फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Corona Live : दिल्ली में कोरोना पर वार, 30 अप्रैल तक के लिए और सख्त हुए नियम

Sat, 10 Apr 2021 10:20 PM IST
दीप्ति मिश्रा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

देश में कोरोना वायरस की दूसरी लहर बेकाबू हो गई है। महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश और दिल्ली समेत ज्यादातर राज्यों ने अपने यहां तमाम पाबंदियां लगा दीं हैं। बावजूद देश में कोरोना संक्रमित नए मरीजों का आंकड़ा हर दिन नए रिकॉर्ड बना रहा है। देश में आज यानी शनिवार को 1.45 लाख नए मरीज मिले हैं। वहीं 794 मरीजों की कोरोना वायरस से जान चली गई है। महाराष्ट्र के सीएम उद्धव ठाकरे ने आज कोरोना पर सर्वदलीय बैठक बुलाई है। वहीं मप्र के उज्जैन में 19 अप्रैल तक के लिए लॉकडाउन बढ़ा दिया गया है। महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में ऑक्सीजन, कोरोना इलाज में इस्तेमाल होने वाली दवाओं, वेंटिलेटर और अस्पतालों में बेड कमी से हालत गंभीर हो गई है ऐसे देश इस महामारी को कैसे हराएगा? यहां पढ़ें कोरोना वायरस से जुड़ी हर अपडेट...
विज्ञापन
अरविंद केजरीवाल - फोटो : एएनआई
विज्ञापन

लाइव अपडेट

10:15 PM, 10-Apr-2021

दिल्ली में 30 अप्रैल तक लागू हुई सख्त पाबंदिया

दिल्ली में कोरोना की बेतहाशा वृद्धि को देखते हुए 30 अप्रैल तक के लिए पाबंदिया बढ़ा दी गई है। इसके तहत रेस्टोरेंट, थिएटर और मेट्रो केवल 50 फीसदी क्षमता के साथ चलेंगे वहीं शादी एवं अन्य समारोह में 50 से अधिक लोगों की अनुमति नहीं होगी।

09:52 PM, 10-Apr-2021

महाराष्ट्र के पुणे जिले में पिछले 24 घंटों में 9,864 नए मामले सामने आए

महाराष्ट्र के पुणे जिले में पिछले 24 घंटों में 9,864 नए मामले सामने आए हैं और 82 लोगों की मौत हो गई है। इनमें से 7030 लोग स्वस्थ हो गए।

09:49 PM, 10-Apr-2021

मध्यप्रदेश के जबलपुर में बढ़ा लॉकडाउन

मध्यप्रदेश के जबलपुर में 12 अप्रैल की सुबह तक लागू किए गए लॉकडाउन को बढ़ा दिया गया है। कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए यह अगले आदेश तक जारी रहेगा। जिलाधिकारी कर्मवीर शर्मा ने इसकी जानकारी दी है।

विज्ञापन
09:14 PM, 10-Apr-2021

मध्यप्रदेश में बीते 24 घंटे में 4986 नए मामले सामने आए

मध्यप्रदेश में भी कोरोना के मामले में बेतहाशा वृद्धि हो रही है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार यहां बीते 24 घंटे में 4986 नए मामले सामने आए हैं।

09:00 PM, 10-Apr-2021

राजस्थान में 102 साल के उदयलाल टांक ने लगवाया टीका

राजस्थान के कल्याण बाल मंदिर स्कूल के टीकाकरण कैम्प में सीकर के वरिष्ठ नागरिक 102 वर्षीय उदयलाल टांक ने  कोरोना का टीका लगवाया। 

विज्ञापन
08:53 PM, 10-Apr-2021

महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे में 55,411 नए मामले

महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे में 55,411 नए मामले सामने आए हैं और 309 लोगों की मौत हुई है। इनमें से 53,005 लोग स्वस्थ भी हुए।
 कुल मामले: 33,43,951
कुल वसूली: 27,48,153
मृत्यु टोल: 57,638
सक्रिय मामले: 5,36,682

08:47 PM, 10-Apr-2021

तमिलनाडु में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 5989 नए मामले सामने आए

तमिलनाडु में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 5989 नए मामले सामने आए हैं और 23 लोगों की मौत हो गई है। इनमें से 1952 लोग स्वस्थ हो गए हैं। 

08:43 PM, 10-Apr-2021

गुजरात में पिछले 24 घंटे में 5,011 नए मामले 

गुजरात में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 5,011 नए मामले सामने आए हैं। 2,525 लोग डिस्चार्ज हुए और 49 लोगों की मृत्यु दर्ज की गई।  


 

08:09 PM, 10-Apr-2021

महाराष्ट्र में बढ़ी लॉकडाउन लगने की संभावना

महाराष्ट्र में कोरोना के मामले में बेतहाशा वृद्धि को देखते हुए लॉकडाउन लगने की संभावना बढ़ गई है। मंत्री असलम शेख ने जानकारी देते हुए बताया कि राज्य में नाइट कर्फ्यू का कोई अधिक असर नहीं दिख रहा है जिसके कारण हमें कड़े फैसले लेने पड़ सकते हैं। वहीं एनसीपी के नेता नवाब मलिक ने कहा कि कोरोना को नियंत्रित करने के लिए महाराष्ट्र सरकार ने कठोर निर्णय लिए हैं। जिसमें आज से हफ्ते का लॉकडाउन शुरू हुआ है। आने वाले समय में वेंटिलेटर, ऑक्सीजन और बेड की कमी हो सकती है। कल कोविड टास्क फोर्स के साथ चर्चा कर सरकार कोई कठोर निर्णय लेगी। 


 

07:31 PM, 10-Apr-2021

गांधीनगर नगर निगम चुनाव स्थगित

 गुजरात राज्य निर्वाचन आयोग ने महामारी से उत्पन्न हालात के चलते गांधीनगर नगर निगम चुनाव स्थगित किए।

07:28 PM, 10-Apr-2021

कोरोना के बढ़ते मामले को देखते हुए सीएम उद्धव ने बुलाई बैठक

महाराष्ट्र में कोरोना के बढ़ते मामले के मद्देनजर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने नेता प्रतिपक्ष देवेंद्र फडणवीस के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक की है।

07:06 PM, 10-Apr-2021

राजस्थान में बीते 24 घंटे में 4,401 नए मामले सामने आए

राजस्थान में बीते 24 घंटे में 4,401 नए मामले सामने आए हैं और 18 लोगों की मौत हुई है। इस दौरान 562 लोग स्वस्थ भी हुए हैं।



 

07:00 PM, 10-Apr-2021

दिल्ली में कोरोना का कोहराम

दिल्ली में कोरोना का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार यहां बीते 24 घंटे में 7897 नए मामले सामने आए है और 39 लोगों की मौत हो गई है। इस दौरान 5716 लोग स्वस्थ भी हुए हैं।


 

06:55 PM, 10-Apr-2021

अब तक 10 करोड़ से अधिक वैक्सीन की खुराक लगाई गई

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार देश में अब तक 10 करोड़ से अधिक वैक्सीन की खुराक लगाई गई है।

06:06 PM, 10-Apr-2021

केरल में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 6,194 नए मामले सामने आए

केरल में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 6,194 नए मामले सामने आए हैं और 17 लोगों की मौत हुई है। इस दौरान 2584 लोग स्वस्थ भी हुए हैं। 

 

06:00 PM, 10-Apr-2021

बैठक में बोले उद्धव- संपूर्ण लॉकडाउन के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा

महाराष्ट्र में बढ़ते कोरोना संक्रमण पर लगाम लगाने के लिए शनिवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने सर्वदलीय बैठक में कहा कि लॉकडाउन के अलावा और कोई विकल्प नहीं है।  

