फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Coronavirus in India: देशभर में संक्रमण के कुल मामले हुए 26917, 826 लोगों की मौत

Sun, 26 Apr 2020 11:22 PM IST
Rajeev Rai न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

देशभर में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 1975 नए मामले सामने आए हैं और 47 लोगों की मौत हो गई है। इसके बाद देशभर में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 26,917 हो गई है, जिसमें 20,177 सक्रिय हैं, 5,914 लोग स्वस्थ हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और 826 लोगों की मौत हो चुकी है। यहां पढ़ें देश में कोरोना वायरस से संबंधित सभी अपडेट्स...
विज्ञापन
कोरोना लॉकडाउन की वजह से अक्षय तृतीया पर बंद रहीं आभूषण की दुकानें - फोटो : ANI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

10:39 PM, 26-Apr-2020

दिल्ली: 293 नए मामले रिपोर्ट हुए
दिल्ली सरकार की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक रविवार को प्रदेश में 293 नए मामले रिपोर्ट किए गए हैं। प्रदेश में कोरोन के मामलों की कुल संख्या 2918 हो गई है। वहीं अब तक 54 लोगों की मौत हुई है।

10:23 PM, 26-Apr-2020

आंध्रप्रदेश: सांसद के परिवार के छह सदस्य कोरोना पॉजिटिव
आंध्रप्रदेश में कुरनूल के सांसद डॉ. संजीव कुमार ने जानकारी दी है कि उनके परिवार के छह सदस्य कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए हैं। इन सभी की टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। 

केरल: मुख्यमंत्री विदेश में रह रहे लोगों के साथ की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग
केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने रविवार को विदेश में रह रहे केरलवासियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए चर्चा की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्वदेश वापसी की इच्छा रखने वालों के लिए सरकार की ओर से उठाए जा रहे कदमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विदेश में रह रहे लोगों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की व्यवस्था की जा रही है। जो लोग वापस आना चाहते हैं हवाई अड्डों पर उनकी स्क्रीनिंग की जाएगी साथ ही 14 दिन के लिए उन्हें क्वारंटीन किया जाएगा। उन्हें आइसोलेशन वार्ड में रखा जाएगा और तब तक घर जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इस मामले को केंद्र सरकार समक्ष उठाया गया है, उचित प्रतिक्रिया प्राप्त होने पर आगे के कदम उठाए जाएंगे।

पंजाब में संक्रमितों की संख्या बढ़ी
पंजाब में रविवार को कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 322 हो गई है, इनमें से 86 लोग ठीक हुए हैं। वहीं 18 लोगों की मौत हुई है।
 

09:54 PM, 26-Apr-2020

राजस्थान: 102 नए मरीज मिले, 7 की मौत
राजस्थान के स्वास्थ्य विभाग ने जानकारी दी है कि रविवार को प्रदेश में 102 नए मामले सामने आए हैं, जबकि 7 लोगों की मौत हुई है। प्रदेश में कुल मामलों की संख्या 2185 हो गई है और अब तक कुल 41 लोगों की मौत हुई  है। वहीं 629 मरीजों को ठीक होने के बाद अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई है।

दिल्ली: कोटला मुबारकपुर और मजलिस पार्क में कंटेनमेंट जोन
दिल्ली में कोटला मुबारकपुर के कुम्हार गली और चौपाल चौक और मजलिस पार्क की गली संख्या 3,4,5 को कंटेनमेंट जोन के तौर पर चिह्नित किया गया है। दिल्ली सरकार की ओर से यह जानकारी दी गई है। दिल्ली में कंटेंमेंट जोन की संख्या 97 हो गई है।

दिल्ली एम्स में नर्सिंग स्टाफ को हुआ कोरोना
दिल्ली एम्स के एक अधिकारी ने बताया कि इंस्टीट्यूट रोटरी कैंसर अस्पताल में प्रतिनियुक्त पर आए एक नर्सिंग स्टाफ को कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। कर्मचारी के दो बच्चों को भी संक्रमण हुआ है। हालांकि, उनके पति का परीक्षण नकारात्मक है। इससे पहले नर्सिंग स्टाफ के 3 अधिकारी कोरोना पॉजिटिव मिले थे। चारों को एम्स के प्राइवेट वार्ड में भर्ती कराया गया है। 

ओएसडी कार्यालय में तैनात सुरक्षा कर्मी भी कोरोना पॉजिटिव
दिल्ली एम्स में ओएसडी कार्यालय में तैनात एक सुरक्षा कर्मी भी कोरोना पॉजिटिव मिला है। प्रशासन की टीम उसके संपर्क में आए लोगों का पता लगा रही है।


 

विज्ञापन
09:14 PM, 26-Apr-2020

चंडीगढ़: 11 महीने की बच्ची और उसकी मां घर लौटीं
चंडीगढ़ में कोरोना संक्रमित 11 महीने की एक बच्ची और उसकी मां को इलाज के बाद ठीक होने पर घर भेज दिया गया। दोनों पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च में भर्ती थीं।

मुंबई में 13 लोगों की मौत
मुंबई में रविवार को कोरोना के 324 नए मामले सामने आए हैं और 13 मौतें हुई हैं। प्रदेश में कुल मामलों की संख्या 5194 हो गई है। मौतों की संख्या 204 हो गई है। वहीं 135 मरीज ठीक हुए हैं। प्रदेश में अब तक कुल 897 मरीज ठीक हुए हैं।

383 उड़ानें संचालित की गईं
नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने बताया कि एयर इंडिया, एलायंस एयर, आईएएफ और निजी मालवाहक द्वारा लाइफलाइन उड़ान के तहत 383 उड़ानें संचालित की गई हैं। इनमें से 223 उड़ानें एयर इंडिया और एलायंस एयर द्वारा संचालित की गई हैं। इनके जरिए अब तक 684.08 टन साम्री की आपूर्ति की गई है। मंत्रालय के अनुसार, कोरोना के खिलाफ भारत के दूरदराज के इलाकों में लाइफलाइन उड़ान के तहत जरूरी चिकित्सा सामग्री की कार्गो फ्लाइट के जरिए आपूर्ति की जा रही है।

तेलंगाना में 11 नए मामले
तेलंगाना में रविवार को 11 नए मामले दर्ज किए गए। प्रदेश में कुल मामलों की संख्या 660 हो गई है।

08:34 PM, 26-Apr-2020

मुंबई: धारावी में 34 नए मामले
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के धारावी में रविवार को कोरोना के 34 नए मामले सामने आए। धारावी में सामने आए मामलों की कुल संख्या 275 हो गई है, जबकि यहां 14 लोगों की मौत हुई है। वहीं धारावी, महिम और दादर के पास मौजूद हॉटस्टपॉट वाले इलाकों में दूसरे दिन भी कोई नया मामला सामने नहीं आया है।
 
