केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि कोरोना के केस बढ़ रहे हैं। इसे कोरोना का दूसरा चरण नहीं कहा जा सकता, लेकिन कोरोना की इस चेन को तोड़ना होगा। यह तभी संभव होगा, जब हर व्यक्ति मास्क लगाएगा। एक माह तक लगातार लोग मास्क लगाएंगे और दो गज की दूरी बनाए रखेंगे तो कोरोना हारेगा। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि देश में लॉकडाउन नहीं लगेगा।
निगेटिव रिपोर्ट के बावजूद एयरपोर्ट पर संक्रमित मिले यात्री
विदेश से आए कई यात्री हैदराबाद हवाईअड्डे पर जांच के दौरान कोरोना संक्रमित पाए गए। इन यात्रियों के पास कोरोना निगेटिव रिपोर्ट थी। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की अधिकारी अनुराधा मेदोजू ने रविवार को बताया, संक्रमित मिले लोगों की जानकारी राज्य सरकार के अधिकारियों के साथ साझा की गई। एयरपोर्ट पर ब्रिटेन से आने वालों का अनिवार्य रूप से परीक्षण किया जा रहा है।
टीके की दूसरी खुराक के 28 दिन बाद तक नहीं कर सकते रक्तदान
नई दिल्ली। अगर आपने कोरोना का टीका लगवाया है तो आप 56 दिन तक रक्तदान नहीं कर सकेंगे। यह आदेश नेशनल ब्लड ट्रंासफ्यूजन काउंसिल (एनबीटीसी) के निदेशक डॉ. सुनील गुप्ता की ओर से पांच मार्च को जारी किया गया है।
आदेश के अनुसार कोरोना के टीके की पहली खुराक लेने के 56 और दूसरी खुराक लेने के 28 दिन बाद तक रक्तदान नहीं किया जा सकता। एनबीटीसी की 17 फरवरी को हुई 30वीं बैठक में वैक्सीनेशन के बाद रक्तदान को लेकर हुई चर्चा में इस पर निणर्य लिया गया। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार किसी व्यक्ति के टीकाकरण के लिए टीके की दोनों खुराकों के बीच 28 दिन का अंतराल जरूरी है। सामान्य तौर पर टीके के दूसरी खुराक लेने के दो हफ्ते बाद प्रतिरोधक क्षमता शरीर में विकसित होती है।
वैक्सीन की प्रभावशीलता कम नहीं करता अल्कोहल...
क्या कोरोना की वैक्सीन लेने के बाद एल्कोहल से बचना चाहिए? अक्सर पूछे जाने वाले इस सवाल पर स्वास्थय मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि विशेषज्ञों के अनुसार ऐसे कोई सुबूत नहीं है कि अल्कोहल वैक्सीन की प्रभावशीलता पर असर डालता हो।