देश में कोरोना टीकाकरण अभियान लगातार बढ़ रहा है। केंद्र सरकार ने कहा है कि अभी तक करीब 70 करोड़ लोगों को वैक्सीन की खुराक दी जा चुकी है। वहीं मंगलवार को केंद्र सरकार ने जानकारी दी कि पिछले 24 घंटे में कोविड-19 वैक्सीन की 1.13 करोड़ से ज्यादा डोज लगाई गई हैं। ऐसा देश में चौथी बार हुआ है जब 24 घंटे में एक करोड़ से अधिक डोज लगाई गई हैं। बता दें कि सोमवार को भी एक करोड़ डोज लगाई गई थीं। इसे लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर बधाई भी दी थी।
केवल 13 दिनों में रिकॉर्ड टीकाकरण: मंडाविया
कोरोना के खिलाफ जंग जीतने के लिए देश में टीकाकरण का दौर लगातार जारी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने मंगलवार को बड़ी जानकारी देते हुए कहा कि देश में अब तक 70 करोड़ से अधिक कोरोना वैक्सीन की खुराक दी जा चुकी हैं। मंडाविया ने कहा कि इनमें से 10 करोड़ से अधिक खुराक केवल पिछले 13 दिनों में दी गईं।
मंडाविया ने ट्विटर पर जानकारी साझा करते हुए भारत के टीकाकरण कार्यक्रम की प्रगति पर एक ग्राफिक साझा किया। इसमें बताया गया कि जनवरी में देश में टीकाकरण कार्यक्रम शुरू होने के बाद देश में पहले 10 करोड़ लोगों को टीका लगाने में भारत को 85 दिन लगे। वैक्सीन के अगले 10 करोड़ डोज देने में 45 दिन लगे, 29 दिन में 20-30 करोड़, 24 दिन में 30-40 करोड़, 40-50 करोड़ में 20 दिन, 50-60 करोड़ खुराक देने में 19 दिन लगे। केवल 13 दिनों में अब तक की सबसे तेज 60-70 करोड़ वैक्सीन लगाई गईं।
केरल में 25 हजार से अधिक नए मामले
उधर, केरल में कई दिनों तक रोजाना 30,000 या इससे अधिक मामले दर्ज करने के बाद पिछले सप्ताह से नए मामलों की संख्या में धीरे-धीरे कमी देखी जा रही है। इसी क्रम में मंगलवार को कोरोना के 25,772 नए मामले राज्य में सामने आए हैं। इसके साथ ही प्रदेश में कोरोना संक्रमण के कुल मामलों की संख्या अब 42,53,298 हो गई है। प्रदेश में अभी कोरोना के कुल 2,37,045 सक्रिय मामले हैं। वहीं 39,93,877 लोग ठीक भी हुए हैं ओर 21,820 लोगों की मौत हुई है।
रविवार को लॉकडालन नहीं लगाने का फैसला लिया: मुख्यमंत्री विजयन
प्रदेश के मुख्यमंत्री पी. विजयन ने मंगलवार को कहा कि आज कोविड-19 को लेकर समीक्षा बैठक की गई। इसमें फैसला लिया गया है कि प्रदेश में रात्रि कर्फ्यू को हटाया जाएगा। इसके साथ ही रविवार को लॉकडाउन नहीं लगाने का निर्णय भी लिया गया है।
उन्होंने बताया कि बैठक में यह भी फैसला लिया गया है कि उच्च शिक्षण संस्थानों में स्नातक और स्नातकोत्तर के अंतिम वर्ष के छात्रों की कक्षाएं चार अक्तूबर से शुरू होंगी। शैक्षणिक संस्थानों को खोलने को लेकर दिशा-निर्देश तैयार किए जा रहे हैं। स्कूलों को खोलने का निर्णय बाद में लिया जाएगा।
झारखंड: ऑक्सीजन की कमी से नहीं हुई कोई मौत
झारखंड में ऑक्सीजन की कमी के कारण किसी भी कोरोना मरीज की मौत नहीं हुई। राज्य सरकार की ओर से यह जानकारी विधानसभा में दी गई है।
एक ही अस्पताल से लगवाएं स्पूतनिक वी की दोनों खुराक: डॉ. रेड्डीज
डॉ. रेड्डीज लैबोरेटरीज लिमिटेड ने रूस की वैक्सीन स्पूतनिक वी को लेकर एक बयान में कहा है कि देश में यह वैक्सीन 21 दिन के अंतराल में लगाई जा रही है। इसके साथ ही कंपनी ने कहा है कि इस वैक्सीन की दोनों खुराकें एक ही अस्पताल में लगवानी चाहिए।