गुजरात के सूरत में एक साथ 32 ऑटो रिक्शा चालकों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। सुपर स्प्रेडर की तलाश में चलाए गए अभियान के दौरान इन लोगों में वायरस के मिलने का पता चला है। सूरत में सोमवार को कुल 429 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है।
सूरत नगर निगम के कमिश्नर बीएन पाणि ने बताया कि सुपर स्प्रेडर की पहचान के लिए ऑटो रिक्शा, सब्जी विक्रेताओं और दुकानदारों की बड़े स्तर पर कोरोना जांच की गई। इसमें 34 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है।
जिन लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है उन्हें स्वास्थ्य कार्ड जारी किया गया है। लोगों से शहर में बिना मास्क बाहर निकलने और यात्रा करने से मना किया है। सूरत में कुल मामलों की संख्या 45,182 हो गई है। इसमें 42,544 स्वस्थ हो गए हैं जबकि 862 मरीजों ने दम तोड़ दिया है। एजेंसी।
महाराष्ट्र में अगले कुछ दिन 25 से 30 हजार मामले आए तो सख्त कदम उठाए जाएंगे: मंत्री
महाराष्ट्र में कोरोना का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। राज्य के स्वास्थ्यमंत्री राजेश टोपे ने कहा है कि लोग कोरोना नियमों का पालन करेंगे तभी राज्य को दूसरे लॉकडाउन से बचाया जा सकता है।
सोमवार को मीडिया से बातचीत के दौरान टोपे ने कहा कि महाराष्ट्र में अगले कुछ दिनों तक लगातार 25 से 30 हजार मामले सामने आते हैं तो सख्त कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा, मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे का मत है कि जिन क्षेत्रों में महामारी तेजी से पांव पसार रही है वहां लॉकडाउन आखिरी विकल्प है। जिन शहरों में स्थिति ज्यादा खराब होगी वहां लॉकडाउन भी लग सकता है।
ठाणे में 24 घंटे में 2173 मरीज, दस की मौत
महाराष्ट्र के ठाणे में बीते 24 घंटे में 2,173 लोगों में वायरस मिला है। 10 मरीजों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मंगलवार को एक अधिकारी ने बताया कि ठाणे में कुल मामलों की संख्या 2,90,616 हो गई है। 6,392 मरीजों की मौत हो गई है। जिले में सक्रिय मामलों की संख्या 16,550 हो गई है। इसी तरह पड़ोसी जिले पालघर में कुल मामलों की संख्या 47,666 हो गई है जबकि कुल मौतों का आंकड़ा 1209 हो गया है।