केरल सरकार की ओर से बताया गया कि राज्य में शुक्रवार को कोविड-19 के 3,966 नए मामले सामने आए हैं और 4,544 लोग ठीक हुए हैं। अब राज्य में 63,885 सक्रिय मामले हैं।
मिजोरम में बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए सभी स्कूलों को इस साल के अंत तक बंद रखने का फैसला किया गया है।
राजस्थान में एक और मंत्री सहित और 3093 लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की शुक्रवार को पुष्टि हुई हैं राज्य में अभी तक कुल 2,60,040 लोग संक्रमित हुए हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, राज्य में संक्रमण से और 18 लोगों की मौत हो गई जिससे राज्य में संक्रमण से कुल मरने वालों का आंकड़ा 2,255 तक पहुंच गया। शुक्रवार को वनमंत्री सुखराम विश्नोई के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है, वह अस्पताल में भर्ती हैं।
सैनिटाइज करने के लिए रेल भवन कार्यालय एक और दो दिसंबर को बंद रहेगा। सरकार ने कोरोना के बढ़ते मामले को देखते हुए यह फैसला लिया है।
पिछले 24 घंटों में उत्तर प्रदेश में 2366 कोरोना के नए मामले दर्ज़ किए गए। प्रदेश में सक्रिय मामलों की कुल संख्या 25,639 है। अब तक 5,04,411 लोग पूरी तरह ठीक हो चुके हैं। संक्रमित लोगों में से कुल 7697 लोगों की अब तक मृत्यु हुई है। उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य स्वास्थ्य सचिव अमित मोहन प्रसाद ने इसकी जानकारी दी।
गुजरात के उप मुख्यमंत्री नितिन पटेल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अहमदाबाद के पास प्रमुख दवा कंपनी ‘जाइडस कैडला’ के संयंत्र का शनिवार को दौरा करेंगे और वहां विकसित किए जा रहे कोविड-19 के टीके बारे में जानकारी हासिल करेंगे। ‘जाइडस कैडला’ का संयंत्र अहमदाबाद शहर के पास चांगोदर औद्योगिक क्षेत्र में स्थित है।
रूसी प्रत्यक्ष निवेश कोष (आरडीआईएफ) और दवा कंपनी हेटेरो भारत में हर साल स्पुतनिक वी वैक्सीन की 10 करोड़ खुराक तैयार करने पर सहमत हो गए हैं। रूस के सावरेन वेल्थ फंड ने एक बयान में यह जानकारी दी। बयान में कहा गया कि कोरोना वायरस की संभावित वैक्सीन स्पुतनिक वी का उत्पादन 2021 में शुरू करने का इरादा है। इस समय इस वैक्सीन के तीसरे चरण का परीक्षण बेलारूस, यूएई, वेनेजुएला और अन्य देशों में चल रहा है। आरडीआईएफ ने कहा कि भारत में दूसरे चरण और तीसरे चरण का परीक्षण चल रहा है।
गुजरात में कोविड-19 वैक्सीन कोवाक्सिन के तीसरे चरण का ट्रायल अहमदाबाद के सोला सिविल अस्पताल में शुरू हो गया है। सोला सिविल अस्पताल की चिकित्सा अधीक्षक डॉ. पारुल भट्ट ने कहा, 'जिन स्वयंसेवकों को टीका लगाया गया है, उन्होंने अभी तक किसी भी स्वास्थ्य समस्या/ लक्षणों की शिकायत नहीं की है। आज अधिक लोगों का टीकाकरण किया जाएगा।'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को हैदराबाद में कोविड-19 का टीका विकसित कर रही कंपनी ‘भारत बायोटेक’ के केंद्र का दौरा करेंगे।
केवल महिलाओं को मुंबई महानगर क्षेत्र में आवंटित समय के दौरान लोकल ट्रेनों में यात्रा करने की अनुमति होगी। किसी भी बच्चे को स्थानीय ट्रेनों में यात्रा करने की अनुमति नहीं है। बच्चों के प्रवेश को प्रतिबंधित करने के लिए प्रत्येक प्रवेश द्वार पर आरपीएफ की नियुक्ति की जाएगी। यह जानकारी पश्चिम रेलवे ने दी है।