झारखंड: 9 नए मामले मिले
झारखंड के स्वास्थ्य सचिव नितिन मदन कुलकर्णी ने बताया कि रविवार को राज्य में कोरोना के 9 पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। सदर अस्पताल के 4 कर्मचारियों के अलावा हिंदपीरी में 3 और गढ़वा में 2 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इस तरह प्रदेश में कुल मामलों की संख्या 82 हो गई है।

ओडिशा: पटनायक बोले- लोगों को वापस भेजने की व्यवस्था करें
ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बात की। इस दौरान उन्होंने महाराष्ट्र में काम कर रहे ओडिशा के लोगों की वापस उनके गृह राज्य भेजने की उचित व्यवस्था करने का अनुरोध किया। इस दौरान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में दिल्ली से केंद्री मंत्री धर्मेंद्र प्रधान भी जुड़े और चर्चा की।

विज्ञापन
08:14 PM, 26-Apr-2020

राजस्थान: बाल काटते पुलिस कर्मी का वीडियो वायरल

राजस्थान में बाल काटते हुए पुलिस कर्मी का वीडियो वायरल हो रहा है। दरअसल, वायरल वीडियो जोधपुर के नागौरी गेट इलाके का है। इसमें एक पुलिसकर्मी अपने सहकर्मी को ड्यूटी पर बाल काटता दिख रहा है। नागोरी गेट एसएचओ जब्बार सिंह ने बताया कि पुलिस कर्मियों को विभिन्न प्रकार की समस्याओं का सामना करना पड़ता है, लेकिन हर समस्या का समाधान है।

गुजरात: 24 घंटे में 230 नए मामले मिले
गुजरात के स्वास्थ्य विभाग ने जानकारी दी कि प्रदेश में रविवार को कोरोना के 230 नए मामले सामने आए हैं और 18 लोगों की मौत हुई है। प्रदेश में अब तक कुल 155 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं संक्रमण के मामलों की संख्या बढ़कर 3301 हो गई है। प्रदेश में 313 लोग ठीक भी हुए हैं।

हरियाणा में कोरोना के 296 मामले
हरियाणा में भी रविवार को कोरोना के अभी तक कुल 296 मामले हैं, इनमें से 94 सक्रिय हैं, 3 लोग की मौत हो चुकी है। प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि राज्य में कोरोना के मामले हर 18 दिन में दोगुने हो रहे हैं।

07:46 PM, 26-Apr-2020

महाराष्ट्र में 440 नए मामले

महाराष्ट्र में स्वास्थ्य विभाग ने रविवार को बताया कि अभी तक राज्य में 440 नए पॉजिटिव मामले सामने आए हैं, जबकि 19 लोगों की मौत हुई है। प्रदेश में कोरोना के कुल मामलों की संख्या 8086 हो गई है टज्ञेश्र मरने वालों की संख्या 342 हो गई है। 112 मरीज आज ठीक हुए हैं, जिन्हें छुट्टी दे दी गई, जबकि प्रदेश में अब तक कुल 1188 मरीज ठीक हुए हैं।

पश्चिम बंगाल: केंद्र की अंतर मंत्रालयी समिति ने किया दौरा
पश्चिम बंगाल में केंद्र की अंतर मंत्रालयी समिति ने आज सिलीगुड़ी के प्रमुख बाजारों में लॉकडाउन के नियमों का पालन की समीक्षा के लिए चाय बागानों आदि स्थानों का दौरा किया। दार्जिलिंग-जलपाईगुड़ी के लिए समिति के प्रमुख विनीत जोशी ने इस दौरान कहा कि हम अभी भी राज्य सरकार से सहयोग करने का अनुरोध कर रहे हैं, लेकिन अभी तक ऐसा सहयोग नहीं मिल रहा है। हम दोबारा अनुरोध करेंगे। लोगों को और अधिक गंभीर होने की जरूरत है। सभी मास्क नहीं पहन रहे हैं। यहां बहुत सावधानी से काम करना होगा।

पंजाब: 313 हुई संक्रमितों की संख्या
पंजाब में रविवार को कोरोना के मामलों की संख्या 313 हो गई। इनमें 84 लोग ठीक हुए हैं और 18 लोगों की मौत हुई है। वहीं एसएएस नगर में 69, जालंधर में 69 और पटियाला में 61 मामले सामने आए हैं। विभाग के मुताबिक आज राज्या में 5 नए मामले सामने आए हैं। इनमें से 3 मामले जालंधर में, 1 शहीद भगत सिंह नगर और 1 मामला लुधियाना में सामने आया है।

07:13 PM, 26-Apr-2020

मप्र में कुल 2090 मामले, शिवराज सिंह ने वापस आए मजदूरों से की बात

मध्यप्रदेश में अभी तक कोरोना वायरस के कुल 2090 मामले सामने आए हैं, जिनमें से 103 लोगों की मौत हो चुकी है। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि इंदौर में 1176 मामले सामने आए हैं और 57 लोगों की मौत हुई है वहीं भोपाल में 415 मामले मिले हैं और नौ लोगों की मौत हो गई। 
 

वहीं, राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राज्य के प्रवासी मजदूरों से वीडियो कॉन्फ्रेंस की सहायता से बात की। ये मजदूर लॉकडाउन के चलते देश के विभिन्न राज्यों में फंसे हुए थे। अब ये मजदूर वापस मध्यप्रदेश आ गए हैं। 
 
 

07:01 PM, 26-Apr-2020

बिहार में 15 नए मामले सामने आए, कुल संख्या 274

बिहार के प्रमुख सचिव (स्वास्थ्य) संजय कुमार ने बताया कि 15 नए मामलों के साथ राज्य में कोरोना वायरस के कुल मामले 274 हो गए हैं। 
 

06:58 PM, 26-Apr-2020

कोटा से पंजाब रवाना हुए 150 छात्र : अमरिंदर सिंह

पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि राजस्थान के कोटा में फंसे पंजाब के 150 छात्र सात बसों से वापस आ रहे हैं। ये छात्र सोमवार सुबह पंजाब पहुंच जाएंगे। उन्होंने कहा इसके अलावा 60 सरकारी बसों को जैसलमेर भेजा जा रहा है जो वहां के राहत शिविरों में फंसे 2700 पंजाबियों को  वापस लेकर आएंगी। 
 
 

06:53 PM, 26-Apr-2020

चंडीगढ़ में छह नए मामले

चंडीगढ़ में आज कोरोना वायरस के छह नए मामले सामने आए हैं, जिसके बाद यहां इस जानलेवा महामारी के कुल मामलों की संख्या 36 हो गई है। 
 

