तमिलनाडु में कोरोना वायरस के 3 और मामले पॉजिटिव आए हैं। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री ने जानकारी देते हुए बताया कि संक्रमितों में एक 18-वर्षीय पुरुष, 63-वर्षीय वृद्ध और 66-वर्षीय वृद्ध है।
आंध्रप्रदेश स्वास्थ्य विभाग के अनुसार आज देर रात दो और लोगों में कोरोना वायरस के पॉजिटिव रिपोर्ट आए। अब राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 10 हो गई है। बताया जा रहा है कि इसमें से पहला व्यक्ति 21 मार्च को वाशिंगटन से लौटा था और 22 मार्च को विजयवाड़ा पहुंचा फिर 23 मार्च को गवर्नमेंट जनरल हॉस्पिटल में भर्ती हुआ।
वहीं दूसरा व्यक्ति 14 मार्च को दिल्ली आया था फिर 18 तारीख को विजयवाड़ा लौटा उसके बाद 19 तारीख को गुंटूर से यात्रा की। फिर उन्होंने 21 मार्च को एक प्राइवेट अस्पताल का दौरा किया और फिर 23 तारीख को विजयवाड़ा में सरकारी जनरल अस्पताल का भी दौरा किया।
गुजरात के अहमदाबाद में 85 वर्षीय महिला की मौत। वह हाल ही में सऊदी अरब से लौटी थीं और कोरोना के लक्षण पाए जाने के बाद 22 मार्च को अहमदाबाद के सिविल अस्पताल में भर्ती हुई थीं। वह कई बीमारियों से जूझ रही थीं। बता दें कि इससे पहले भी गुजरात में एक मरीज की मौत हो चुकी है।
कोरोना वायरस महामारी के चलते यात्रा पाबंदियां लगाये जाने के मद्देनजर देश में फंसे इजराइली नागरिकों को तेल अवीव पहुंचाने के लिए एयर इंडिया बृहस्पतिवार को एक राहत उड़ान परिचालित करेगी। एक सूत्र ने यह जानकारी दी। सूत्र ने बताया कि एयरलाइन का 342 सीटों वाला बोइंग-300 ईआर विमान नयी दिल्ली से उड़ान भरेगा और इजराइली नागरिकों को पहुंचा कर राष्ट्रीय राजधानी लौट आएगा। उन्होंने बताया कि ये इजराइली नागरिक अंतरराष्ट्रीय उड़ान सेवाएं अस्थायी तौर पर बंद किए जाने के चलते यहां फंस गए हैं।
जर्मनी आज रात भारत से अपने 500 नागरिकों को लेकर जाएगा। जर्मन राजनयिक सूत्रों के हवाले से ये खबर आई है। वहीं फ्रांस के राजनयिक सूत्रों ने कहा है कि भारत में फंसे करीब 2000 लोगों को देश ले जाने की तैयारी हो रही है। इसके लिए भारत सरकार से बात चल रही है ताकि एयर फ्रांस से इन्हें ले जाया सके।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से टेलीफोन पर बात की। दोनों नेताओं ने कोरोना वायरस की महामारी पर चर्चा की।
नागपुर नगर निगम के निगमायुक्त ने कहा कि हम 26 मार्च से शहर में डोर टू डोर कोरोना सर्वे करेंगे। ये देखेंगे कि कहीं कोरोना के क्लस्टर मरीज तो नहीं हैं। साथ ही देखा जाएगा कि क्या कोई क्वारंटीन का नियम तो नहीं तोड़ रहा है।
गुजरात में आज एक कोरोना पॉजिटिव मरीज मिला, क्वारंटीन तोड़ने पर 147 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया।
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा की अध्यक्षता में हुई पार्टी की एक बैठक में फैसला लिया गया है कि पार्टी के एक लाख कार्यकर्ता ‘लॉकडाउन’ के दौरान रोजाना पांच-पांच गरीब लोगों को भोजन उपलब्ध कराएंगे।
एम्स जल्द ही टेली कंसल्टेशन सुविधा शुरू करने जा रहा है। मरीज डॉक्टरों से फोन पर सलाह ले सकते हैं। कई मरीजों का अपाइंटमेंट रद्द हो चुका है। पुराने रोगी इस सुविधा के जरिए अपने डॉक्टरों से बात कर सकते हैं: डॉ. रणदीप गुलेरिया, एम्स
पीएम मोदी ने कहा कि कोरोना महामारी से निपटने में जी 20 की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। कल से शुरू हो रहे वर्चुअल जी 20 सम्मेलन में सार्थक चर्चा को लेकर आशान्वित हूं।
कोविड 19 से निपटने को लेकर निर्माण भवन में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन की अगुवाई में मंत्री समूह की महत्वपूर्ण बैठक हुई। डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि सभी के लिए ये जरूरी है कि वे प्रोटोकॉल, सरकारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। ऐसा न करने पर आईपीसी की धारा 188 के तहत कानूनी कार्रवाई हो सकती है।
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने आज अधिकारियों के साथ एलपीजी की सप्लाई को लेकर बैठक की।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के मुताबिक, कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 606 (553 संक्रमित, 42 ठीक हुए, 10 की मौत) पहुंची।
महाराष्ट्र में छह और नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ राज्या में कोरोना से संक्रमित मरीजों की संख्या कुल 122 हो गई है। छह में से पांच मुंबई और एक ठाने सेः महाराष्ट्र स्वास्थ्य विभाग
सभी डिजिटल कंपनियों ने मोबाइल नेटवर्क पर एचडी और अल्ट्रा एचडी की जगह एसडी में कंटेट प्रसारण का फैसला किया हैः प्रसार भारती
मुंबई पुलिस ने कुल एक करोड़ रुपए की कीमत वाले मास्क के 200 डिब्बे जब्त किए हैं। पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
दिल्ली उच्च न्यायालय ने विदेश मंत्रालय को कजाखस्तान के अल्माटी हवाईअड्डे में फंसे भारतीय छात्रों की सुरक्षा एवं कुशल क्षेम सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उच्च न्यायालय ने अधिकारियों से कहा कि कजाखस्तान में फंसे भारतीय छात्रों को खाना, चिकित्सकीय देखभाल और रहने जैसी बुनियादी सुविधाएं शीघ्र मुहैया कराएं।
मिजोरम में नीदरलैंड से लौटा एक पादरी कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया है।
राजस्थान में बुधवार को कोरोना वायरस के चार नए पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। चार पॉजिटिव लोगों में भीलवाड़ा के दो चिकित्सा कर्मी शामिल हैं। इसके साथ ही राज्य में कुल मामलों की संख्या 36 हो गई है।
कोरोना वायरस से निपटने को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक हो रही है। 7 लोक कल्याण मार्ग पर चल रही इस बैठक से सोशल डिस्टेंसिंग का दृश्य सामने आया। पीएम नरेंद्र मोदी भी कोरोना वायरस के कहर के मद्देनजर सोशल डिस्टेंसिंग बनाकर बैठक कर रहे हैं।
महाराष्ट्र में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 112 हो गई है। बुधवार को महाराष्ट्र में कोरोना से संक्रमित पांच नए मरीज मिले हैं।
गृह मंत्रालय ने निजी सुरक्षा एजेंसियों से 21 दिन के बंद की अवधि में किसी भी गार्ड का वेतन नहीं काटने या नौकरी से नहीं निकालने को कहा है। यह जानकारी गृह मंत्रालय के एक अधिकारी ने दी है।
देश में कोरोना वायरस के मामले बढ़कर 562 हो गए हैं, इनमें से 512 लोगों का इलाज चल रहा है। यह आंकड़े स्वास्थ्य मंत्रालय ने जारी किए हैं।
कर्नाटक के बंगलूरू में लॉकडाउन के दौरान लोग सोशल डिस्टेंसिंग का अभ्यास करते नजर आए। एक किराने की दुकान के बाहर का यह दृश्य मंगलवार का है। इसे बंगलूरू पुलिस ने जारी किया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम पांच बजे अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के नागरिकों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बातचीत करेंगे।
ईरान में कोरोना वायरस के फैलते प्रकोप के मद्देनजर 277 भारतीय यात्रियों को लेकर महन एयर की उड़ान ईरान के तेहरान से बुधवार सुबह दिल्ली हवाई अड्डे पर उतरी।