फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Coronavirus in Odisha: ओडिशा में सूरत से लौटे 26 लोग पॉजिटिव पाए गए, संक्रमितों की संख्या 245 हुई

Fri, 08 May 2020 03:38 PM IST
देव कश्यप पीटीआई, भुवनेश्वर
विज्ञापन
प्रवासी कामगार - फोटो : पीटीआई
विज्ञापन

दूसरे राज्यों से अपने घर लौट रहे श्रमिक प्रवासी राज्य सरकार की चिंता बढ़ा रहे हैं। ताजा मामला ओडिशा का है जहां हाल ही में सूरत से लौटे 26 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं जिससे राज्य में इस संक्रामक रोग के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 245 हो गई है।

विज्ञापन


स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि नए मामलों में से 19 गंजम से, पांच केंद्रपाड़ा और दो भद्रक जिलों से सामने आए। अधिकारी ने बताया कि ये लोग सूरत से आए थे और पृथक केंद्रों में रह रहे थे। इनमें बीमारी के लक्षण दिखाई दिए थे। उन्होंने बताया कि नए मरीज सामने आने के साथ ही गंजम में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 47 हो गई है। जिले में संक्रमण का पहला मामला दो मई को सामने आया था।

अधिकारी ने बताया कि भद्रक में संक्रमित लोगों की संख्या 23 है जबकि केंद्रपाड़ा में कुल आठ मामले सामने आए। लॉकडाउन के कारण गुजरात के सूरत शहर में फंसे ओडिशा के प्रवासी मजदूर केंद्र सरकार की अनुमति के बाद बसों और ट्रेनों से पूर्वी राज्य लौट रहे हैं।
विज्ञापन


ओडिशा के करीब तीन लाख कामगार सूरत में हीरे की कटिंग, कपड़ा उद्योग और अन्य काम करते हैं। इनमें से ज्यादातर कामगार गंजम जिले के हैं। उन्होंने बताया कि राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने गुरुवार को कोरोना वायरस के लिए 2,460 लोगों की जांच की। ओडिशा में अभी तक 52,974 नमूनों की जांच हुई है।

नए मरीज आने के साथ ही राज्य में अब भी 181 लोग संक्रमित हैं जबकि 62 मरीज इस बीमारी से उबर चुके हैं। भुवनेश्वर के दो मरीजों की संक्रमण से मौत हो चुकी है। जाजपुर जिले में सबसे अधिक 55 मामले सामने आए। इसके बाद खुर्दा जिले में 50, गंजम में 47, बालासोर में 27, भद्रक में 23, सुंदरगढ़ में 12, केंद्रपाड़ा में आठ, जगतसिंहपुर में पांच और
मयूरभंज में चार मामले सामने आए। कटक, झारसुगुडा, बोलांगीर, क्योंझर और कालाहांडी में दो-दो मामले और पुरी, ढ़ेंकनाल, देवघर तथा कोरापुट जिलों में एक-एक मामला सामने आया।
विज्ञापन


राज्य में गुरुवार को कोविड-19 के 34 नए मामले सामने आए। अधिकारी ने बताया कि पिछले आठ दिनों में 100 से अधिक मरीज सामने आए हैं।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें