सिकंदरा के अकबर टूम पर मास्क लगाए सैलानी
- फोटो : अमर उजाला
सरकार के प्रमुख वैज्ञानिक सलाहकार ने मास्क की बढ़ती मांग को देखते हुए मंगलवार को घर पर मास्क तैयार करने को लेकर दिशा-निर्देश जारी किया है। निर्देश में कहा गया है कि पुराने कपड़े, टी-शर्ट, रूमाल से घर पर तैयार मास्क वायरस को फैलने से रोकने में 70 फीसदी कारगर है।
मास्क पहनने से संक्रमित व्यक्ति जब खांसने-छींकने से होने वाला संक्रमण कम किया जा सकता है। अगर 80 फीसदी आबादी मास्क पहनने लग जाए तो कोरोना के प्रभाव और फैलाव को तुरंत रोका जा सकता है।
चल रही वैज्ञानिक जांच
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार को कहा कि जो लोग कोरोना से बचाव के लिए घर पर मास्क बनाकर पहन रहे हैं वो कितना कारगर है इसके बारे में जांच चल रही है। स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने बताया कि जो भी फैसला होगा इस बारे में जल्द से जल्द दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे।
पहले ये करें
- घर पर मास्क बनाने से पहले कपड़े को अच्छे से साफ करें, पांच मिनट तक गरम पानी में उबालें और थोड़ा नमक डालें।
- घर पर तैयार मास्क की साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। अधिक से अधिक लोग जब मास्क पहनना शुरू करेंगे तो हालात सुधरेंगे।
जो मास्क पहनेगा वो संक्रमण से बचेगा
- सूती कपड़े से दो लेयर में तैयार मास्क सर्जिकल मास्क जैसा है जो कोरोना से पांच गुना छोटे वायरस को रोकता है।
- इसको पहनने के बाद आसानी से सांस ले सकते हैं और कपड़ा घर में आसानी से मिल जाता है। दोबारा भी प्रयोग हो सकते हैं।