 

06:51 PM, 26-Apr-2020

मुंबई : कोरोना से मरने वाले दो पुलिसकर्मियों के परिवारों को 50 लाख की मदद

महाराष्ट्र में कोरोना वायरस से मरने वालो दो पुलिस कर्मियों के परिवारों को राज्य सरकार ने 50-50 लाख रुपये देने का फैसला किया है। राज्य के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने कहा कि यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि कोरोना के खिलाफ लड़ाई में मुंबई पुलिस के दो कर्मियों ने अपनी जान गंवा दी। दोनों के परिवार को 50-50 लाख रुपये दिए जाएंगे और दोनों परिवारों के एक-एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाएगी। हम उनकी हर संभव सहायता करेंगे। 
 
 

06:47 PM, 26-Apr-2020

पश्चिम बंगाल में कोरोना के मामले हुए 461, अब तक 20 की मौत

पश्चिम बंगाल के स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि राज्य में कोरोना वायरस के मामलों की संख्या 461 हो गई है। राज्य में कोरोना से अबतक 20 लोगों की मौत हो चुकी है।
 
 

06:41 PM, 26-Apr-2020

केरल की ग्राम पंचायत में छाता लेकर निकलने का आदेश

केरल के मंत्री थॉमस इसाक ने कहा कि सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करवाने के लिए अलप्पुझा में थन्नीरमुक्कोम ग्राम पंचायत ने सभी को निर्देश किया है कि वह जब भी बाहर निकलें तो छाता लेकर निकलें। दो खुले छाते जो एक-दूसरे को छू न रहे हों तो उनके बीच कम से कम एक मीटर की दूरी रहती है। इसके लिए कम दाम पर छाते वितरित किए गए हैं।
 
 

06:24 PM, 26-Apr-2020

तमिलनाडु में आज 64 नए मामले, एक की मौत

तमिलनाडु में आज 64 नए मामले सामने साए हैं और एक व्यक्ति की मौत हुई है। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि कोरोना वायरस के कुल मामलों की संख्या 1,885 हो गई है वहीं, राज्य में इस वायरस से अब तक 24 लोगों की मौत हो चुकी है। राज्य में अभी 838 सक्रिय मामले हैं। 
 
 

06:24 PM, 26-Apr-2020

शिमला के ग्रामीण इलाकों में दुकानें खुलने को अनुमति

हिमाचल प्रदेश की ग्रीष्मकालीन राजधानी शिमला के जिला प्रशासन ने लॉकडाउन के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में दुकानों को खोलने की अनुमति दे दी है। हालांकि, शॉपिंग मॉल और शराब के ठेके नहीं खुलेंगे। दुकानों के खुलने का समय सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक रहेगा। इसके साथ ही दुकानों पर फेस मास्क पहनना और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना अनिवार्य होगा। यह फैसला सोमवार से लागू होगा।

06:07 PM, 26-Apr-2020

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के मुताबिक पिछले 24 घंटे में देश में कोरोना वायरस के 1975 नए मामले सामने आए हैं, जिसके बाद कुल मरीजों की संख्या 26,917 हो गई है। इसमें 20,177 मामले सक्रिय हैं और 5914 लोग ठीक हो चुके हैं या उन्हें घर भेज दिया गया है। मंत्रालय ने बताया कि पिछले 24 घंटे में देश में कोरोना वायरस के चलते 47 लोगों की मौत हुई है, इसके साथ देश में अब तक कुल मौतों का आंकड़ा 826 हो गया है। 
 
 

05:49 PM, 26-Apr-2020

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत ने लॉकडाउन को लेकर कहा, 'जब लोगों को कुछ नियमों और निर्देशों के तहत बांध दिया गया तो उन्हें लगा कि उन्हें कुछ भी करने से रोका जा रहा है। आरएसएस ने मार्च में खुद एक फैसला लिया था और जून अंत तक के अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए थे। लेकिन, कुछ लोगों को लगता है कि सरकार हमारे कार्यक्रम रोक रही है।'

उन्होंने कहा , ऐसे लोगों की कोई कमी नहीं है जो दूसरों को उकसाते हैं। यह क्रोध को जन्म देता है। क्रोध से अविवेक पैदा होता है जो यह चरमपंथी कृत्यों का कारण बनता है। हम जानते हैं कि ऐसे लोग हैं जिन्हें इससे फायदा पहुंचेगा और वह इसका लाभ उठाने का प्रयास कर रहे हैं।
 
 

05:43 PM, 26-Apr-2020

बिहार में चार नए मामले, कुल संख्या हुई 259

बिहार के प्रमुख सचिव (स्वास्थ्य) संजय कुमार ने बताया कि चार और लोगों की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद राज्य में कोरोना के कुल मामलों की संख्या 259 हो गई है।
 
 

05:40 PM, 26-Apr-2020

कर्नाटक : तीन नए मामलों के साथ कुल संख्या हुई 503

कर्नाटक सरकार ने बताया कि 25 अप्रैल की शाम पांच बजे से 26 अप्रैल शाम पांच बजे तकर कुल तीन नए मामले सामने आए हैं। राज्य में कोरोना के कुल मामलों की संख्या 503 हो गई है। सरकार ने बताया कि राज्य में कोरोना के 182 मरीज ठीक हो चुके हैं और इस वायरस की वजह से 19 लोगों की मौत हुई है। 
 

 

05:37 PM, 26-Apr-2020

चंडीगढ़ में कुल मामले हुए 30, ठीक हुए 17

चंडीगढ़ प्रशासन ने बताया कि यहां कोरोना वायरस के कुल 30 मामले हो गए हैं, जिनमें से 17 ठीक हो चुके हैं। जानकारी के मुताबिक यहां अभी कर 756 सैंपल की जांच की गई है।
 
 

05:24 PM, 26-Apr-2020

जम्मू-कश्मीर : 24 घंटे में 29 नए पॉजिटिव मामले

केंद्रशासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 29 नए पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। राज्य के सूचना एवं जनसंचार विभाग ने बताया कि सभी 29 मामले कश्मीर के हैं। इसके साथ ही यहां कोरोना के कुल मामले 523 हो गए हैं, जिनमें 466 कश्मीर घाटी के और 57 जम्मू के हैं। 
 

 

05:15 PM, 26-Apr-2020

हरियाणा : छोटे घरेलू उद्योगों को संचालन की अनुमति की जरूरत नहीं 

हरियाणा सरकार ने कहा है कि नगर निगम, नगर पालिकाओं और ग्रामीण क्षेत्रों की सीमा के भीतर अधिकतम 10 श्रमिकों को रोजगार देने वाले ऐसे छोटे आवासीय औद्योगिक निर्माण स्थलों के संचालन के लिए कोई अनुमति की आवश्यकता नहीं है, जहां श्रमिक कार्य स्थल पर उपलब्ध हैं और श्रमिकों को बाहर से लाने की आवश्यकता नहीं है।
 
