कोरोना टीकाकरण को लेकर सरकार ने 21 जून से पहले वैक्सीन की आखिरी खेप को राज्यों तक पहुंचाने की तैयारी कर ली है। इसके तहत 47 लाख खुराक राज्यों को इसी सप्ताह के अंत तक उपलब्ध हो सकेंगी क्योंकि इसके बाद आगामी सोमवार से देश में नए दिशा-निर्देश लागू होंगे जिसके तहत 75 फीसदी वैक्सीन की खरीद केंद्र सरकार करेगी और बाकी 25 फीसदी वैक्सीन सीधे निजी अस्पतालों को मिल सकेगी।
स्वास्थ्य मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि अब तक राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को 26.69 करोड़ से अधिक खुराकें दी गईं जिनमें 25,67,21,069 खुराकों की खपत हो चुकी है। अभी राज्यों के पास 1,05,61,861 खुराकें मौजूद हैं और इसी सप्ताह के अंत तक तक 47,43,580 खुराकें आखिरी खेप के जरिये उपलब्ध होंगी।
इसके बाद राज्य सरकारें वैक्सीन के लिए ऑर्डर नहीं दे पाएंगी। उन्होंने बताया कि अंतिम खेप उन्हीं राज्यों को मिल रही है जिन्होंने वैक्सीन को लेकर पहले ऑर्डर किए थे। आगामी 21 जून से राज्य सरकारों को केंद्र की ओर से वैक्सीन मुहैया कराई जाएगी जिसके लिए राज्यों को कोई खर्च नहीं करना है।
मंत्रालय के अनुसार, देश में अगले दो से तीन दिन में डेढ़ करोड़ खुराक भंडारण में उपलब्ध होंगी जिनका उपयोग टीकाकरण के लिए किया जा सकेगा। इस माह के अंत तक मंत्रालय ने सभी स्वास्थ्य कर्मचारियों और फ्रंटलाइन वर्कर के टीकाकरण को पूरा करने का लक्ष्य भी रखा है।
एस्ट्राजेनेका का दावा, कॉकटेल इलाज संक्रमितों में कोरोना रोकने में कारगर नहीं
दवा निर्माता एस्ट्राजेनेका ने मंगलवार को दावा किया है कि उसका मोनोक्लोनल एंटीबॉडी टीटमेंट (कॉकटेल) एजेडडी-7442 संक्रमित लोगों में कोरोना रोकने में कारगर नहीं है। कंपनी ने कहा, परीक्षण में 18 वर्ष से अधिक उम्र के लोग शामिल किए गए थे जो पिछले आठ दिनों में कोरोना संक्रमितों के संपर्क में आए थे।
रिपोर्ट के मुताबिक, एजेडडी-7442 प्लेसबो की तुलना में कोरोना के लक्षण दिखने के खतरे को सिर्फ 33 फीसदी तक ही कम कर पाया। कंपनी के कार्यकारी वाइस प्रेजिडेंट मेने पंगालोस ने कहा, यह आंकड़ा सांख्यिकी रूप से महत्वपूर्ण नहीं है। इसके उलट कोरोना नेगेटिव व्यक्तियों में एजेडडी-7442 कॉकटेल काफी प्रभावी दिखा और इन लोगों को वायरस से सुरक्षा भी प्रदान की।