कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने और संक्रमितों की सहायता के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को 'प्रधानमंत्री नागरिक सहायता और आपातकालीन स्थिति निधि में राहत' (पीएम- केयर्स) कोष का गठन किया था। कोई भी व्यक्ति कोरोना से लड़ने में भारत की सहायता के लिए इसमें पैसे दान कर सकता है।
वही, सूत्रों ने जानकारी दी है कि भारत सरकार ने पीएम- केयर्स के लिए विदेशी दान प्राप्त करने का निर्णय लिया है। इस तरह विदेश में बसा कोई व्यक्ति या संगठन इसमें दान कर भारत की सहायता कर सकता है।
इससे पहले, प्रधानमंत्री ने इसके गठन के दौरान कहा था कि यह एक स्वस्थ भारत बनाने में एक लंबा रास्ता तय करेगा और जीवन के सभी क्षेत्रों के लोग इस फंड में दान कर सकते हैं। उन्होंने कहा था कि यह मेरे साथी भारतीयों से मेरी अपील है कि वे कृपया कर पीएम- केयर्स फंड में योगदान करें। यह फंड आगे भी आने वाले समय में इसी तरह की संकटपूर्ण स्थितियों से सामना करने में मदद करेगा।
प्रधानमंत्री ने कहा था कि पीएम- केयर्स फंड छोटे से छोटे दान को भी स्वीकार करता है। यह आपदा प्रबंधन क्षमताओं को मजबूत करेगा और नागरिकों की सुरक्षा पर अनुसंधान को प्रोत्साहित करेगा। उन्होंने कहा कि आइए हम भारत को स्वस्थ बनाने और अपनी भावी पीढ़ियों को अधिक समृद्ध बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ते हैं।
वहीं, इस राहत कोष के गठन के बाद ही भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) एसोसिएशन कोरोना से निपटने के लिए प्रारंभिक योगदान के रूप में पीएम- केयर्स फंड में 21 लाख रुपये का सहयोग देने की घोषणा की थी।
बता दें कि देश में अबतक कोरोना के कुल 1637 मामले हैं जिनमें से 386 मामले कल से आज के बीच सामने आए हैं। अबतक 38 लोगों की कोरोना संक्रमण की वजह से मौत हो चुकी है। महाराष्ट्र में बुधवार सुबह 18 और पॉजिटिव मामले सामने आए।
मध्यप्रदेश में भी कोरोना के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती ही जा रही है। ताजा मामलों में अकेले इंदौर के 19 लोग संक्रमित पाए गए हैं। खजराना इलाके में एक ही परिवार के लोग संक्रमित हैं, इनमें तीन से आठ साल के बच्चे भी शामिल हैं।