कोरोनावायरस का कहर चीन के साथ-साथ पूरी दुनिया में फैल रहा है। सभी देशों में चीन से आने वाले यात्रियों की स्क्रीनिंग की जा रही है। भारत भी कोरोनावायरस को लेकर पूरी सतर्कता बरत रहा है। केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री, डॉ. हर्षवर्धन ने अमर उजाला के साथ विशेष बातचीत में बताया कि अब तक भारत में 89 हजार लोगों की स्क्रीनिंग हो चुकी है।
गुरुग्राम के नजदीक मानेसर में चीन से आए लोगों के लिए बने अस्पताल में पांच की तबीयत बिगड़ने से आनन-फानन में उन्हें दिल्ली कैंट स्थित सैन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें से एक की रिपोर्ट में कोरोना वायरस की पुष्टि नहीं हुई है जबकि चार मरीजों की रिपोर्ट आना बाकी है।
इन सभी सैंपल की जांच दिल्ली एम्स में चल रही है। इनके अलावा नई दिल्ली स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल (आरएमएल) में भर्ती 13 में से आठ मरीजों की रिपोर्ट में कोरोना वायरस की पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल पांच मरीजों की रिपोर्ट का इंतजार है। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार जिनकी रिपोर्ट नेगेटिव है, उन्हें दूसरे वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है।
वहीं हांगकांग में कोरोना वायरस से एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि होने के बाद एअर इंडिया ने आठ फरवरी से अपनी दिल्ली-हांगकांग उड़ान सेवा निलंबित करने की मंगलवार को घोषणा की। कंपनी के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक अश्विनी लोहानी ने ट्वीट कर यह जानकारी दी।
चीन में जानलेवा कोरोनावायरस के चलते मृतकों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। चीन सरकार द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक अभी तक कोरोनावायरस के चलते 425 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, इससे संक्रमित 64 नए मामले भी सामने आए हैं। पूरे देश में इससे संक्रमित लोगों की संख्या 20,400 हो गई है।
कोरोनावायरस से पीड़ित 39 वर्षीय एक व्यक्ति की हांगकांग में मौत हो गई। यहां इस वायरस से संक्रमित किसी व्यक्ति की मौत का यह पहला मामला है। स्वास्थ्य अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की। चीन के बाहर इस वायरस से किसी की जान जाने का यह दूसरा मामला है। इससे पहले फिलिपीन में एक व्यक्ति की मौत इसके कारण हुई थी।