06:00 PM, 10-Apr-2021

कर्नाटक में विश्वविद्यालय स्तर की परीक्षाएं समय पर होंगी

कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने कहा कि विश्वविद्यालय स्तर की परीक्षाएं जिनमें डिग्री, पोस्ट-ग्रेड, इंजीनियरिंग, डिप्लोमा और अन्य सभी पाठ्यक्रम शामिल हैं जो उच्च शिक्षा विभाग के अंतर्गत आते हैं, निर्धारित समय सारणी के अनुसार आयोजित किए जाएंगे। वर्ष 2021-22 के लिए शैक्षणिक गतिविधियों में और देरी नहीं होनी चाहिए।

05:49 PM, 10-Apr-2021

मोहन भागवत के स्वास्थ्य में सुधार 

आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के निजी चिकित्सक ने आज नागपुर के किंग्सवे अस्पताल में उनसे मुलाकात की। अस्पताल के बयान के अनुसार, उसके सभी महत्वपूर्ण पैरामीटर सामान्य हैं और निरंतर निगरानी में हैं।

05:15 PM, 10-Apr-2021

महाराष्ट्र के नागपुर में कोरोना से हाहाकार

महाराष्ट्र के नागपुर में कोरोना से हाहाकार मचा हुआ है। बीते 24 घंटे में यहां कोरोना के 5131 नए मामले सामने आए हैं जबकि 65 लोगों की मौत दर्ज की गई है। इस दौरान 2837 लोग स्वस्थ भी हुए।


 

03:27 PM, 10-Apr-2021

मप्र: उज्जैन में लॉकडाउन की अवधि बढ़ी

मध्यप्रदेश के उज्जैन में लॉकडाउन के अवधि बढ़ाकर 19 अप्रैल, 2021 सुबह 6:00 बजे तक कर दिया गया है। लॉकडाउन के दौरान, किराना दुकानों को सुबह 11:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक की छूट की अवधि दी गई है। 

02:42 PM, 10-Apr-2021

कर्नाटक: बंगलुरु समेत सात जिलों में आज से 'कोरोना कर्फ्यू'

कर्नाटक में कोरोना वायरस के मामलों में लगातार वृद्धि जारी है। राज्य में हालत बिगड़ते देख राज्य सरकार ने बंगलुरु समेत सात जिलों में नाइट कर्फ्यू लगा दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आग्रहनुसार कर्नाटक में नाइट कर्फ्यू को 'कोरोन कर्फ्यू' कहा जा रहा है। प्रधानमंत्री मदी ने कोरोना वायरस की स्थिति पर राज्य के मुख्यमंत्रियों और प्रमुखों के साथ हुई बैठक में कहा था कि नाइट कर्फ्यू की जगह 'कोरोना कर्फ्यू' शब्द का इस्तेमाल किया जाए। इस दौरान, आवश्यक सेवाओं को छोड़कर अन्य सभी के बाहर आने जाने पर प्रतिबंध रहेगा।

01:37 PM, 10-Apr-2021

पुणे: वैक्सीन के इंतजार में लगी लंबी लाइन

महाराष्ट्र में पुणे के एरंडवणा में एक वैक्सीनेशेन केंद्र पर वैक्सीन खत्म हो गई। वैक्सीन के स्टॉक का इंतजार करते हुए केंद्र पर लंबी लाइन लग गई। लाइन में लगे एक व्यक्ति ने बताया कि यहां लोग सुबह 6 बजे से खड़े हैं। यहां वैक्सीन का स्टॉक उपलब्ध नहीं है। यहां के स्टॉफ वैक्सीन कब तक आ जाएगी, इस बारे में स्पष्ट नहीं बता पा रहे हैं।

01:34 PM, 10-Apr-2021

नागपुर: रेमेडिसविर दवा का स्टॉक खत्म 

देश में कोरोना वायरस की दूसरी लहर बेकाबू हो गई है। महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए वीकेंड लॉकडाउन लगा दिया गया है। इस बीच, नागपुर में कोरोना के इलाज में इस्तेमाल होने वाली दवाओं की किल्लत हो गई है। नागपुर में मेडिकल स्टोर के बाहर रेमेडिसविर इंजेक्शन के लिए लंबी लाइनें लग गईं। दवा लेने के लिए लाइन में लगे अनिकेत ने बताया, ''मैं रेमेडिसविर इंजेक्शन के लिए सुबह से लाइन में लगा था, लेकिन कहा गया कि स्टॉक खत्म हो गया है। मंगलवार को आएगा। 
 
 

01:22 PM, 10-Apr-2021

दिल्ली में वैक्सीन की किल्लत, सात दिन का बचा है स्टॉक

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच कहा कि दिल्ली में 7-10 दिन की वैक्सीन बची हुई है। अगर हमें समुचित संख्या में डोज उपलब्ध कर दी जाए, आयु सीमा हटा दी जाए और बड़े स्तर पर वैक्सीनेशन सेंटर खोलने की इजाजत दे दी जाए, तो हम 2-3 महीने में पूरी दिल्ली को वैक्सीनेट कर सकते हैं।
 

01:13 PM, 10-Apr-2021

मप्र: शिवराज ने लोगों से की अपील, बोले कोरोना से रहें सावधान

मध्यप्रदेश में लगातार कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए मुख्यमंत्र शिवराज सिंह चौहान ने लोगों से कोरोना बचाव संबंधी नियमों का सख्ती से पालन करने की लोगों अपील की है। शिवराज सिंह ने कहा कि इस महीने के अंत तक सक्रिय मामले लगभग एक लाख बढ़ने की संभावना है। लोग अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें, मास्क जरूर लगाएं, सुरक्षित दूरी बनाएं और हाथ साफ रखें। उन्होंने कहा कि हमने हर जिले में एक कोविड केयर सेंटर खोलने का फैसला किया है।

11:58 AM, 10-Apr-2021

सोनिया गांधी ने कांग्रेस शासित राज्यों के सीएम के साथ बैठक की 

कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कोरोना वायरस की स्थिति पर कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों और मंत्रियों के साथ समीक्षा बैठक की।
 



 

11:57 AM, 10-Apr-2021

सीएम योगी ने की कोरोना पर बैठक

उत्तर प्रदेश: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर के बाबा राघव दास मेडिकल कॉलेज में कोरोना पर अधिकारियों के साथ बैठक की।
 



 

11:34 AM, 10-Apr-2021

कोरोना से सर्वाधिक मौतें इन राज्यों में हुईं

पिछले 24 घंटे में जिन 794 लोगों की मौत हुई है, उनमें से महाराष्ट्र में 301, छत्तीसगढ़ में 91, पंजाब में 56, कर्नाटक में 46, गुजरात में 42, दिल्ली में 39, उत्तर प्रदेश में 36, राजस्थान में 32, मध्य प्रदेश एवं तमिलनाडु में 23-23, केरल में 22, झारखंड में 17 और आंध्र प्रदेश एवं हरियाणा में 11-11 लोग शामिल हैं।

देश में संक्रमण से अब तक कुल 1,68,436 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें से महाराष्ट्र में 57,329 लोगों की मौत हुई है। इसके बाद तमिलनाडु में 12,863, कर्नाटक में 12,813, दिल्ली में 11,196, पश्चिम बंगाल में 10,378, उत्तर प्रदेश में 9,039, पंजाब में 7,390 और आंध्र प्रदेश में 7,279 लोग मारे गए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि अभी तक जिन लोगों की मौत हुई है, उनमें से 70 प्रतिशत से ज्यादा मरीजों को अन्य बीमारियां भी थीं।

11:29 AM, 10-Apr-2021

देश में ऐसे बढ़ा कोरोना संक्रमण का ग्राफ

देश में पिछले साल सात अगस्त को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख और पांच सितंबर को 40 लाख से अधिक हो गई थी। संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर को 50 लाख, 28 सितंबर को 60 लाख, 11 अक्तूबर को 70 लाख, 29 अक्तूबर को 80 लाख, 20 नवंबर को 90 लाख हो गए और 19 दिसंबर को ये मामले एक करोड़ के पार चले गए थे।

11:29 AM, 10-Apr-2021

लगातार 31वें दिन बढ़े कोरोना मरीज

स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में एक दिन में कोरोना वायरस संक्रमण के रिकॉर्ड 1,45,384 नए मामले सामने आए हैं, जिसके बाद अब तक संक्रमित हुए लोगों की कुल संख्या बढ़कर 1,32,05,926 हो गई है। देश में संक्रमितों की दैनिक संख्या लगातार 31वें दिन बढ़ी है। अभी 10,46,631 संक्रमित लोगों का उपचार चल रहा है, जो अब तक संक्रमित हुए लोगों की कुल संख्या का 7.93 प्रतिशत है। जबकि संक्रमित होने के बाद लोगों के स्वस्थ होने की दर और गिरकर 90.80 प्रतिशत रह गई है।

11:20 AM, 10-Apr-2021

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने राज्य में कोरोना की स्थिति की समीक्षा करने के लिए सर्वदलीय बैठक बुलाई है। इस बैठक में वे राज्य में पूर्ण लॉकडाउन लगाने का फैसला कर सकते हैं। 
 

10:04 AM, 10-Apr-2021

प्रयागराज के पूर्व सांसद का कोरोना से निधन

उत्तर प्रदेश की संगमनगरी प्रयागराज से भाजपा के सांसद रहे श्यामाचरण गुप्ता का कोरोना से निधन हो गया। कोरोना संक्रमित होने के बाद श्यामाचरण गुप्ता को नई दिल्ली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां शुक्रवार देर रात उन्होंने अंतिम सांस ली।उनका पार्थिव शरीर प्रयागराज लाने के प्रयास में लगे स्वजन का कहना है कि अस्पताल प्रबंधन इसका फैसला करेगा। जो निर्णय होगा उसके बाद आगे कदम उठाया जाएगा।

प्रयागराज के पूर्व सांसद श्यामाचरण गुप्ता 31 मार्च कोरोना संक्रमित हो गए थे। उनकी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई थी। कोरोना की रिपोर्ट आने के बाद श्यामाचरण गुप्ता को प्रयागराज में स्वरूपरानी अस्पताल के कोविड वार्ड में भर्ती कराया गया था। वहां तबीयत में सुधार नहीं होने पर दिल्ली के मैक्स हॉस्पिटल में भर्ती कराया जहां शुक्रवार शाम अचानक तबीयत ज्यादा बिगड़ गई, तो वेंटिलेटर का सपोर्ट दिया गया पर कोई सुधार नहीं हुआ। देर रात को उनका निधन हो गया। पूर्व सांसद की पत्नी भी कोरोना पॉजिटिव है।

09:25 AM, 10-Apr-2021

कोरोना की मार: गुजरात में सोने का कारोबार हुआ मंदा

गुजरात में कोरोना संक्रमण ने रफ्तार पकड़ ली है। कोरोना के मामले बढ़ने की वजह से सूरत में सोने का कारोबार मंदा हो गया है। एक सर्राफा व्यापारी ने बताया कि कोरोना के मामले बढ़ने की वजह से लोग सोना कम खरीद रहे हैं। पिछले 4-5 दिन से व्यापार में कमी आई है।
 

 

09:24 AM, 10-Apr-2021

देश: अब तक इतने लोगों की हुई कोविड जांच

देश में कोरोना संक्रमण के मामलों में वृद्धि को देखते हुए कोरोना जांच में तेजी लाई गई है। भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के मुताबिक, देश में शुक्रवार तक कोरोना वायरस के कुल 25,52,14,803 नमूनों की जांच हो चुकी है। इनमें से 11,73,219 नमूनों की शुक्रवार को जांच हुई।

 
 

09:20 AM, 10-Apr-2021

इंदौर: दवाओं और ऑक्सीजन की किल्लत, कोरोना भगाने को मंत्री ने की देवी अहिल्या की पूजा

