कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच मुंबई के लोगों को थोड़ी राहत की खबर मिली है। सोमवार से मुंबई के 62 निजी अस्पतालों में एक बार फिर टीकाकरण अभियान शुरू हो गया है। बता दें कि वैक्सीन की कमी की वजह से मुंबई के कई निजी अस्पतालों में टीकाकरण अभियान पर रोक लगा दी थी।
बृहन्मुंबई नगर पालिका (बीएमसी) ने इस बात की जानकारी दी। बीएमसी ने बताया कि इस हफ्ते के अंत में केंद्र सरकार से उन्हें वैक्सीन की 2.35 लाख खुराकें मिली हैं। जिसके बाद बीएमसी ने मुंबई के 62 निजी अस्पतालों को वैक्सीन लगाने की मंजूरी दे दी। ये 62 अस्पताल उन 71 निजी अस्पतालों में से हैं, जहां वैक्सीन की कमी होने की वजह से टीकाकरण अभियान को रोक दिया गया था।
बीएमसी के मुताबिक, बाकी नौ निजी अस्पताल आज टीके खुराकें खरीद लेंगे, जिसके बाद उन्हें मंगलवार से टीका लगाने की अनुमति मिल जाएगी। मुंबई शहर में अब तक 16 लाख से ज्यादा लोगों को वैक्सीन लग चुकी है, जिसमें स्वास्थ्य कर्मचारी और फ्रंटलाइन कर्मचारी शामिल हैं।
मुंबई शहर में रोजाना 50 हजार लोगों को वैक्सीन दी जा रही थी लेकिन पिछले हफ्ते वैक्सीन की कमी की वजह से इस संख्या में कमी देखी गई थी। हालांकि रविवार को बीएमसी ने कहा था कि अब निजी अस्पतालों को निजी कार्यालयों में भी कोविड 19 टीकाकरण लगाने की अनुमति देगा।
बीएमसी के सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख डॉक्टर मंगला गोमारे ने कहा कि हम निजी अस्पतालों को उन निजी कार्यालयों में टीकाकरण शिविर लगाने की अनुमति देंगे जहां 100 से ज्यादा कर्मचारी काम करते हैं। हालांकि इस दौरान केंद्र सरकार की ओर से जारी गाइडलाइंस का ध्यान रखा जाएगा।
बता दें कि बीते गुरुवार को वैक्सीन की कमी होने की वजह से 25 वैक्सीनेशन केंद्रों को बंद करने का फैसला लिया गया था और शुक्रवार तक यह आंकड़ा 50 हो गया था। शुक्रवार को कई सरकारी केंद्रों पर वैक्सीन की कमी देखी गई थी, जिसकी वजह से मुंबई के 50 फीसदी वैक्सीनेशन केंद्रों पर असर पड़ा था।