देशभर में कोरोना वायरस के मामलों में बढ़ोतरी को देखते हुए सरकार ने लॉकडाउन को तीन मई तक बढ़ाने का फैसला किया है। देश में कोरोना के सबसे ज्यादा मामले महाराष्ट्र में सामने आए हैं। मंगलवार को महाराष्ट्र में कोविड-19 के 350 नए मामले सामने आने के बाद राज्य में इससे संक्रमित लोगों की संख्या 2684 हो गई हैं।
राज्य स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि आज कोरोना वायरस के 350 नए मामले सामने आए हैं और इस वायरस से 18 लोगों की मौत हुई है। उन्होंने बताया कि राज्य में कोरोना संक्रमितों की संख्या 2684 हो गई है। वहीं, इस खतरनाक वायरस से अब तक 178 लोगों की मौत हो चुकी हैं और 259 लोगों ने इस वायरस को मात दी है।
वहीं, मुंबई में आज कोरोना वायरस के 204 नए मामले सामने आए हैं और 11 लोगों की मौत हुई हैं। देश की आर्थिक राजधानी में संक्रमितों की संख्या 1753 हो गई है। वहीं, इस खतरनाक वायरस से अब तक 111 लोगों की मौत हुई है। नगर निगम ग्रेटर मुंबई ने इस बात की जानकारी दी है।
बता दें कि केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, बीते 24 घंटे में 1463 मामले सामने आए और 29 लोगों की मौत हुई है। वहीं, देश में कोरोना वायरस पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 10,815 हो गई है, जिनमें 8988 सक्रिय हैं, 1190 स्वस्थ हो चुके हैं, 353 लोगों की मौत हो गई है।