केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने सोमवार को कहा कि राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को अबतक 36.97 करोड़ टीकों की खुराक उपलब्ध कराई जा चुकी हैं। मंत्रालय के मुताबिक सोमवार सुबह तक 34,95,74,408 खुराकों का इस्तेमाल किया जा चुका है। मंत्रालय के मुताबिक राज्यों और केंद्र शासित के पास अब भी 2,01,96,572 करोड़ खुराकें उपलब्ध हैं।
उधर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने केंद्र पर आरोप लगाया कि केंद्र सरकार राज्य को पर्याप्त मात्रा में टीका उपलब्ध नहीं करा रही है जिसके चलते कई जिलों में टीकाकरण अभियान पर असर पड़ रहा है। राजस्थान के पास महज 70,000 खुराक ही मौजूद हैं जिनका इस्तेमाल एक दिन (सोमवार) में ही हो जाएगा।
टीकों की कमी के चलते राज्य के कई जिलों में टीकाकरण अभियान को रोक दिया गया है। उन्होंने केंद्र से अपील करते हुए कहा कि राज्य को पर्याप्त मात्रा में टीके मुहैया कराए जाएं ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों का टीकाकरण कर तीसरी लहर के खतरे को कम किया जा सके। राज्य में टीकों की बर्बादी नहीं हो रही है, लेकिन टीकों की कमी से लोगों में नाराजगी है।