केरल के पथानाममिट्टा जिले में कोरोना के पांच नए मामले सामने के बाद अब देश में कोरोना के कुल केस बढ़कर 39 हो गए हैं। इनमें से तीन लोगों के ठीक हो जाने के बाद संक्रमण से जूझ रहे लोगों की वास्तविक संख्या 36 है। इन पांचों लोगों को जिले के अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। इनमें से तीन लोगों में पति, पत्नी और उनका 24 साल का बेटा है। ये लोग हाल ही में इटली से लौटे थे। इन तीनों से फैले संक्रमण के कारण दो लोग और बीमार हो गए। इन पांचों मरीजों की हालत स्थिर बनी हुई है। हालांकि अतिरिक्त सतर्कता बरतते हुए परिवार के 90 से अधिक आयु वाले दो लोगों को कोट्टायम मेडिकल कॉलेज ले जाया जाएगा। बीते 24 घंटे में भारत में कोरोना वायरस के 8 नए मामले सामने आ चुके हैं। शनिवार को तीन मामले सामने आए थे। जिसके बाद ये संख्या बढ़कर 34 हो गई थी। केरल में ये मामले ऐसे समय में सामने आएं हैं जबकि राज्य में अट्टूूकल पोंगल त्योहार सोमवार को मनाया जाएगा। इस पर्व में विदेशियों सहित हजारों महिलाएं हिस्सा लेती हैं।
भारत में संक्रमित मरीजों की संख्या 39 हुई
भारत में अब कोरोनावायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या 39 हो गई है। इनमें से 23 भारतीय और 16 विदेशी नागरिक शामिल हैं। 23 भारतीयों में से केरल में मिले तीन को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है। इसके अलावा लद्दाख में दो, तमिलनाडु, तेलंगाना, जयपुर और गाजियाबाद में एक-एक, दिल्ली में तीन, आगरा में एक ही परिवार के छह मरीज और केरल में मिले पांच नए मरीज शामिल हैं।
लद्दाख के जिन दो बुजुर्गों में कोरोनावायरस की पुष्टि हुई है, वे ईरान से लौटे थे। तमिलनाडु में पॉजिटिव मिला शख्स ओमान से लौटा है। पंजाब के होशियारपुर निवासी पिता-पुक्ष और दिल्ली में पेटीएम कर्मचारी की पत्नी शुरुआती जांच में संक्रमित मिले हैं। सभी के सैंपल जांच के लिए पुणे भेजे गए हैं। वहीं, जम्मू में गंभीर लक्षण वाले दो मरीजों को आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। यूपी समेत कई राज्यों में बायोमेट्रिक हाजिरी पर रोक लगा दी गई है। जम्मू-कश्मीर में सभी प्राथमिक स्कूल बंद कर दिए गए हैं। इसी बीच पीएम नरेंद्र मोदी ने मंत्रियों और अधिकारियों के साथ बैठक कर आइसोलेशन के लिए सुविधा और सही स्थानों की पहचान करने का निर्देश दिया है।
दिल्ली में 337 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेज गए- केजरीवाल
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बताया कि दिल्ली में कोरोनावायरस के अब तक तीन पॉजिटिव और एक संदिग्ध मामले सामने आए हैं। उन्होंने बताया कि तीनों संक्रमित मरीजों के संपर्क में कई लोग आए थे, जिन्हें पृथक किया गया है। साथ ही जांच के लिए उनके ब्लड सैंपल लिए गए हैं। उन्होंने बताया कि पहला मरीज 105 लोगों के संपर्क में आया, दूसरा मरीज 168 लोगों के संपर्क में आया और तीसरा मरीज 64 लोगों के संपर्क में आया। यानि कुल 337 लोगों संक्रमित मरीजों के संपर्क में आने की वजह से पृथक (क्वारंटाइन) किया गया है और उनके ब्लड सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं।