भारतीय के कोरोनावायरस संक्रमण की चपेट में आने का पहला मामला सऊदी अरब में सामने आया है। केरल के कोट्यम में इत्तुमनूर गांव की रहने वाली यह महिला सऊदी अरब के एक अस्पताल में नर्स के तौर पर काम करती है।
दूसरी ओर केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने विदेश मंत्री एस जयशंकर को पत्र लिखकर केरल के नर्सों की उचित मदद के लिए जरूरी कदम उठाने की अपील की है। विदेश राज्यमंत्री वी मुरलीधरन ने बताया कि अबहा शहर में स्थित अल हयात नेशनल हॉस्पिटल में काम करने वाली 100 भारतीय नर्सों की जांच के बाद यह मामला सामने आया है।
अधिकतर नर्स केरल की हैं और सुरक्षित हैं। उन्होंने जेद्दाह में भारतीय वाणिज्यिक दूतावास से बात की है, जो अस्पताल और सऊदी विदेश मंत्रालय के संपर्क में हैं। संक्रमित नर्स को असीर नेशनल हॉस्पिटल में इलाज दिया जा रहा है और उनकी हालत में सुधार है।
उन्हें सभी तरह की सहायता देने के लिए कहा गया है। अनुमान है कि भारतीय नर्स को फिलीपींस की एक नर्स के इलाज के दौरान संक्रमण हुआ। उस नर्स में कोरोनावायरस संक्रमण की पुष्टि हुई थी।
चीन से आने वालों की होगी जांच
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने कहा कि कोरोनावायरस को लेकर नागरिक उड्डयन मंत्रालय, स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय और चीन में हमारे वाणिज्य दूतावास द्वारा एडवाइजरी जारी की गई है। चीन से आने वाले लोगों को स्क्रीनिंग प्रक्रिया (हवाई अड्डों पर) से गुजरना होगा।
उन्होंने कहा कि जहां तक चीन में रहने के दौरान अपने आप को बचाने की बात है, हमारे दूतावासों ने इसके लिए एक प्रयास किया है। लेकिन अगर आप भारत आते हैं तो आपको स्क्रीनिंग प्रक्रिया (जांच) से गुजरना होगा।
भारत आने वाले यात्रियों की जांच
विदेश से भारत आने वाले यात्रियों की हवाई अड्डों पर जांच की जा रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि देश में अभी कोरोनवायरस का कोई मामला सामने नहीं आया है। अब तक 60 उड़ानों में से 12,828 यात्रियों की स्क्रीनिंग (जांच) की गई है।
बता दें कि चीन में अभी तक इस वायरस की वजह से 17 लोगों की मौत हो चुकी है। वुहान शहर में अधिकारियों ने स्थानीय लोगों के यात्रा करने पर प्रतिबंध लगा दिया है। यह फैसला तेजी से फैल रहे खतरनाक कोरोनावायरस को रोकने के लिए लिया गया है।
वुहान शहर से ही कोरोनावायरस फैलना शुरू हुआ था। गुरुवार सुबह 10 बजे (स्थानीय समयानुसार) से शुरू हुए इस यात्रा प्रतिबंध के तहत शहरी बसें, सबवे, फेरी और लंबी दूरी के यातायात संसाधन संचालित नहीं होंगे।
इसके अलावा वुहान से जाने वाली उड़ानों और ट्रेनें भी रद्द कर दी गई हैं। अभी तक चीन के अलावा अमेरिका, दक्षिण कोरिया, जापान और थाईलैंड में इस वायरस के मामले सामने आ चुके हैं। इस खतरनाक वायरस की चपेट में आने की वजह से चीन में कम से कम 17 लोगों की मौत हो चुकी है वहीं पूरे चीन में 550 से भी ज्यादा लोग इससे संक्रमित हुए हैं।
इसके साथ ही शहर की नगरपालिका ने नोटिस जारी किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर सभी को मास्क पहनने चाहिएं। अमेरिका ने मंगलवार को देश में कोरोनावायरस का पहला मामला मिलने की घोषणा की थी। यह वायरस इंसान से इंसान में फैल सकता है। इससे पहले, चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने निमोनिया का कारण बनने वाले कोरोनावायरस के प्रसार को रोकने के लिए दृढ़ प्रयासों का आदेश दिया था।