देश में सोमवार को कोरोना वायरस के 36,604 नए मामले सामने आए, जो पिछले तीन महीने में सबसे कम मामले हैं। इससे पहले सबसे कम मामले 101 दिन पहले 17 जुलाई को आए थे, जब 35,065 मामले दर्ज किए गए थे। 17 सितंबर के बाद से कई राज्यों में कोविड-19 के मामलों में गिरावट देखी जा रही है।
सोमवार को कोरोना वायरस के मामलों में इतनी कमी बाकी दिनों के मुकाबले इसलिए देखने को मिली क्योंकि रविवार को कम टेस्ट किए गए थे। covid19india.org के मुताबिक रविवार यानि कि 25 अक्तूबर को 9,39,309 टेस्ट किए गए थे, जो कि हफ्ते के बाकी दिनों में किए गए टेस्ट से कम है।
हालांकि इससे पहले कई रविवारों में कम टेस्ट दर्ज कराने के बाद भी कोरोना के मामले इतने कम नहीं आते थे, जितने कम इस सोमवार यानि 26 अक्तूबर को आए हैं। उदाहरण के लिए पिछले चार हफ्तों में ऐसा दो बार ही हुआ है कि सोमवार को आने वाले नए मामले 26 अक्तूबर को आए मामलों से ज्यादा हैं जबकि पिछले चार रविवार को टेस्ट का आंकड़ा नौ लाख को छुआ हैं।
सोमवार को महाराष्ट्र में 3,645 नए मामले सामने आए, जो कि केरल और बंगाल के बाद सबसे ज्यादा है। केरल में सोमवार को 4,287 औऱ पश्चिम बंगाल में 4,121 नए मामले सामने आए थे। पिछले 124 दिनों में महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के खिलाफ इतने कम मामले सामने आए हैं।
इसके अलावा सोमवार को महाराष्ट्र में 84 मौतों का आंकड़ा दर्ज किया गया, जो 146 दिनों में सबसे कम है। रविवार को महाराष्ट्र में 36,267 टेस्ट किए गए, जो कि दैनिक औसत 72,000 से कम है। अलग-अलग महीनों में कई राज्यों ने अपने यहां संक्रमण की दर गिरते हुए देखी है।