देश में कोरोना के मामलों में लगातार बढ़ोतरी का सिलसिला जारी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक कोरोना संक्रमितों की संख्या की संख्या 30 लाख के करीब पहुंच गई है जबकि मौत का आंकड़ा 54 हजार को पार कर गया है।
गुरुवार को एक ही दिन में 68,898 नए मामले सामने आने के साथ ही संक्रमितों की संख्या 29,05,823 हो गई है। वहीं, 983 मौत के साथ 54,849 लोगों को इस महामारी से अपनी जान गंवानी पड़ी है। कोरोना से होने वाली मृत्यु दर गिरकर 1.89 फीसदी हो गई है। मरीजों के ठीक होने की दर बढ़कर 74.30 प्रतिशत पहुंच गई।
मंत्रालय के मुताबिक देश में अभी 6,92,028 मरीजों का कोविड-19 से संक्रमित लोगों का इलाज जारी है, जो अब तक आए कुल मामलों का 23.82 प्रतिशत है। देश में सात अगस्त को कोरोना के मामले 20 लाख के पार पहुंचे थे। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के अनुसार देश में 20 अगस्त तक कुल 3,34,67,237 नमूनों की कोविड-19 के लिए जांच की गई, जिनमें से 8,05,985 नमूनों की जांच बृहस्पतविार को ही की गई।
सबसे ज्यादा मौत महाराष्ट्र में
बृहस्पतिवार को कोविड-19 संक्रमण से हुई कुल 983 मौत में सबसे ज्यादा मौत महाराष्ट्र में हुई। यहां 326 लोगों की जान इस महामारी से हुई। वहीं 116 मौत के साथ तमिलनाडु दूसरे, 102 के साथ कर्नाटक तीसरे और 95-95 मौतों के साथ आंध्र प्रदेश और उत्तर प्रदेश हैं। इसके अलावा पश्चिम बंगाल में 53, पंजाब में 36, दिल्ली में 22, गुजरात में 16, मध्य प्रदेश में 12, हरियाणा व राजस्थान में 11-11, उत्तराखंड, झारखंड और केरल में नौ-नौ, असम, ओडिशा, तेलंगाना व पुडुचेरी में 8-8 छत्तीसगढ़ में सात जम्मू-कश्मीर में 6, बिहार में पांच, हिमाचल प्रदेश, त्रिपुरा में चार-चार, गोवा में दो और और अंडमान-निकोबार में एक व्यक्ति की जान गई।
अन्य राज्यों में मौतों का आंकड़ा
मंत्रालय ने बताया कि अब तक देश में कोविड-19 से हुई कुल 54,849 मौतों में सबसे अधिक महराष्ट्र में 21,359 लोगों की जान गई है। इसके अलावा तमिलनाडु में 6,239, कर्नाटक में 4,429, दिल्ली में 4,257, आंध्र प्रदेश में 3,001, गुजरात में 2,853, उत्तर प्रदेश में 2,733, पश्चिम बंगाल में 2,634 और मध्य प्रदेश में 1,171 लोगों की मौत कोरोना वायरस के संक्रमण की वजह से हुई है। पंजाब में 957, राजस्थान में 921, तेलंगाना में 737, जम्मू-कश्मीर व हरियाणा में 578- 578, बिहार में 492, ओडिशा में 380, झारखंड में 286, असम में 221, केरल में 191 और उत्तराखंड में 187 लोगों की जान कोरोना वायरस के संक्रमण की वजह से गई।
छत्तीसगढ़ में 168, पुडुचेरी में 137, गोवा में 126, त्रिपुरा में 69, चंडीगढ़ व अंडमान-निकोबार में 31-31, हिमाचल प्रदेश में 23, मणिपुर व लद्दाख में 18-18, नगालैंड में आठ, मेघालय में छह, अरुणाचल प्रदेश में पांच, सिक्किम में तीन, दादर एवं नगर हवेली एवं दमन-दीव में दो मरीजों की मौत कोविड-19 की वजह से हुई है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि संक्रमण के कारण मरने वाले 70 प्रतिशत से अधिक लोगों को पहले से भी कोई बीमारी थी।