कांग्रेस ने लॉकडाउन की अवधि के दौरान लोगों के लिए भोजन और दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए अपनी राज्य सरकारों को निर्देश जारी किया है। पार्टी ने अपने राज्यसभा और लोकसभा सांसदों से कहा है कि वे अपने संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में अपने सांसद निधि फंड का इस्तेमाल अस्पतालों को सुसज्जित करने के लिए करें। जिससे कोरोना वायरस से लड़ाई में मदद मिल सके।
बता दें कि भारत में अब तक कोरोना के 600 से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं। वहीं 14 लोगों की मौत हो गई है। ऐसे में लोगों को राहत देने के लिए वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कई घोषणा की हैं।
सीतारमण ने जरूरतमंदों की मदद के लिए प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत 1.70 लाख करोड़ रुपये की घोषणा की। कोरोना वायरस के संक्रमण में लोगों के इलाज में लगे डॉक्टरों, पारामेडिकल कर्मियों, चिकित्सा सेवा कर्मियों को 50 लाख रुपये प्रति परिवार का बीमा कवर दिया जाएगा।
राशन की दुकानों से 80 करोड़ परिवारों को अतिरिक्त पांच किलो गेहूं या चावल के साथ एक किलो दाल तीन महीने तक मुफ्त उपलब्ध कराई जाएगी। प्रधानमंत्री किसान योजना के तहत 8.69 करोड़ किसानों को अप्रैल के पहले सप्ताह में दो-दो हजार रुपये की अग्रिम किस्त का भुगतान किया जाएगा।