कोरोना वायरस से निपटने के लिए लगाए गए चार चरणों के लॉकडाउन बाद अब देश को पटरी पर लाने के लिए लॉकडाउन को चरणबद्ध तरीके से खोलना शुरू कर दिया गया है। अनलॉक-1 के तहत कई तरह की छूट दी गई है, लेकिन कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार देश में अभी 97,581 मरीजों का इलाज चल रहा है और अब तक 95,526 संक्रमित लोग स्वस्थ हो चुके हैं और एक व्यक्ति देश से बाहर जा चुका है। मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि करीब 48.07 फीसदी मरीज स्वस्थ हुए हैं।
सोमवार सुबह से अब तक 204 लोगों की मौत हुई है जिनमें से सबसे ज्यादा 76 मौतें महाराष्ट्र में हुई। इसके बाद दिल्ली में 50, गुजरात में 25, तमिलनाडु में 11 लोगों की मौत हुई है।
पश्चिम बंगाल और मध्यप्रदेश में आठ-आठ लोगों की मौत हुई। इसके अलावा तेलंगाना में छह, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में चार-चार तथा बिहार और जम्मू-कश्मीर में तीन-तीन, आंध्र प्रदेश में दो और हरियाणा, कर्नाटक, केरल और उत्तराखंड में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई।
महाराष्ट्र में अब तक 2,362 लोगों की मौत हो चुकी है और यह राज्य मृतकों की सूची में शीर्ष पर है। इसके बाद गुजरात में 1,063, दिल्ली में 523, मध्यप्रदेश में 358 और पश्चिम बंगाल में 335 लोगों की मौत हुई।
उत्तर प्रदेश में अब तक 217 लोगों की मौत हुई है। राजस्थान में 198, तमिलनाडु में 184, तेलंगाना में 88, आंध्र प्रदेश में 64, कर्नाटक में 52, पंजाब में 45, जम्मू-कश्मीर में 31 और बिहार में 24 लोगों की मौत हुई है।