 

05:04 PM, 26-Apr-2020

मुंबई में कोरोना संक्रमित 31 पत्रकार ठीक हुए

मुंबई में कोरोना वायरस से संक्रमित हुए 31 पत्रकारों की दूसरी जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है, जिसके बाद सभी को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। सभी को 14 दिन के लिए अपने घर में ही क्वारंटीन में रहने को कहा गया है।
 
 

05:00 PM, 26-Apr-2020

बांग्लादेश को भेजी मदद की दूसरी खेप

बांग्लादेश के लिए भारत की उच्चायुक्त रीवा गांगुली दास ने आज चिकित्सा उपकरणों की दूसरी खेप बांग्लादेश के लिए रवाना की। बांग्लादेश में भारत के उच्चायोग के मुताबिक इसमें 50 हजार सर्जिकल ग्लव्स (दस्ताने) और एक लाख हाइड्रोक्सीक्लोरोक्वीन टेबलेट शामिल हैं। 
 
 

04:54 PM, 26-Apr-2020

उत्तराखंड : लॉकडाउन का उल्लंघन करने में 10 हजार से ज्यादा गिरफ्तार

उत्तराखंड पुलिस ने जानकारी दी है कि राज्य में लॉकडाउन का उल्लंघन करने में अभी तक 2,189 मामले लिखे गए हैं और 10,062 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इसके साथ ही 5,296 वाहन सीज किए गए हैं।
 
 

04:50 PM, 26-Apr-2020

राजस्थान : रोज लिए जा रहे चार से पांच हजार सैंपल

राजस्थान के स्वास्थ्य विभाग के रघु शर्मा ने कहा, '14 अप्रैल के बाद से हमने संक्रमण के फैलाव में काबू पाया इसलिए आज सुबह नौ बजे तक प्राप्त रिपोर्ट के हिसाब से हम 2141 मामलों तक कोरोना को रोक पाए हैं। हर रोज 4000 से 5000 औसतन सैंपल विभाग और सरकार द्वारा लिए जा रहे हैं।'
 
 

04:35 PM, 26-Apr-2020

तमिलनाडु : अंतिम संस्कार में बाधा पहुंचाने पर तीन साल की सजा

तमिलनाडु सरकार ने आदेश जारी किया है कि राज्य में महामारी से मरने वाले लोगों के अंतिम संस्कार में बाधा पहुंचाने पर तीन साल की सजा का प्रावधान कर दिया गया है। राज्य सरकार ने एक अध्यादेश में इसकी जानकारी दी।

बता दें कि हाल ही में कोरोना वायरस की वजह से मरने वाले दो डॉक्टरों के अंतिम संस्कार के दौरान बवाल हुआ था और एक प्रदर्शन को हिंसात्मक हो गया था, जिसमें स्वास्थ्य कर्मियों पर भी हमला किया गया था। 

अध्यादेश के मुताबिक, अधिसूचित बीमारी से मरने वाले लोगों के अंतिम संस्कार में बाधा पहुंचाना अपराध के तहत कर दिया गया है। ऐसा करने वाले लोगों को कम से कम एक साल और अधिकतम तीन साल की सजा हो सकती है।

04:27 PM, 26-Apr-2020

बिहार में चार नए मामले, कुल संख्या हुई 255

बिहार के प्रमुख सचिव (स्वास्थ्य) संजय कुमार ने बताया कि आज राज्य में कोरोना वायरस के चार नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही राज्य में कोरोना के कुल मामलों की संख्या 255 हो गई है। 
 
 

04:24 PM, 26-Apr-2020

झारखंड : रांची में सामने आए छह नए पॉजिटिव मामले

झारखंड की राजधानी रांची में कोरोना वायरस के छह नए मामले सामने आए हैं। इनमें से एक सदर अस्पताल का एक कर्मचारी है दो लोवाडीह के हैं और तीन हिंडपुरी के मामले हैं। राज्य के स्वास्थ्य सचिव नितिन मदान कुलकर्णी ने बताया कि राज्य में अब कोरोना वायरस के कुल मरीजों की संख्या 73 हो गई है।
 
 

04:14 PM, 26-Apr-2020

वहीं, राज्य के प्रमुख सचिव (स्वास्थ्य) अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि यूपी में अभी तक कोरोना वायरस के 1843 पॉजिटिव मामले सामने आ चुके हैं, इनमें से 289 ठीक हो चुके हैं। राज्य में कोरोना की वजह से अब तक 29 लोगों की मौत हुई है।
 

उत्तर प्रदेश के अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) अवनीश कुमार अवस्थी ने बताया कि राज्य में अभी तक हॉटस्पॉट चिह्नित किए गए स्थानों की संख्या 402 हो गई है। राज्य में अभी तक लॉकडाउन के नियमों का उल्लंघन करने पर 31 हजार वाहन सीज किए जा चुके हैं।
 
 

04:07 PM, 26-Apr-2020

बिहार : राबड़ी-तेज प्रताप ने किया यज्ञ, छात्रों व मजदूरों को वापस लाने की अपील

बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और उनके बेटे व 'लालू राबड़ी मोर्चा' के नेता तेज प्रताप यादव ने 'सद्बुद्धि महायज्ञ' का आयोजन करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से दूसरे राज्यों में फंसे बिहार के छात्रों और मजदूरों को वापस लाने की अपील की।
 
 

03:48 PM, 26-Apr-2020

जहांगीरपुरी : जगजीवन राम अस्पताल के 44 कर्मी पॉजिटिव

दिल्ली स्वास्थ्य विभाग ने जानकारी दी है कि राजधानी के जहांगीरपुरी इलाके में स्थित बाबू जगजीवन राम अस्पताल में स्टाफ के 44 सदस्य कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं। बाकी स्टाफ की जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। अस्पताल की चिकित्सा सेवाएं फिलहाल रोक दी गई हैं और अस्पताल को सैनिटाइज किया जा रहा है। 
 
 

03:42 PM, 26-Apr-2020

आंध्र प्रदेश : 24 घंटे में 81 नए मामले

आंध्र प्रदेश में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 81 नए मामले सामने आए हैं। राज्य कमांड कंट्रोल रूम ने बताया कि राज्य में कोरोना संक्रमण के कुल मामलों की संख्या 1097 हो गई है। कोरोना के चलते राज्य में 31 की मौत हो चुकी है और 231 लोग ठीक हो चुके हैं। राज्य में अभी सक्रिय मामलों की संख्या 835 है। 
 
 

