर रहा है। एक समय में बेहद गंभीर हुए हालात अब धीरे-धीरे काबू में आ रहे हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि देश में लगातार पांचवें दिन नए मामलों की संख्या एक लाख से कम रही है और पिछले 70 दिनों में सबसे कम नए मामले दर्ज किए गए। इस रिपोर्ट में पढ़िए पिछले 24 घंटों में कैसा रहा देश का हाल...
विज्ञापन
मुंबई के एक रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के तापमान की जांच - फोटो : पीटीआई
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि देश में कोरोना संक्रमण के  84,332 नए मामले दर्ज कए गए। अब देश में कोरोना के कुल मामलों की संख्या दो करोड़ 93 लाख 59 हजार 155 हो गई है। वहीं, महामारी से 4002 और लोगों की मौत होने से मृतकों की कुल संख्या तीन लाख 67 हजार 81 हो गई है। देश में सक्रिय मामलों का आंकड़े 10 लाख 80 हजार 690 पर पहुंच गया है, जो संक्रमण के कुल मामलों का 3.68 फीसदी है। वहीं, देश में कोरोना से ठीक होने की दर 95.07 फीसदी हो गई है।

विज्ञापन


मंत्रालय ने बताया कि भारत में उपचाराधीन मरीजों की संख्या 63 दिन के बाद 11 लाख से कम है जबकि 24 घंटों में आए 84,332 नए मामले 70 दिनों में सबसे कम हैं। इसके अलावा शुक्रवार को कोरोना वायरस के लिए 20 लाख 44 हजार 131 नमूनों की जांच की गई थी। अब तक 37 करोड़ 42 लाख 42 हजार 384 नमूनों की जांच की जा चुकी है। संक्रमण की दैनिक दर 4.39 फीसदी दर्ज की गई। यह लगातार 19वें दिन 10 फीसदी से कम रही है। साप्ताहिक संक्रमण दर भी गिरकर 4.94 फीसदी हो गई है।

देश में टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक कोविड-19 रोधी 24 करोड़ 96 लाख 304 टीके लगाए जा चुके हैं। मंत्रालय ने शनिवार को कहा कि सीधी खरीद श्रेणी के तहत अब तक राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को कोरोना वायरस संक्रमण से बचाव के लिए टीके की 25.87 करोड़ से अधिक खुराकें दी गई हैं। टीकों की 1.12 करोड़ से अधिक खुराकें अब भी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पास हैं। मंत्रालय ने कहा कि टीके की 10 लाख 81 हजार 300 से अधिक खुराकें आनी बाकी हैं जो तीन दिन में मिल जाएंगी।

विज्ञापन

मनरेगा को मजबूती दी जानी चाहिए: राहुल गांधी

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को अपील की कि कोरोना वायरस महामारी से निपटने के लिए लगाए गए लॉकडाउन की वजह से उत्पन्न हुए आर्थिक तंगी के हालात से निपटने के लिए महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) को मजबूती दी जानी चाहिए। उन्होंने ग्रामीण इलाकों में मनरेगा योजना से लोगों को मदद मिलने से जुड़ी खबरों का हवाला देते हुए कहा कि इस समय जनहित पर ध्यान देना सभी लोगों की जिम्मेदारी है।

कांग्रेस नेता ने ट्वीट किया, 'देश के कमजोर वर्ग को अबकी बार भी मनरेगा से राहत मिल रही है। लॉकडाउन से पैदा हुई आर्थिक तंगी से निबटने के लिए इस योजना को और मजबूत करना जरूरी है। सरकार किसी की भी हो, जनता भारत की है और जनहित हमारी ज़िम्मेदारी है।' कांग्रेस ने कुछ महीने पहले भी आग्रह किया था कि मनरेगा का बजट बढ़ाया जाए ताकि रोजगार छिन जाने से गांवों का रुख करने वाले ज्यादा से ज्यादा लोगों को जीविका का साधन मिल सके।

दिल्ली: 213 नए मामले, तीन महीने में सबसे कम

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शनिवार को कोविड-19 के 213 नए मामले आए जो पिछले तीन महीने में एक दिन में आए सबसे कम हैं। वहीं एक दिन में कोरोना वायरस संक्रमण से 28 लोगों की मौत हुई है, जिससे मरने वालों की संख्या बढ़कर 24,800 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी बुलेटिन के अनुसार, दिल्ली में संक्रमण की दर कम होकर 0.30 फीसदी रह गई है। यहां शुक्रवार को 238 मामले मिले थे, संक्रमण की दर 0.31 प्रतिशत रही थी और 24 की मौत हुई थी।

