देश में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों ने सरकार के साथ-साथ देशवासियों की भी चिंता बढ़ा दी है। देश में संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 20 लाख 88 हजार के पार पहुंच गया है। शनिवार को कोरोना के 61,537 नए मामले सामने आए। आंकड़ों के अनुसार, यह लगातार दूसरा दिन है जब 60,000 से अधिक कोविड-19 के मामले सामने आए हैं। वहीं, अच्छी बात यह है कि संक्रमण से स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या 14 लाख के पार पहुंच गई है और जांच में तेजी आई है।
शनिवार सुबह अद्यतन किए गए आंकड़े के अनुसार, पिछले 24 घंटे में 933 लोगों की मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 42,518 हो गई है। देश में संक्रमण के मामले बढ़कर 20,88,611 हो गए हैं, जिनमें से 6,19,088 लोगों का उपचार चल रहा है और 14,27,005 लोग उपचार के बाद इस बीमारी से उबर चुके हैं। संक्रमण के कुल मामलों में विदेशी नागरिक भी शामिल हैं। आंकड़ों के अनुसार मरीजों के स्वस्थ होने की दर बढ़कर 68.32 फीसदी हो गई है जबकि मृत्यु दर में गिरावट आई है और यह 2.04 फीसदी है। वहीं, 29.64 फीसदी मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।
पिछले 24 घंटे में पांच लाख 98 हजार से ज्यादा नमूनों की जांच
भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) की ओर से जारी आंकड़े के मुताबिक, देशभर में कल यानि सात अगस्त तक कोरोना वायरस के लिए कुल 2,33,87,171 नमूनों का परीक्षण किया गया। जिनमें से 5,98,778 नमूनों का परीक्षण शुक्रवार को ही किया गया।
बता दें कि देश में कोविड-19 के मामलों को एक लाख तक पहुंचने में 110 दिन का वक्त लगा था और 59 दिन में यह आंकड़ा 10 लाख के पार चला गया। इसके बाद संक्रमण के मामलों को 20 लाख का आंकड़ा पार करने में महज 21 दिन का वक्त लगा।