03:39 PM, 26-Apr-2020

असम : अंतरजिला यात्रा 30 अप्रैल तक

असम के स्वास्थ्य मंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि राज्य सकार ने जिले अंदर की यात्रा की छूट को तीन दिन की राहत देते हुए अब इसे 30 अप्रैल तक कर दिया है। बिस्वा ने मकानमालिकों और निजी हॉस्टल मालिकों से अपील की है कि छात्रों और निजी कंपनियों में काम करने वाले लोगों को, जिनकी तय आय नहीं है, ऐसे लोगों को किराये में छूट दें और मानवता का परिचय दें।   
 
 

03:27 PM, 26-Apr-2020

राजस्थान में 69 नए मामले, संक्रमितों की संख्या 2152 हुई

राजस्थान स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, राज्य में आज दोपहर दो बजे तक 69 मामले दर्ज किए गए हैं और दो लोगों की मौत हुई है। इसके बाद राज्य में संक्रमित मरीजों की कुल संख्या 2152 हो गई है। जिसमें से 36 लोगों की मौत हो चुकी है और 518 लोग ठीक हो चुके हैं।

03:21 PM, 26-Apr-2020

पीएम कोई व्यापक और समग्र रणनीति सुझाएंगे- मनीष तिवारी

कांग्रेस नेता मनीष तिवारी ने कहा कि हम आशा करते हैं कि मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक में प्रधानमंत्री लॉकडाउन से निपटने के लिए कोई व्यापक और समग्र रणनीति सुझाएंगे। अभी तक आपदाओं से निपटने की कोई राष्ट्रीय योजना नहीं है, ऐसे में लॉकडाउन के बाद की परिस्थितियों से निपटने के लिए राज्य योजनाएं कैसे बना सकते हैं? 

तिवारी ने कहा कि कांग्रेस, सरकार से सवाल करती है कि एक लाख जांच प्रति दिन की क्षमता होने के बावजूद क्या जानबूझकर औचक जांच की संख्या 39,000 तक सीमित कर दी गई है ?

03:12 PM, 26-Apr-2020

कोरोना परीक्षण बढ़ाने की बाधाओं को दूर करें पीएम: राहुल

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से देश में कोरोना वायरस के संक्रमण पर नियंत्रण के लिए इसके परीक्षण को बढ़ाने में आ रही बाधाओं को दूर करने के लिये तेज गति से काम करने का अनुरोध किया है। राहुल ने रविवार को इस बारे में विशेषज्ञों की राय का हवाला देते हुए ट्वीट कर कहा कि इस वायरस से निपटने के लिए इसके संक्रमण की जांच का दायरा बढ़ाना ही कारगर विकल्प है। भारत को अभी एक लाख लोगों में से 40 हजार का परीक्षण कराने के स्तर को बढ़ाना होगा।

उन्होंने कहा कि विशेषज्ञों के मुताबिक व्यापक पैमाने पर परीक्षण करना कोरोना वायरस से निपटने का कारगर तरीका है। गांधी ने कहा कि भारत में परीक्षण किट की उपलब्ध्ता के बावजूद कुछ बाधाएं परीक्षण के दायरे को व्यापक बनाने में आड़े आ रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को इस दिशा में त्वरित कार्रवाई करने की जरूरत है। 

02:49 PM, 26-Apr-2020

आईआईटी खड़गपुर ने विदेशी छात्रों तक पहुंचने के लिए ऑनलाइन मंच बनाया

भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) खड़गपुर ने संस्थान में फंसे विदेशी छात्रों की मदद के लिए ऑनलाइन फोरम तैयार किया है जहां वे राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन के दौरान आ रही समस्याओं को साझा कर सकें। संस्थान के एक प्रवक्ता ने रविवार को बताया कि अंतरराष्ट्रीय संबंध कार्यालय (ओआईआर) विदेशी छात्रों तक संपर्क बना रहे हैं और फोरम पर अकादमिक सूचना भी साझा कर रहे हैं।

02:15 PM, 26-Apr-2020

दिल्ली में भी बंद रहीं आभूषण की दुकानें

दिल्ली के करोल बाग में आभूषणों की दुकानें बंद रहीं और बाजारों में कोरोना लॉकडाउन की वजह से सन्नाटा पसरा दिखा। 
 

02:09 PM, 26-Apr-2020

जम्मू-कश्मीर के 376 छात्रों को कल कोटा से लाया जाएगा

जम्मू और कश्मीर के मुख्य योजना सचिव रोहित कंसल ने बताया कि कोटा से जम्मू-कश्मीर के 376 छात्रों को कल वापस लाया जाएगा। सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया है। सभी से अपील करते हैं कि  कृपया धैर्य बनाए रखें। सरकार सभी की सुविधा के लिए कड़ी मेहनत कर रही है।
 

02:08 PM, 26-Apr-2020

हर्षवर्धन ने दिल्ली एम्स के ट्रॉमा सेंटर का निरीक्षण किया

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने आज दिल्ली एम्स के ट्रॉमा सेंटर का निरीक्षण किया। इसे कोविड-19 अस्पताल में तब्दील कर दिया गया है।

02:02 PM, 26-Apr-2020

उद्धव ठाकरे ने प्रवासी मजदूरों को दिया आश्वासन

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा कि आज अक्षय तृतीया है, लेकिन कोई उत्सव नहीं मना रहा है, मैं इसके लिए आभारी हूं। मैं अपील करना चाहता हूं कि रमजान का पवित्र महीन चल रहा है लेकिन नमाज अदा करने के लिए बाहर न जाएं। हर कोई पूछ रहा है कि भगवान कहां हैं। भगवान हर किसी में हैं जो इन कठिन समय में हमारी सेवा कर रहे हैं -पुलिस, डॉक्टर, सफाई कर्मचारी और अन्य।

उन्होंने कहा कि मैं प्रवासी मजदूरों को आश्वासन देता हूं कि मैं केंद्र से बात कर रहा हूं और जो कुछ हो सकेगा करेंगे। एक बात स्पष्ट है कि ट्रेनें अभी नहीं चलने वाली हैं, क्योंकि हम भीड़ बढ़ाना नहीं चाहते हैं। वरना लॉकडाउन और बढ़ाना पड़ जाएगा।

उन्होंने कहा कि दुखद है कि हमारे दो पुलिसकर्मियों की जान चली गई। मैं उन्हें श्रद्धांजलि देता हूं। सरकार की नीति के अनुसार उनके परिवारों की मदद की जाएगी।

01:53 PM, 26-Apr-2020
Gangotri temple - फोटो : ANI

उत्तरकाशी में आज खुला गंगोत्री मंदिर

उत्तराखंड के उत्तरकाशी में गंगोत्री मंदिर का पट आज दोपहर 12.35 बजे खोल दिया गया है। हालांकि, कोरोना महामारी की वजह से यहां कोई भी श्रद्धालु नहीं पहुंचा।