मध्यप्रदेश के इंदौर में कोरोना से जंग के लिए ऑक्सीजन, रेमडेसिविर इंजेक्शन से लेकर अस्पताल में बेड तक की किल्लत हो गई है। कोरोना मरीजों की जान बचाने के लिए स्वास्थ्य प्रणाली को दुरुस्त करने के बजाय जनप्रतिनिधि अलग ही राग अलाप रहे हैं। शुक्रवार को मंत्री उषा ठाकुर ने कोरोना को भगाने के लिए एयरपोर्ट पर देवी अहिल्या की पूजा की। इंदौर में शुक्रवार को ऑक्सीजन संकट बना रहा। वर्मा अस्पताल के आईसीयू में 56 मरीज थे और केवल 5 ऑक्सीजन सिलेंडर बचे थे। मुश्किल से इंतजाम हुआ। खजराना के पटेल हॉस्पिटल में मरीजों को शिफ्ट होने के लिए कहना पड़ा।

08:47 AM, 10-Apr-2021

भोपाल में एक दिन में रिकॉर्ड 736 नए मरीज मिले

मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में शुक्रवार को 736 ताे प्रदेश में 4882 नए संक्रमित मिले। प्रदेश में संक्रमण दर बढ़कर 13 फीसदी पहुंच गई है। अप्रैल के पहले हफ्ते में 23 हजार संक्रमित बढ़े हैं। रफ्तार ऐसी ही रही, तो अप्रैल अंत तक संक्रमितों की संख्या 90 हजार के पार पहुंच जाएगी। भोपाल में सक्रिय मामले 5011 हैं। वहीं प्रदेश में यह आंकड़ा 30 हजार 486 हो गया है। वर्तमान में सबसे ज्यादा सक्रिय मामले इंदौर में हैं। यहां 6921 सक्रिय मामले हैं। अब मुरैना, छतरपुर, सीधी, श्योपुर, भिंड ही ऐसे जिले हैं, जहां 100 से कम सक्रिय मामले हैं।

08:21 AM, 10-Apr-2021

आगरा: 60 वर्ष से ज्यादा उम्र वालों को होम आइसोलेशन की अनुमति नहीं

उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में कोरोना के मरीजों में वृद्धि को देखते हुए मास्क के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। मंडलीय अपर निदेशक एवं प्रमुख अधीक्षक, जिला चिकित्सालय आगरा ने बताया कि 60 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को होम आइसोलेशन की अनुमति नहीं है। इसकी वजह अगर उनकी स्थिति बिगड़ती है, तो किसी तरह के नुकसान को रोकना है। उनको अस्पताल में ही भर्ती किया जाएगा ताकि डॉक्टरों कि निगरानी में देखरेख हो सके। बता दें कि आगरा में फिलहाल 500 के करीब सक्रिय मामले हैं। 
 


 

07:59 AM, 10-Apr-2021

मुंबई में सड़कों पर पसरा सन्नाटा

महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमण के मामले में वृद्धि देखते हुए आज से दो दिवसीय वीकेंड लॉकडाउन लगाया गया है। महाराष्ट्र सरकार ने शुक्रवार रात 8 बजे से सोमवार सुबह 7 बजे तक वीकेंड लॉकडाउन लागू किया है।इस दौरान, मुंबई के बांद्रा में वीकेंड लॉकडाउन के दौरान सड़कें सुनसान दिखीं।
 


 

07:42 AM, 10-Apr-2021

Corona Live : दिल्ली में कोरोना पर वार, 30 अप्रैल तक के लिए और सख्त हुए नियम

देश में कोरोना वायरस की दूसरी लहर बेकाबू हो गई है। महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश और दिल्ली समेत ज्यादातर राज्यों ने अपने यहां तमाम पाबंदियां लगा दीं हैं। बावजूद कोरोना का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। देश में कोरोना संक्रमित नए मरीजों का आंकड़ा हर दिन नए रिकॉर्ड बना रहा है। देश में आज यानी शनिवार को 1.45 लाख नए मरीज मिले हैं। वहीं 794 मरीजों की कोरोना वायरस से जान चली गई है। दूसरी ओर कई राज्य ऑक्सीजन, कोरोना इलाज में इस्तेमाल होने वाली दवाओं, वेंटिलेटर और अस्पतालों में बेड कमी से जूझ रहे हैं, ऐसे देश इस महामारी को कैसे हराएगा? यहां पढ़ें कोरोना वायरस से जुड़ी हर अपडेट...

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें