केंद्र और राज्यों के सरकारी दफ्तर भी सोमवार से खुल जाएंगे। अफसरों को करीब एक माह तक घर से काम करने को कहा गया था। केंद्र में सभी सचिव स्तर के अफसरों ने 13 अप्रैल को ही दफ्तर ज्वाइन कर लिया था। अब सभी मंत्रालय व विभागों में उपसचिव से ऊपर के अफसरों की उपस्थिति जरूरी होगी। स्टाफ की उपस्थिति जरूरत के मुताबिक 33 फीसदी तक ही होनी चाहिए।
स्वास्थ्यकर्मियों को मिले सुरक्षा, टीम में शामिल करें धार्मिक नेता
गृह मंत्रालय ने राज्यों से कहा कि सामुदायिक जांच के दौरान स्वास्थ्यकर्मियों को पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध कराए। इसके लिए स्थानीय धार्मिक नेताओं को भी साथ लिया जा सकता है। शांति समितियों को सक्रिय करना चाहिए। साथ ही, जांच को लेकर लोगों में फैली भ्रांतियों को भी दूर करने की कोशिश करनी चाहिए।
छूट पर एक हफ्ते बाद फैसला : केजरीवाल
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में हालात ऐसे नहीं हैं कि अभी किसी तरह की कोई छूट दी जाए। उन्होंने कहा कि लॉकडाउन से अभी भी महामारी विकराल रूप नहीं धारण पाई। एक हफ्ते बाद विशेषज्ञों के साथ समीक्षा करके ही किसी तरह की रियायतें संभव होंगी।