महाराष्ट्र: 10697 नए मामले, 360 लोगों की मौत
एक समय में पूरे देश में कोरोना वायरस संक्रमण से सबसे ज्यादा प्रभावित रहे महाराष्ट्र में अब हालात सुधर रहे हैं। राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना वायरस संक्रमण के 10,697 नए मामले दर्ज किए गए। इस दौरान 14,910 मरीजों को अस्पतालों से छुट्टी मिली तो 360 संक्रमितों की जान चली गई। प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार यहां कोरोना वायरस संक्रमण से ठीक होने की दर (रिकवरी रेट) अब बढ़कर 95.48 फीसदी हो गई है।

दूसरी ओर, महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में पिछले 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 733 नए मामले दर्ज किए गए। इसी अवधि में शहर में 732 लोग ठीक हुए और 18 संक्रमितों की मौत हो गई। शहर में कोरोना के कुल मामलों की संख्या अब सात लाख 15 हजार 879 हो गई है। इनमें से छह लाख 82 हजार 678 मरीज ठीक हो चुके हैं और सक्रिय मामलों का आंकड़ा अब 15,798 पर पहुंच गया है। शहर में कोविड के चलते अब तक कुल 15,164 लोगों की जान जा चुकी है।

झारखंड: 24 घंटों में केवल एक संक्रमित की मौत 

झारखंड में पिछले 24 घंटों को दौरान कोरोना वायरस संक्रमण के 291 नए मामले सामने आए जबकि इस अवधि में कोविड-19 से केवल एक व्यक्ति की मौत हुई। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार राज्य में महामारी से जान गंवाने वालों की कुल संख्या बढ़कर 5082 हो गई है, वहीं संक्रमितों की कुल संख्या 343065 हो गई है। राज्य के तीन लाख 43 हजार 65 संक्रमितों में से तीन लाख 33 हजार 763 ठीक हो चुके हैं। 4220 लोगों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में जारी है।

राजस्थान: 16 संक्रमितों की मौत, 368 नए मामले
राजस्थान में कोरोना वायरस संक्रमण के शनिवार को 368 नये मामले सामने आए और 16 लोगों की मौत हो गई। चिकित्सा विभाग की ओर से शनिवार शाम जारी आंकड़ों के अनुसार बीते 24 घंटों में राज्य में कोरोना वायरस संक्रमण के 368 नए मामले सामने आए हैं। एक अधिकारी ने बताया कि राज्य में अब तक इस संक्रमण से 8815 लोगों की मौत हो चुकी है। आंकड़ों के अनुसार इस दौरान राज्य में 975 लोग संक्रमण से ठीक हुए और 8400 संक्रमित उपचाराधीन हैं।

मध्यप्रदेश: तीन महीने बाद नए मामले 400 से कम
मध्यप्रदेश में शनिवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 337 नए मामले सामने आए और इसके साथ ही प्रदेश में इस वायरस से अब तक संक्रमित पाए गए लोगों की कुल संख्या सात लाख 87 हजार 909 हो गई। प्रदेश में तीन महीने से अधिक समय बाद संक्रमण के मामले 400 से कम आए हैं। राज्य में पिछले 24 घंटों में इस बीमारी से प्रदेश में 24 और व्यक्तियों की मौत के साथ अब तक इस बीमारी से मरने वालों की संख्या 8534 हो गई है।

उज्जैन: 80 दिन बाद खुलेगा महाकालेश्वर मंदिर

मध्यप्रदेश के उज्जैन में कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में लगातार कमी आने के मद्देनजर प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर को 80 दिन के अंतराल के बाद 28 जून से श्रद्धालुओं के लिए फिर से खोलने का निर्णय लिया गया है। मंदिर प्रबंधन समिति के एक सदस्य ने बताया कि कोरोना वायरस संक्रमण की दूसरी लहर के कारण मंदिर को इस साल नौ अप्रैल से जनता के लिए बंद कर दिया गया था। महामारी के चलते मंदिर को अप्रैल 2021 में दूसरी बार बंद करना पड़ा था।

इस दौरान मंदिर में प्रवेश करने वाले लोगों को कोविड-19 के दिशानिर्देशों के तहत सभी सुरक्षा नियमों का पालन करना होगा। उल्लेखनीय है कि देश में भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंगों में उज्जैन का महाकालेश्वर मंदिर भी एक है। यहां हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। उज्जैन में शुक्रवार को कोविड-19 संक्रमण के आठ नए मामले आए जिसके बाद संक्रमितों की संख्या बढ़कर 18,843 हो गई है, जबकि संक्रमण से अब तक यहां कुल 171 लोगों की मौत हो चुकी है।

ओडिशा: पिछले 50 दिनों में सबसे कम मामले 

ओडिशा में शनिवार को कोविड-19 के 4,852 नए मामले आए जो पिछले 50 दिनों में एक दिन में आए सबसे कम मामले हैं। हालांकि 47 और लोगों ने संक्रमण से जान गंवाई जो एक दिन में मृतकों की सबसे अधिक संख्या है। इस महामारी से अभी तक 3,257 लोगों की मौत हो चुकी है और 8,43,313 संक्रमित हो चुके हैं। प्रदेश में मौत के नए मामले 17 जिलों से आए हैं। खुर्दा में सबसे अधिक छह लोगों की मौत हुई जबकि कटक में पांच मरीजों की जान चली गई।

मिजोरम: 178 नए केस, संक्रमण दर 6.5 फीसदी
मिजोरम में पिछले 24 घंटों में संक्रमण के 178 नए मामले आए और एक व्यक्ति की मौत हुई। इसके साथ ही पूर्वोत्तर राज्य में संक्रमण के मामले बढ़कर 14,921 हो गए और मृतकों की संख्या 62 पर पहुंच गयी है। राज्य में संक्रमण की दैनिक दर 6.57 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटों में कोविड-19 के लिए 2,709 नमूनों की जांच की गयी। संक्रमण के नए मामलों में 43 से अधिक बच्चे और तीन स्वास्थ्य देखभाल कर्मी शामिल हैं। मिजोरम में अभी 3501 मरीजों का इलाज चल रहा है।
विज्ञापन

अरुणाचल प्रदेश: कोविड-19 के 358 नए मामले

अरुणाचल प्रदेश में कोविड-19 के 358 नए मामले आने से संक्रमितों की संख्या बढ़कर 30,850 हो गई है। वहीं, संक्रमण से पांच और मरीजों की मौत होने से मृतक संख्या 138 हो गई है। प्रदेश में वर्तमान में 3274 मरीजों का उपचार चल रहा है। कोविड-19 से ठीक होने की दर 88.94 फीसदी जबकि उपचाराधीन मरीज 10.61 फीसदी और संक्रमण दर 6.31 फीसदी है। बता दें कि अरुणाचल में अब तक छह लाख 63 हजार 519 नमूनों की कोविड-19 संबंधी जांच हुई है।

पुडचेरी: 442 नए मामले मिले, नौ लोगों की मौत
पुडुचेरी में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस संक्रमण के 442 नए मामले सामने आए हैं जिसके बाद संक्रमितों की कुल संख्या एक लाख 12 हजार 126 हो गई है। इस घातक बीमारी से नौ और लोगों की मौत होने के बाद मृतक संख्या 1677 हो गई है। यहां अब तक 1.04 लाख मरीज स्वस्थ हुए हैं और अस्पताल से छुट्टी प्राप्त कर चुके हैं। इसके अलावा कुल 5745 उपचाराधीन मरीजों में से 884 मरीज विभिन्न अस्पतालों में और बाकी 4861 मरीज घरों में एकांतवास में हैं।

लद्दाख: दो महीने से अधिक समय में सबसे कम नए मामले
केंद्रशासित प्रदेश लद्दाख में कोरोना वायरस संक्रमण के दो महीने से अधिक समय में सबसे कम 31 मामले सामने आए हैं। अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि नए मामलों के बाद यहां कोविड-19 के कुल मरीजों की संख्या 19,506 हो गई है। लेह और करगिल जिले में अप्रैल के बाद से कोरोना के करीब 9,000 हजार मामले दर्ज हुए हैं और 67 की मौत हुई है जिसके बाद क्षेत्र में कुल मृतक संख्या 197 हो गई है। इनमें से लेह में 143 और करगिल में 54 मरीजों की मौत हुई है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें