देश में कोरोना वायरस संक्रमण की स्थिति गंभीर होती जा रही है। वायरस के मामले रोजाना बड़ी संख्या में सामने आ रहे हैं। इसे देखते हुए केंद्र सरकार ने सोमवार को बड़ा फैसला लिया। सरकार ने कहा कि 1 मई से देश में 18 साल की उम्र से अधिक के सभी लोग कोरोना वैक्सीन लगेगी।
दिल्ली में सरकार ने वैक्सीनेशन के लिए 56 सेंटर बनाए हैं। बता दें कि राजधानी में कोरोना संक्रमण के हालात बेहद गंभीर हैं। दिल्ली में कोरोना के मामले कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं। बीते 24 घंटे में दिल्ली में 23,686 नए मामले सामने आए। वहीं संक्रमण से 240 लोगों की जान चली गई। राजधानी में कोरोना के तेजी से बढ़ रहे मामलों के बीच सक्रिय मरीजों की संख्या 76 हजार के पार पहुंच गई है। यह नवंबर में आई तीसरी लहर के मुकाबले करीब दो गुना संख्या है।
हालांकि, राहत की बात यह रही कि एक दिन में ही रिकॉर्ड 21 हजार से ज्यादा लोगों ने कोरोना को मात दी। संक्रमण की शुरूआत के बाद ऐसा पहली बार है जब एक दिन में ही इतने अधिक लोग स्वस्थ हुए। इस दिन की संक्रमण दर भी घटकर 26.12 फीसदी हो गई है।
मध्यप्रदेश में रविवार को कोविड-19 संक्रमण से 66 और लोगों की मौत हो गई तथा 12,248 और लोगों में इस संक्रमण की पुष्टि हुई। नए रोगियों एवं इस संक्रमण से मरने वालों का यह एक दिन का यह अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है।
मध्यप्रदेश स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि रविवार को प्रदेश में 66 लोगों की मौत हुई है। इसी के साथ इस वायरस से राज्य में अब तक मरने वालों की संख्या बढ़कर 4557 हो गई है। उन्होंने बताया कि पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में 12,248 और लोगों में कोविड-19 संक्रमण की पुष्टि हुई है और इसके साथ ही प्रदेश में इस वायरस से अब तक 4,08,080 संक्रमित हुए हैं।