महाराष्ट्र के पांच शहरों में कोरोना के बढ़ते मामले को देखते हुए नागपुर प्रशासन ने नई गाइडलाइंस जारी की है। इसके तहत जिले में सभी स्कूल, कॉलेज, कोचिंग क्लास 7 मार्च तक बंद रहेंगे और विवाह भवन भी 26 फरवरी से लेकर 7 मार्च तक बंद रहेंगे। वहीं होटल और रेस्टोरेंट 50 फीसदी क्षमता के साथ चलेंगे।
मुंबई में रेस्टोरेंट और पब के खिलाफ एफआईआर दर्ज
मुंबई के अंधेरी वेस्ट में वीरा देसाई रोड पर कोरोना के नियमों को तोड़ने के आरोप में रविवार रात कुछ रेस्टोरेंट और पब के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। बीएमसी ने इसकी जानकारी दी है।
चेंबूर में शादी समारोह में कोरोना नियमों की उड़ी धज्जियां
चेंबूर में एक शादी समारोह में 200 से अधिक लोगों ने कोरोना के नियमों की धज्जियां उड़ा दी, जिसके बाद शिकायत मिलने पर पुलिस ने आईपीसी की धारा 188, 269 और 34 के तहत मामला दर्ज किया है। एफआईआर में वर-वधू के माता-पिता का नाम शामिल है।