01:50 PM, 26-Apr-2020

ममता सरकार के खिलाफ भाजपा का प्रदर्शन

दिल्ली में केंद्रीय मंत्री बाबुल सुप्रियो और बीजेपी सांसदों ने पश्चिम बंगाल की ममता सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। वहीं, इंदौर में भाजपा सांसद कैलाश विजयवर्गीय के आवास पर भी पश्चिम बंगाल सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया गया।
 

01:45 PM, 26-Apr-2020

पश्चिम बंगाल में एक वरिष्ठ सरकारी चिकित्सक की मौत

कोलकाता में कोरोना वायरस को फैलने से रोकने की जंग में उतरे एक वरिष्ठ सरकारी चिकित्सक और 34 वर्षीय एक व्यक्ति की संक्रमित होने के बाद रविवार को यहां एक अस्पताल में मौत हो गई। अस्पताल के सूत्रों ने यह जानकारी दी। स्वास्थ्य सेवाओं (उपकरण और स्टोर) के सहायक निदेशक के तौर पर सेवारत 60 वर्षीय चिकित्सक को शुरुआत में बेलियाघाटा संक्रामक रोग अस्पताल में भर्ती कराया गया था और उन्हें बाद में 18 अप्रैल को ‘साल्ट लेक’ निजी अस्पताल में भेजा गया, जहां उनका कोरोना वायरस संक्रमण के कारण निधन हो गया।

01:38 PM, 26-Apr-2020

उत्तराखंड में कोरोना का एक नया मामला, संक्रमितों की संख्या 50 हुई

कोरोना नियंत्रण कक्ष, उत्तराखंड की ओर से बताया गया कि राज्य में आज कोरोना पॉजिटिव का एक नया मामला सामने आया है। इसके बाद राज्य में कोरोना पॉजिटिव की संख्या 50 हो गई है।

01:37 PM, 26-Apr-2020

चेन्नई में गहनों की दुकानें बंद

मद्रास ज्वैलर्स एंड डायमंड मर्चेंट्स एसोसिएशन के सचिव एस.संतकुमार ने बताया कि लॉकडाउन के कारण चेन्नई में गहनों की दुकानें बंद हैं इसलिए हम अक्षय तृतीया पर सोने की बुकिंग वर्चुअल ट्रांसजेक्शन के जरिए कर रहे हैं ताकि जो लोग सोने का सिक्का चाहते हैं उन्हें लॉकडाउन के बाद घर पर ही मिल जाए।

01:34 PM, 26-Apr-2020

कर्नाटक में अक्षय तृतीया पर बंद रहीं अभूषण की दुकानें

कर्नाटक के हुबली में कोरोना लॉकडाउन के कारण अक्षय तृतीया पर आभूषणों की दुकानें बंद रहीं और बाजार में वीरान सा नजारा दिखा। 
 

01:28 PM, 26-Apr-2020

त्रिशूर के विश्व प्रसिद्ध पूरम उत्सव में नहीं आए श्रद्धालु

कोरोना वायरस के कारण देशभर में जारी लॉकडाउन के बीच केरल के त्रिशूर में विश्व प्रसिद्ध पूरम उत्सव को आज पहली बार श्रद्धालुओं और दर्शनार्थियों की गैर मौजूदगी में झंडा फहरा कर मनाया गया। कोरोना की वजह से सात दिन का यह त्योहार बिना लोगों की भीड़ के ही मनाया जाएगा।
 

01:21 PM, 26-Apr-2020

छत्तीसगढ़ में बीएसएफ के 14 जवान क्वारंटीन

छत्तीसगढ़ में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के 14 जवानों को क्वारंटीन किया गया है। यह सभी आगरा से लौटे थे और कोरोना संदिग्ध पाए गए थे। एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि उनके नमूने परीक्षण के लिए भेजे गए हैं और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

01:19 PM, 26-Apr-2020

कोरोना को रोकने के लिए सही सूचना और उचित उपचार की जरूरत: प्रियंका

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने रविवार को कहा कि कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए पारदर्शिता बेहद जरूरी है। जांच पर ध्यान देना जरूरी है। अगर कोरोना वायरस को रोकना है तो पूरा ध्यान सही सूचना और उचित उपचार पर केंद्रित होना चाहिए। 

उन्होंने कहा कि आगरा शहर में स्थिति बेहद खराब है और कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या दिनों दिन बढ़ रही है। आगरा के महापौर का कहना है कि अगर सही प्रबंध नहीं किए गए तो स्थिति हाथ से निकल सकती है।

01:04 PM, 26-Apr-2020

मुंबई में दो दिन में 2 पुलिसकर्मियों की मौत

मुंबई में कोरोना वायरस की वजह से दो दिन में दो पुलिसकर्मियों की मौत हो गई है। इस जानलेवा वायरस से 52 साल के हेड कांस्टेबल की जान चली गई। वह पिछले कुछ दिनों से अस्पताल में भर्ती थे और कोरोनोवायरस से जंग लड़ रहे थे।

12:42 PM, 26-Apr-2020

मध्यप्रदेश में रेल के 74 डिब्बों को आइसोलेशन वार्ड में बदला

मध्यप्रदेश में भारतीय रेलवे के भोपाल डिवीजन ने रेल के 74 डिब्बों को आइसोलेशन वार्ड में बदल दिया है।
 

 

12:38 PM, 26-Apr-2020

कर्नाटक में एक दिन में एक नया मामला आया सामने

कर्नाटक में 25 अप्रैल शाम 5 बजे से 26 अप्रैल 12 बजे तक कोरोना वायरस का एक नया मामला सामने आया है। कर्नाटक स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि राज्य में कुल 501 पॉजिटिव मामले हो गए हैं जिनमें 18 मौतें और 177 ठीक हुए मरीज शामिल हैं।

12:30 PM, 26-Apr-2020

पांच दिन की जलयात्रा कर 38 मछुआरे ओडिशा पहुंचे

कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए लागू किए गए बंद के बाद तमिलनाडु में फंसे 38 मछुआरों ने ओडिशा के अपने गृह नगर पहुंचने के लिए एक नौका से पांच दिन की समुद्र की यात्रा की। 

इस दौरान उन्होंने करीब 600 समुद्री मील का सफर तय किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। ये लोग एक मछली व्यापारी के पास काम करने के लिए चेन्नई गए थे, लेकिन राष्ट्रव्यापी बंद के बाद वे वहां फंस गए।

12:23 PM, 26-Apr-2020

दिल्ली-सोनीपत सीमा तीन मई तक सील

कोरोना वायरस की स्थिति को देखते हुए दिल्ली-सोनीपत सीमा को सोनीपत के जिला मजिस्ट्रेट द्वारा तीन मई तक के लिए सील कर दिया गया है।

12:18 PM, 26-Apr-2020

दिल्ली वालों के लिए पिछला हफ्ता थोड़ा बेहतर: केजरीवाल

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली वालों के लिए पिछला हफ्ता पहले के हफ्तों से थोड़ा बेहतर था। इस हफ्ते कोरोना के कम मामले सामने आए, कम मौतें हुईं और कई लोग पूरी तरह ठीक होने के बाद घर चले गए।

12:12 PM, 26-Apr-2020

केरल में ट्रक ड्राइवर के संपंर्क में आने से 41 लोग कोरोना संक्रमित

केरल में एक पुलिस अधिकारी सहित 41 लोग एक ट्रक ड्राइवर के सीधे संपर्क में आने के बाद कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। एर्नाकुलम जिला कलेक्टर ने बताया कि सभी को होम क्वारंटीन कर दिया गया है।

11:53 AM, 26-Apr-2020

10 टन कोरोना संबंधित चिकित्सा आपूर्ति चीन से भारत पहुंची

चीन से लगभग 10 टन कोरोना वायरस संबंधित चिकित्सा आपूर्ति, मुख्य रूप से मास्क बनाने वाले उपकरण भारत पहुंच गए हैं। स्पाइसजेट का विमान इन्हें लेकर शनिवार रात शंघाई से कोलकाता पहुंचा।
 

 

11:44 AM, 26-Apr-2020

केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग

केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने आज राज्य में कोरोना की स्थिति की समीक्षा करने के लिए सभी जिला कलेक्टरों, जिला पुलिस प्रमुखों और जिला चिकित्सा अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की।

11:15 AM, 26-Apr-2020

ओडिशा में कोरोना के तीन नए मरीज मिले

ओडिशा में एक महिला सहित तीन लोगों में कोविड-19 की पुष्टि हुई है जिसके बाद राज्य में कोरोना संक्रमितों की संख्या रविवार को 103 पर पहुंच गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

11:07 AM, 26-Apr-2020

तमिलनाडु के कोयंबटूर में पूर्ण लॉकडाउन के दौरान सड़कें सुनसान

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पलानीस्वीमी ने 26 अप्रैल से 29 अप्रैल तक सुबह 6 बजे से 9 बजे के बीच पूर्ण रूप से लॉकडाउन की घोषणा की है। लॉकडाउन के चलते कोयंबटूर की सड़के सुनसान नजर आ रही हैं। 
 
 

10:55 AM, 26-Apr-2020

भारत में फंसे स्विट्जरलैंड के 226 नागरिक अपने देश के लिए रवाना

राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन के बाद भारत में फंसे स्विट्जरलैंड के करीब 226 नागरिकों को लेकर स्विस इंटनेशनल एयरलाइंस का एक विमान शनिवार को ज्यूरिख के लिए रवाना हुआ। इनमें केरल में फंसे 164 और कोलकाता में फंसे 62 स्विस नागरिक शामिल हैं।  विमान पहले कोलकाता और फिर वहां से कोचीन एयरपोर्ट पहुंचा। विमान ने कोचीन एयरपोर्ट से कल रात 11.10 बजे ज्यूरिख के लिए उड़ान भरी।
 

 

10:44 AM, 26-Apr-2020

अहमदाबाद के भीमजीपुरा में स्थानीय दुकानें फिर से खुलीं

अहमदाबाद के भीमजीपुरा में स्थानीय दुकानें फिर से खुल गई हैं। मॉल, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और कंटेनमेंट जोन में स्थित दुकानों को छोड़कर सभी दुकानों को आज से खोलने की अनुमति है।
 

 

10:25 AM, 26-Apr-2020

दिल्ली के लक्ष्मी नगर में जरूरतमंदों को दिया गया खाना

दिल्ली में कोरोना वायरस लॉकडाउन के बीच लक्ष्मी नगर इलाके में जरूरतमंदों के बीच खाना बांटा जा रहा है। इस दौरान सामाजिक दूरी के मानदंडों का भी पालन किया जा रहा है।
 

10:22 AM, 26-Apr-2020

झारखंड में अब तक 13 मरीज ठीक हुए

झारखंड स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, राज्य में अब तक 13 मरीज ठीक हो चुके हैं। इनमें रांची के छह, बोकारो के चार, हजारीबाग के दो और सिमडेगा का एक मरीज शामिल है। इस सप्ताह कोरोना रिकवरी अनुपात 18 फीसदी रहा। 

10:15 AM, 26-Apr-2020

फोर्डा ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री को लिखा पत्र

रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन के संघ (FORDA) ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री को पत्र लिखा है। जिसमें घर में क्वारंटीन रहने के लिए डॉक्टरों को सुविधा देने का आग्रह किया गया है। कहा गया है कि यह वायरस के प्रसार को नियंत्रित करने के लिए एक महत्वपूर्ण एहतियाती उपाय होगा।

09:47 AM, 26-Apr-2020

राजस्थान में 58 नए मामले, संक्रमितों की संख्या 2141 हुई

राजस्थान स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, राज्य में आज सुबह नौ बजे तक कोरोना के 58 नए मामले सामने आए हैं। इनमें
अजमेर में 11, हनुमानगढ़ और झालावाड़ में एक-एक, जोधपुर में 15, जयपुर में सात, कोटा में तीन और नागौर में 20 मामले दर्ज किए गए हैं। इसके बाद राज्य में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 2141 हो गई है।

09:35 AM, 26-Apr-2020

बिहार में बारिश

बिहार की राजधानी पटना में गरज के साथ बारिश हो रही है और कई जगहों पर ओले पड़ रहे हैं।

09:19 AM, 26-Apr-2020

तमिलनाडु में पूर्ण लॉकडाउन, बाजारों में कम दिखी भीड़

तमिलनाडु में पूर्ण लॉकडाउन के बीच चेन्नई की कोयम्बेडु मार्केट में आज दूसरे दिनों की तुलना में कम लोग खरीदारी करते दिखे। मुख्यमंत्री  पलानीस्वामी द्वारा 26 अप्रैल से 29 अप्रैल तक सुबह 6 बजे से शाम 9 बजे के बीच पूर्ण लॉकडाउन की घोषणा की गई है।

09:04 AM, 26-Apr-2020
Chief of Defence Staff General Bipin Rawat - फोटो : ANI

सीडीएस जनरल बिपिन रावत ने कहा कि हमें सब्र बनाए रखने की जरूरत है

चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल बिपिन रावत ने कहा कि सशस्त्र बलों के रूप में, हम कोरोना के खिलाफ लड़ाई में अपनी जिम्मेदारी समझते हैं। हमें यह सुनिश्चित करना है कि हम सुरक्षित रहें, क्योंकि अगर हमारे सैनिक, नाविकों और एयरमैन इस वायरस से प्रभावित होते हैं, तो हम देश के लोगों का समर्थन कैसे करेंगे। उन्होंने कहा कि हमने सोशल डिस्टेंसिंग,मास्क पहनने, जिन लोगों को क्वारंटीन में रहने की जरूरत है वो क्वारंटीन में रहें, इसको लेकर बहुत सख्त दिशानिर्देश जारी किए हैं। जितनी भी मीटिंग, कॉन्फ्रेंस हो रही हैं वो वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हो रही हैं।

रावत ने कहा कि सेना में अनुशासन बनाए रखना मुश्किल नहीं है, लेकिन मुझे लगता है कि हमें सब्र बनाए रखने की जरूरत है।

08:44 AM, 26-Apr-2020

देशभर में संक्रमितों की संख्या 26496 हुई

केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 1990 नए मामले सामने आए हैं और 49 लोगों की मौत हो गई है। इसके बाद देशभर में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 26,496 हो गई है, जिसमें 19,868 सक्रिय हैं, 5,804 लोग स्वस्थ हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और 824 लोगों की मौत हो गई है।
 

08:42 AM, 26-Apr-2020

प्रयागराज में अक्षय तृतीया को भी नहीं पहुंचे श्रद्धालु

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के संगम घाट पर अक्षय तृतीया के दिन भी कुछ ही श्रद्धालु स्नान करते दिखे। सामान्य दिनों में अक्षय तृतीया पर यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु स्नान करने आते थे।
 

07:59 AM, 26-Apr-2020
Delhi-up Border - फोटो : ANI

दिल्ली-उत्तर प्रदेश बॉर्डर पर वाहनों की जांच

कोरोना वायरस लॉकडाउन के बीच दिल्ली-उत्तर प्रदेश बॉर्डर पर वाहनों की जांच करते पुलिसकर्मी।

07:55 AM, 26-Apr-2020

ओडिशा में कोरोना संक्रमितों की संख्या 103

ओडिशा स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, राज्य में कोरोना पॉजिटिव लोगों की कुल संख्या 103 है। जिनमें 68 सक्रिय हैं, 34 लोग ठीक हो चुके हैं और एक की मौत हो गई है।

07:49 AM, 26-Apr-2020

तमिलनाडु में चार दिन पूर्ण लॉकडाउन

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री ई पलानीस्वामी ने 26 अप्रैल से 29 अप्रैल तक सुबह छह बजे से शाम नौ बजे तक चेन्नई में पूर्ण लॉकडाउन की घोषणा की है। कोयम्बेडु पुल का दृश्य।

07:42 AM, 26-Apr-2020

दिल्ली में बारिश

 दिल्ली में आज सुबह हल्की बूंदा-बांदी हुई। तस्वीरें जनपथ से।

06:49 AM, 26-Apr-2020

दिल्ली के ओखला बाजार में लॉकडाउन के नियमों का उल्लंघन

दिल्ली: ओखला के सब्जी और फलों के थोक बाजार में लोगों की भारी भीड़ जमा हुई है, साथ ही लॉकडाउन और सामाजिक दूरी के नियमों का भी उल्लंघन हुआ।

05:29 AM, 26-Apr-2020

बंगलूरू के विक्टोरिया अस्पताल में रोबोट का इस्तेमाल

बंगलूरू के विक्टोरिया अस्पताल में कोरोना के मरीजों की मदद करने और उन्हें खाना-दवा देने के लिए रोबोट का इस्तेमाल किया जा रहा है। कोशिश की जा रही है कि अस्पताल कर्मचारी कम से काम मरीजों के संपर्क में आएं और वायरस का खतरा कम किया जा सके।
 

03:20 AM, 26-Apr-2020

मध्यप्रदेश: पुलिस उपाधीक्षक उमाकांत चौधरी के मुताबिक पुलिस ने लॉकडाउन के दौरान इंदौर में 198 लोगों को रोका है। इनमें 150 लोग पैदल ही यूपी के ललितपुर जा रहे थे। इसके अलावा दो गाड़ियों से गुजरात के सूरत जा रहे 48 लोगों को भी रोककर उन्हें आश्रय दिया गया है।

01:14 AM, 26-Apr-2020

इंदौर में 91 नए संक्रमित

इंदौर में पिछले 24 घंटे में 91 नए मरीज मिले हैं। इसके साथ ही इस जिले में संक्रमण की जद में आने वाले लोगों की तादाद 1,085 से बढ़कर 1,176 पर पहुंच गई है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) प्रवीण जाडिया ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले में अब तक कोविड-19 से संक्रमित 57 लोगों की मौत हुई है जबकि इस महामारी के 107 मरीजों को इलाज के बाद स्वस्थ होने पर अस्पतालों से छुट्टी दी जा चुकी है।

आंकड़ों के मुताबिक इंदौर में कोविड-19 के मरीजों की मृत्यु दर रविवार सुबह तक 4.85 प्रतिशत रही। जिले में इस महामारी के मरीजों की मृत्यु दर पिछले कई दिन से राष्ट्रीय औसत से ज्यादा बनी हुई है।

01:10 AM, 26-Apr-2020

कोटा से होगी महाराष्ट्र के छात्रों की वापसी

महाराष्ट्र सरकार ने राजस्थान सरकार से कोटा में फंसे राज्य के 1800-2000 छात्रों के सुरक्षित वापसी की अपील की। एक बार सभी घर वापस आ जाएंगे तो सभी की जांच होगी और उन्हें 14 दिन के लिए क्वारंटीन किया जाएगा: मंत्रालय नियंत्रण कक्ष
 

01:08 AM, 26-Apr-2020

नागपुर में 17 नए संक्रमित

महाराष्ट्र के नागपुर में 17 लोगों में कोरोना के संक्रमण की पुष्टि हुई है, इसके साथ ही नागपुर नगर पालिका में कुल मामले बढ़कर 119 हो गए हैं।

01:00 AM, 26-Apr-2020

भारत में कोरोना: दिल्ली में 293 नए मामले, देशभर में संक्रमण के कुल मामले हुए 26917

दिल्ली के हिंदू राव अस्पताल में एक नर्स के संक्रमित होने के बाद पूरे अस्पताल को अस्थाई तौर पर बंद कर दिया गया है। अस्पताल को अब सैनिटाइज करने और सभी की जांच के बाद ही खोला जाएगा। 

यहां पढ़ें 25 अप्रैल (शनिवार) के सभी अपडेट्स

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें