फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Corona Vaccination Today Live: पश्चिम बंगाल में 15 हजार से अधिक स्वास्थ्यकर्मियों को लगा टीका, एईएफआई के 14 मामले आए सामने

Sun, 17 Jan 2021 12:13 AM IST
Amit Mandal न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

भारत में शनिवार 16 जनवरी से कोरोना वायरस के खिलाफ दुनिया के सबसे बड़े टीकाकरण अभियान का आगाज हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जिस दिन का बेसब्री से इंतजार था वो आ गया है। इसी दिन के लिए राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर ने कहा था कि मानव जब जोर लगाता है तो पत्थर पानी बन जाता है। उन्होंने कहा कि कोरोना टीका विकसित करने के लिए वैज्ञानिकों ने कड़ी मेहनत की है। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि आज से दुनिया के सबसे बड़े टीकाकरण अभियान की शुरुआत हो रही है। इस दौरान वह उन लोगों को याद करके भावुक हो गए जो बीमार होने पर अस्पताल गए लेकिन वापस नहीं आए। प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारे डॉक्टर्स, नर्स, पैरामेडिकल स्टाफ, एंबुलेंस ड्राइवर, आशा वर्कर, सफाई कर्मचारी, पुलिस कर्मी और फ्रंटलाइन वर्कर्स, इन्होंने मानवता के प्रति अपने दायित्व को प्राथमिकता दी। इनमें से अधिकांश तब अपने बच्चों, अपने परिवार से दूर रहे। उन्होंने एक बार फिर से दवाई भी और कड़ाई भी नारे को दोहराया। इसके बाद दिल्ली एम्स में सफाई कर्मचारी को कोरोना का पहला टीका लगा। इसके बाद खुद एम्स निदेशक डॉक्टर रणदीप गुलेरिया ने टीका लगवाया। आज देशभर में तीन लाख लोगों को कोरोना का टीका लगाया जाएगा। यहां पढ़ें इससे जुड़े अपडेट्स-
विज्ञापन
देशभर में आज से टीकाकरण शुरू हो गया है - फोटो : ANI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

12:07 AM, 17-Jan-2021

पश्चिम बंगाल स्वास्थ्य विभाग की ओर से बताया गया कि शनिवार को राज्य में कुल 15,707 स्वास्थ्य लाभार्थियों का टीकाकरण किया गया है। जिसमें से टीकाकरण के बाद प्रतिकूल घटना (एईएफआई) के 14 मामले दर्ज किए गए हैं। इसमें एईएफआई का एक गंभीर मामला (स्थिति स्थिर)  सामने आया है, जिसे एनआरएस मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
 

12:00 AM, 17-Jan-2021

तेलंगाना में टीकाकरण के बाद प्रतिकूल घटना के 11 मामले

तेलंगाना सरकार ने बताया कि शनिवार को राज्य में टीकाकरण के बाद प्रतिकूल घटना (AEFI) के 11 मामले सामने आए हैं। तेलंगाना में शनिवार को कुल 3,962 लाभार्थियों को टीका लगाया गया है। 
 

11:51 PM, 16-Jan-2021

एम्स के सुरक्षा गार्ड को कोविड-19 टीकाकरण के बाद एलर्जी की शिकायत

दिल्ली में एम्स के सुरक्षा गार्ड को कोविड-19 टीकाकरण के बाद एलर्जी की शिकायत सामने आई है। उन्हें अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। एम्स के अधिकारी ने इसकी पुष्टि की है।
 

विज्ञापन
11:25 PM, 16-Jan-2021

केरल में 8 हजार से अधिक स्वास्थ्यकर्मियों का टीकाकरण

केरल में आज 8,062 स्वास्थ्य कर्मचारियों को कोरोना का टीका लगाया गया। इनमें से सबसे अधिक पलक्कड़ जिले में 857 स्वास्थ्यकर्मियों को टीके लगाए गए। वहीं राज्य में दूसरे चरण के लिए भी पंजीकरण पूरा हो गया। 

11:17 PM, 16-Jan-2021

महाराष्ट्र में 18 जनवरी तक नहीं होगा टीकाकरण

COWIN एप में तकनीकी खराबी के कारण महाराष्ट्र में कोरोना टीकाकरण को 18 जनवरी तक अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया है। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने यह जानकारी दी है।

 

विज्ञापन
11:10 PM, 16-Jan-2021

तेलंगाना में 11 लोगों पर टीकाकरण का दुष्प्रभाव

दिल्ली के बाद तेलंगाना में कोरोना टीकाकरण का दुष्प्रभाव सामने आया है। ताजा जानकारी के अनुसार राज्य में 11 लोगों को प्रतिकूल प्रभाव महसूस हुए।

09:26 PM, 16-Jan-2021

दिल्ली में कोरोना टीके का दुष्प्रभाव

दिल्ली के एनडीएमसी के चरक पालिका अस्पताल में कोरोना वैक्सीन प्राप्त करने वाले 2 स्वास्थ्य कर्मचारियों को टीका लगाने के बाद दुष्प्रभाव का सामना करना पड़ा। उन्हें सीने में हल्के दर्द की शिकायत हुई। उन्हें एईएफआई टीम द्वारा निगरानी में रखा गया था, जब उन्हें सामान्य महसूस हुआ तो आधे घंटे के बाद छुट्टी दे दी गई। 
 

07:32 PM, 16-Jan-2021

आज पूरे देश में 1,91,181 लोगों को कोरोना का टीका

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार आज शाम तक पूरे देश में 1,91,181 लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया। वहीं वैक्सीन लगाने वाले स्वास्थ्यकर्मियों की संख्या 16,755 थी।
 

07:26 PM, 16-Jan-2021

कोरोना टीकाकरण का पहला दिन सफलः स्वास्थ्य मंत्रालय

स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि कोरोना टीकाकरण का पहला दिन बिल्कुल सफल रहा और किसी भी तरह के प्रतिकूल प्रभाव सामने नहीं आए।

07:15 PM, 16-Jan-2021

कोविशील्ड की सप्लाई भारत के प्रत्येक राज्य मेंः स्वास्थ्य मंत्रालय

शनिवार को टीकाकरण समाप्त होने के बाद स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि सीरम इंस्टीट्यूट ने अपनी वैक्सीन कोविशील्ड की सप्लाई सभी राज्यों / केंद्र शासित प्रदेशों में किया है। वहीं भारत बायोटेक की वैक्सीन कोवैक्सीन 12 राज्यों को आपूर्ति की गई। 

06:40 PM, 16-Jan-2021

दिल्ली के आर्मी हॉस्पिटल में टीकाकरण का आयोजन

कोरोना योद्धाओं को आज दिल्ली के आर्मी हॉस्पिटल, आर्म्ड फोर्सेस क्लिनिक और बेस हॉस्पिटल में टीके लगाए गए। सभी ने टीके लेने के बाद डॉक्टर का धन्यवाद जताया।

 

05:55 PM, 16-Jan-2021

असम में कोरोना टीकाकरण की शुरुआत

असम के मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने डिब्रूगढ़ के असम मेडिकल कॉलेज में कोरोना टीकाकरण का शुभारंभ किया। 

05:41 PM, 16-Jan-2021

पंजाब में स्वास्थ्यकर्मी को लगा कोरोना का टीका 

पंजाब में आज सबसे पहले स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को लुधियाना के डीएमसी अस्पताल में टीके लगाए गए। इस दौरान एक स्वास्थ्य कार्यकर्ता ने कहा कि हम पहला टीका प्राप्त करने के लिए भाग्यशाली हैं। लोगों को टीकाकरण से डरना चाहिए।

 

05:37 PM, 16-Jan-2021

कोरोना के खिलाफ सबसे सफल जंग भारत मेंः अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि आज टीकाकरण की शुरुआत हो गई है। विश्व में कोरोना से सबसे कम मौतें भारत में हुई हैं और सबसे ज्यादा लोग ठीक होकर अपने परिवार के पास लौटे हैं। उन्होंने कहा कि एक साल से ज्यादा समय से हम कोरोना के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि विश्व में बहुत से लोगों की जान गई। प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में दुनिया में अगर कोरोना के खिलाफ सबसे सफल जंग कहीं लड़ी गई है तो वो भारत के अंदर लड़ी गई है।

05:26 PM, 16-Jan-2021

राजनाथ सिंह ने कहा- जरूरतमंद दूसरे देशों को भी निर्यात करेंगे वैक्सीन

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि  आज टीकाकरण की शुरूआत पूरे देश में हुई है। जिन लोगों का टीकाकरण हुआ है, उसकी सफलता को देखकर स्वाभाविक है कि लोग टीके लगवाएंगे। हमारे देश के वैज्ञानिक चार और वैक्सीन लगभग तैयार कर चुके हैं।

उन्होंने कहा कि दुनिया के दूसरे जरूरतमंद देशों को भी हम वैक्सीन का निर्यात करेंगे। भारत सिर्फ अपनी चिंता करने वाला देश नहीं है। पूरा देश एक परिवार है 'वसुधैव कुटुंबकम' का संदेश हमारे देश ने दिया है।
 
 

04:56 PM, 16-Jan-2021

राज्य के प्रत्येक नागरिकों को टीके उपलब्ध कराए केंद्रः ममता बनर्जी

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने केंद्र से अनुरोध करते हुए कहा कि टीके पर्याप्त संख्या में आपूर्ति करें, ताकि टीके न केवल फ्रंटलाइन श्रमिकों के लिए बल्कि राज्य के सभी लोगों के लिए उपलब्ध हो सके। सीएम ममता ने कहा कि राज्य के सभी लोगों को टीके मुफ्त मिलनी चाहिए और जरूरत पड़ी तो राज्य भी वित्तीय भार वहन करेंगे।
 
कोलकाता में पुलिस के जवान को लगा टीका
पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में आज कोलकाता पुलिस के एक जवान को कोरोना का टीका लगाया गया।
 

04:12 PM, 16-Jan-2021

पुडुचेरी में कोरोना टीकाकरण अभियान की शुरुआत

पुडुचेरी के मुख्यमंत्री वी नारायणसामी ने राजीव गांधी महिला एवं बाल अस्पताल में कोरोना टीकाकरण अभियान की शुरुआत की।
 

04:04 PM, 16-Jan-2021

वैक्सीन के दुष्परिणाम होने पर मुआवजाः भारत बायोटेक

कोरोना वैक्सीन कोवैक्सीन की 55 लाख खुराक की आपूर्ति के लिए सरकारी खरीद आदेश प्राप्त करने वाले भारत बायोटेक ने कहा है कि टीकाकरण के बाद किसी भी तरह के गंभीर प्रतिकूल प्रभाव होने पर कंपनी मुआवजा देगी।

03:51 PM, 16-Jan-2021

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने टीकाकरण स्थल का किया दौरा

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रांची के सदर अस्पताल में कोरोना टीकाकरण स्थल का दौरा किया। उन्होंने इस दौरान कहा कि कई डॉक्टरों, स्वास्थ्य और स्वच्छता कर्मचारियों को आज टीका लगाया गया है। राज्य में कुल 48 टीकाकरण केंद्र हैं।

03:47 PM, 16-Jan-2021

डॉ हर्षवर्धन ने टीकाकरण स्थल का दौरा किया

केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री डॉ हर्षवर्धन ने शनिवार को दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में कोरोना टीकाकरण स्थल का दौरा किया।

03:28 PM, 16-Jan-2021

दिल्ली के आरएमएल अस्पताल के डॉक्टर्स की मांग- हमें लगाई जाए कोविशील्ड

दिल्ली के राम मनोहर लोहिया (आरएमएल) अस्पताल के रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन ने चिकित्सा अधीक्षक से अनुरोध किया कि वे उन्हें ऑक्सफोर्ड की कोविड-19 वैक्सीन कोविशील्ड लगाई जाए। उन्होंने भारत बायोटेक की कोवैक्सिन को लेकर आशंका जताई है।
 

03:24 PM, 16-Jan-2021

मेडिकल वैन चालक को लगी वैक्सीन

गुजरात में डॉक्टरों के साथ राजकोट के मेडिकल वैन चालक को टीकाकरण अभियान के पहले दिन कोविड-19 वैक्सीन लगाई गई।

03:20 PM, 16-Jan-2021

वैक्सीन लगाने के बाद मुझे अच्छा लग रहा है

लेह में अग्रिम चौकियों पर तैनात भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के जवानों को कोविड-19 का टीका लगाया गया। एक सैनिक ने कहा, 'आज हमें लद्दाख के सेक्टर अस्पताल में कोरोना वैक्सीन लगाई गई। इसका कोई साइड-इफेक्ट नहीं हुआ और मुझे अच्छा लग रहा है।'
 
 

03:15 PM, 16-Jan-2021

पलानीस्वामी की उपस्थिति में स्वास्थ्यकर्मियों को लगा टीका

तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई के राजीव गांधी गवर्नमेंट जनरल हॉस्पिटल में आज मुख्यमंत्री के पलानीस्वामी की उपस्थिति में स्वास्थ्यकर्मियों को कोविड-19 वैक्सीन लगाई गई।
 
 

03:10 PM, 16-Jan-2021

आरएमएल अस्पताल के डॉ. एके सिंह राणा को लगा टीका

दिल्ली के आरएमएल अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एके सिंह राणा को आज भारत बायोटेक की कोवैक्सिन टीका लगाया गया।
 

03:05 PM, 16-Jan-2021

लोगों से अनुरोध करता हूं वैक्सीन को लेकर न फैलाएं अफवाह

केंद्रीय गृह राज्य जी किशन रेड्डी ने कोविड वैक्सीन की प्रभावकारिता पर संदेह को लेकर कहा, 'मैं लोगों से अनुरोध करता हूं कि ऐसी बातें न करें। अन्य देशों में परीक्षण की गई दवाओं को अच्छा माना जाता है, लेकिन जब हमारे वैज्ञानिक भारत में दवाओं का निर्माण और विकास करते हैं, तो लोग इसे गलत तरीके से देखते हैं। मैं इस तरह की चीजों पर चर्चा न करने का अनुरोध करता हूं। परीक्षण के बाद ही टीकों को मंजूरी दी गई है। मैं यह विश्वास से कहता हूं कि टीके सभी को लाभान्वित करेंगे।'
 
 

03:00 PM, 16-Jan-2021

पंजाब के सीएम ने लिया वैक्सीनेशन का जायजा

पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने मोहाली के सिविल अस्पताल में चल रहे वैक्सीनेशन का जायजा लिया।
 
 

02:55 PM, 16-Jan-2021

कोविड मुक्त बनने की राह पर है भारत

केंद्रीय पर्यावरण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कहा, 'जिस तरह से भारत प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मजबूत नेतृत्व में कोविड के खिलाफ मजबूती से खड़ा है वो हर भारतीय के लिए गर्व की बात है। आज प्रधानमंत्री द्वारा दुनिया के सबसे बड़े टीकाकरण अभियान के शुभारंभ के साथ ही भारत एक कोविड मुक्त राष्ट्र बनने की राह पर अग्रसर है।'
 
 

02:50 PM, 16-Jan-2021

आज दुनिया मान रही है भारत का लोहा: रविशंकर प्रसाद 

केंद्रीय कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद ने टीकाकरण कार्यक्रम शुरू होने पर कहा, 'भारत ने इस महामारी से जिस प्रकार से मुकाबला किया उसका लोहा आज पूरी दुनिया मान रही है। केंद्र और राज्य सरकारें, स्थानीय निकाय, हर सरकारी संस्थान, सामाजिक संस्थाएं, कैसे एकजुट होकर बेहतर काम कर सकते हैं, ये उदाहरण भी भारत ने दुनिया के सामने रखा है।'
 

02:45 PM, 16-Jan-2021

महाराष्ट्र को मिली 10 लाख वैक्सीन की खुराक

महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने कहा, 'महाराष्ट्र को कोरोना वायरस वैक्सीन की 17.50 लाख खुराक की जरूरत है, क्योंकि 8 लाख स्वास्थ्य कर्मचारियों ने इस कार्यक्रम में पंजीकरण कराया है। हमें 10 लाख खुराक मिली है और हमें अभी भी 7.5 लाख की जरूरत है।'

02:40 PM, 16-Jan-2021

लद्दाख में आईटीबीपी के 20 जवानों को लगी वैक्सीन

लेह के सेक्टर अस्पताल में कुल 20 आईटीबीपी जवानों को कोरोना की वैक्सीन लगाई गई। इसमें दो महिला अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी कात्यायनी शर्मा पांडे और चिकित्सा अधिकारी डॉ. स्केलांग अंगो शामिल हैं।
 
 

02:35 PM, 16-Jan-2021

अस्पताल के कर्मचारियों ने मनाया जश्न

हैदराबाद के कोंडापुर जिला अस्पताल में टीकाकरण अभियान का समापन होने के बाद अस्पताल के कर्मचारियों ने जश्न मनाया।

02:30 PM, 16-Jan-2021

कोरोना के सक्रिय मामले घटे

स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने शनिवार को कहा, 'भारत में कोरोना वायरस के सक्रिय मामले घटकर कुल पॉजिटिव मामलों के 2 प्रतिशत रह गए हैं। कोरोना वायरस का रिकवरी रेट अब 96.56 प्रतिशत है।'
 
 

02:25 PM, 16-Jan-2021

सत्येंद्र जैन ने लिया वैक्सीनेशन का जायजा

दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने राजीव गांधी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में चल रहे कोरोना वायरस वैक्सीनेशन का जायजा लिया। राजधानी दिल्ली में आज कुल 81 साइट पर वैक्सीनेशन चल रहा है।
 
 

02:20 PM, 16-Jan-2021

हमने बनाईं दो स्वदेशी वैक्सीन

लखनऊ में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, 'हम लोगों के लिए खुशी की बात है कि वैक्सीनेशन का सिलसिला आज से शुरू हो गया है। हमने 2 स्वदेशी वैक्सीन बना ली हैं और 4 वैक्सीन और आने वाली हैं। ये वैक्सीन केवल भारतवासियों को ही नहीं लगाई जाएंगी बल्कि दुनिया के दूसरे देशों को भी जल्द ही निर्यात की जाएंगी।'
 

02:15 PM, 16-Jan-2021

सभी वैज्ञानिकों को बहुत-बहुत बधाई

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने टीकाकरण शुरू होने पर कहा, 'देश आज एक ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बनने जा रहा है। नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में कोरोना के विरुद्ध लड़ाई में भारत ने एक अहम पड़ाव पार किया है। विश्व का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान, भारत के वैज्ञानिकों की अपार क्षमता और हमारे नेतृत्व की शक्ति को दर्शाता है। भारत उन चुनिंदा देशों में से एक है, जिसने मानवता के विरुद्ध आए सबसे बड़े संकट को समाप्त करने की दिशा में विजय पाई है। इस अभूतपूर्व उपलब्धि से हर भारतीय गौरवान्वित है। यह विश्वपटल पर एक नए आत्मनिर्भर भारत का उदय है। सभी वैज्ञानिकों को बहुत-बहुत बधाई।'

02:09 PM, 16-Jan-2021

167 बूथों पर होगा टीकाकरण

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा, 'सभी को इस दिन का बेसब्री से इंतजार था। अंत में, टीका आ गया है। टीकाकरण 167 बूथों पर होगा। हर किसी का टीकाकरण करने में एक से डेढ़ साल का समय लगेगा। तब तक हमें कोविड-19 से संबंधित प्रोटोकॉल का पालन करना जारी रखना होगा।'
 

02:04 PM, 16-Jan-2021

उत्तराखंड में टीकाकरण की हैं 33 सेशन साइट

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत की मौजूदगी में देहरादून के राजकीय दून मेडिकल कॉलेज में कोरोना वायरस का वैक्सीनेशन शुरू हुआ। मुख्यमंत्री ने कहा, 'उत्तराखंड में टीकाकरण की 33 सेशन साइट हैं और पहले चरण में हमारे 50,000 स्वास्थ्यकर्मियों को वैक्सीन लगेगी।'
 

01:58 PM, 16-Jan-2021

उद्धव ठाकरे ने किया टीकाकरण केंद्र का उद्घाटन 

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने मुंबई में बीकेसी जंबो कोविड-19 अस्पताल में टीकाकरण केंद्र का उद्घाटन किया और आज टीकाकरण कार्यक्रम का जायजा लिया।
 

01:53 PM, 16-Jan-2021

मनीष तिवारी ने वैक्सीन पर उठाए सवाल

कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने कहा, 'कई प्रख्यात डॉक्टरों ने सरकार के साथ कोवैक्सिन की प्रभावकारिता और सुरक्षा के संबंध में सवाल उठाए हैं और कहा है कि लोग यह नहीं चुन पाएंगे कि उन्हें कौन सा वैक्सीन लेना है। यह सूचित सहमति के पूरे सिद्धांत के खिलाफ है। यदि वैक्सीन इतना सुरक्षित और विश्वसनीय है और वैक्सीन की प्रभावकारिता सवालों से परे है तो फिर यह कैसे हो सकता है कि सरकार के एक भी अधिकारी ने टीका नहीं लगवाया है क्योंकि ऐसा दुनिया भर के अन्य देशों में हो चुका है?'
 
 

01:46 PM, 16-Jan-2021

अपने विज्ञान में दिखाएं विश्वास

नीति आयोग के सदस्य (स्वास्थ्य) डॉ. वीके पॉल ने कहा, 'आज हमने दिखाया है कि हम भारत के लोगों की रक्षा करने में 'आत्मानिर्भर' हो सकते हैं, हमने कम समय में कोरोना का टीका बनाया है। हमारे पास भारत में दो लाइसेंस प्राप्त टीके हैं, दोनों ही अच्छे टीके हैं। कृपया इसका सम्मान करें। अपने स्वयं के उत्पादों, अपने स्वयं के विज्ञान, स्वयं की प्रौद्योगिकी और नियामक प्रणाली में विश्वास करें और केंद्र एवं राज्य सरकार में विश्वास दिखाएं।'
 
 

01:40 PM, 16-Jan-2021

स्वास्थ्य राज्य मंत्री ने लिया टीकाकरण अभियान का जायजा

दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने राम मनोहर लोहिया अस्पताल में चल रहे टीकाकरण अभियान का जायजा लिया। 
 
 

01:35 PM, 16-Jan-2021

पूरी तरह सुरक्षित है कोरोना का टीका

एम्स के निदेशक डॉ. रणदीप गुलेरिया ने कहा, 'हमने दुनिया का सबसे बड़ा टीकाकरण कार्यक्रम शुरू किया है और हमें पूरा विश्वास है कि यह एक सुगम कार्यक्रम होगा और हम बहुत बड़ी संख्या में लोगों का टीकाकरण कर सकेंगे। जहां तक महामारी का संबंध है, इसके अंत की शुरुआत हो गई है। मैं सभी को आश्वस्त करना चाहता हूं कि टीका सुरक्षित है। यह प्रभावोत्पादक है। हमें बड़ी संख्या में लोगों का टीकाकरण करना है और इसलिए हम बहुत ज्यादा चूजी नहीं हो सकते हैं। हमें अपने शोधकर्ताओं, वैज्ञानिकों और नियामक अधिकारियों पर विश्वास होना चाहिए।'
 
 

01:30 PM, 16-Jan-2021

यूपी के सीएम ने टीकाकरण कार्यक्रम का लिया जायजा

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बलरामपुर अस्पताल में चल रहे टीकाकरण कार्यक्रम का जायजा लिया। उन्होंने कहा, 'भारत ने दुनिया की सबसे सफल वैक्सीन बनाई है, आज बलरामपुर अस्पताल में कुल 102 स्वास्थ्यकर्मियों को वैक्सीन लगेगी। अब तक 15 लोगों ने वैक्सीन लगवाई है।'
 
 

01:24 PM, 16-Jan-2021

अफवाहों पर न दें ध्यान

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एलएनजेपी अस्पताल में टीकाकरण अभियान का निरीक्षण करने के बाद कहा, दिल्ली के 81 टीकाकरण केंद्रों पर 8,100 लोगों को वैक्सीन लगाई जाएगी। मैं लोगों से अपील करता हूं कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें। विशेषज्ञों ने कहा है कि टीके सुरक्षित हैं।
 

01:20 PM, 16-Jan-2021

भाजपा सांसद महेश शर्मा को लगा कोरोना का टीका

भाजपा नेता और गौतमबुद्ध नगर से सांसद महेश शर्मा ने शनिवार को 'स्वास्थ्य कार्यकर्ता' के तौर पर कोरोना का टीका लगवाया। वे कोविड-19 का टीका लगाने वाले पहले सांसद बन गए हैं।

01:11 PM, 16-Jan-2021

अदार पूनावाला ने लगाई वैक्सीन

सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के सीईओ अदार पूनावाला ने अपनी कंपनी द्वारा निर्मित कोविशील्ड वैक्सीन का एक शॉट लिया।
 

01:06 PM, 16-Jan-2021

आज एक ऐतिहासिक दिन है

जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा, आज एक ऐतिहासिक दिन है। हम समयसीमा के भीतर टीकाकरण अभियान के पहले चरण को सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए काम कर रहे हैं और फिर एक स्वस्थ जम्मू और कश्मीर बनाने के लिए दूसरे चरण को पूरा करेंगे। हमें कोविड-19 प्रोटोकॉल के पालन को जारी रखने की आवश्यकता है। 
 

01:02 PM, 16-Jan-2021

जम्मू के सफाई कर्मचारी ने कहा- हमें टीके से है उम्मीद

जम्मू मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में कोविड-19 टीकाकरण अभियान जारी है। एक सफाई कर्मचारी ने कहा, 'महामारी के दौरान कोविड-19 कर्तव्यों का पालन करते हुए हमें कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। 6-7 महीने तक मैं घर भी नहीं गया। टीके से हमें उम्मीद है।'
 
 

12:57 PM, 16-Jan-2021

निम्न-आय वर्ग को मिले मुफ्त वैक्सीन

पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा, 'मुझे बहुत खुशी है कि कोविड-19 टीकाकरण अभियान शुरू हो गया है। हमने स्वास्थ्य कर्मचारियों के साथ शुरुआत की है और यह धीरे-धीरे अन्य लोगों को भी लगाया जाएगा। मैंने निम्न-आय वर्ग के लिए नि: शुल्क वैक्सीन का अनुरोध करने के लिए प्रधानमंत्री को पत्र को लिखा है। वैज्ञानिकों और डॉक्टरों ने कहा है कि टीका सुरक्षित है। यहां तक कि इंग्लैंड की रानी के पास भी है, वह 93 साल की हैं। उनके पति जो 99 साल के हैं, उनके पास भी है। तो किस बात का डर है? डरने की कोई जरूरत नहीं है।'
 
 

12:54 PM, 16-Jan-2021

महाराष्ट्र में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कोरोना का जलाया पुतला

मुंबई के घाटकोपर इलाके में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कोरोना वायरस का पुतला जलाकर जश्न मनाया। कोविड-19 के खिलाफ आज से देशव्यापी टीकाकरण अभियान के पहले चरण की शुरुआत हो गई है।
 
 

12:50 PM, 16-Jan-2021

एक केंद्र पर 100 लोगों को लगेगी वैक्सीन

दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा, 'दिल्ली में आज से वैक्सीनेशन शुरू हुआ है। 81 केंद्रों पर यह वैक्सीनेशन एक साथ शुरू की गई है जिसमें ज्यादातर अस्पताल हैं। एक केंद्र पर 100 लोगों को वैक्सीन लगाई जाएगी। कुल मिलाकर आज 8100 लोगों को वैक्सीन लगाने की योजना है।'
 
 

12:40 PM, 16-Jan-2021

मेरा अनुभव बहुत ही अच्छा रहा

दिल्ली एम्स में कोरोना का पहला टीका लगवाने वाले सफाई कर्मचारी मनीष कुमार ने कहा, 'मेरा अनुभव बहुत ही अच्छा रहा है, वैक्सीन लगने से मुझे कोई झिझक नहीं होगी और मैं अपने देश की और सेवा करता रहूंगा। लोगों को घबराने की कोई जरूरत नहीं है। मेरे मन में जो डर था वो भी निकल गया। सबको वैक्सीन लगवानी चाहिए।'
 


 

12:33 PM, 16-Jan-2021

भारत के पास है अनुभव

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने कहा, यह शायद दुनिया में कहीं भी कोविड-19 के खिलाफ सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान है। भारत के पास ऐसी चुनौतियों को संभालने का जबरदस्त अनुभव है। हमने पहले ही पोलियो और चेचक का उन्मूलन किया है।
 
 

12:28 PM, 16-Jan-2021

एम्स के पूर्व निदेशक ने लगाई वैक्सीन

ओडिशा में एम्स के पूर्व निदेशक और एसओए विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. अशोक मोहापात्रा ने भुवनेश्वर के एसयूएम अस्पताल में कोविड-19 वैक्सीन लगवाई।
 
 

12:06 PM, 16-Jan-2021

सीएम और डिप्टी सीएम की मौजूदगी में शुरू हुआ टीकाकरण अभियान 

गुजरात में मुख्यमंत्री विजय रूपाणी और उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल की मौजूदगी में अहमदाबाद के सिविल अस्पताल में कोविड-19 टीकाकरण अभियान की शुरुआत हुई।
 
 

12:01 PM, 16-Jan-2021

इंदौर में आशा पवार को लगा पहला टीका

मध्यप्रदेश के इंदौर में आशा पवार को कोरोना का पहला टीका लगाया गया है।

11:59 AM, 16-Jan-2021

जम्मू और कश्मीर में शुरू हुआ टीकाकरण

जम्मू और कश्मीर के शेर-ए-कश्मीर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में टीकाकरण अभियान शुरू हो गया है। एक स्वयंसेवक ने कहा, 'मैं खुश हूं। मैंने स्वयंसेवकों को दूसरों को प्रोत्साहित करने के लिए पहला टीका लगवाया है जिससे दूसरों को भी वैक्सीन का लाभ मिल सके।'
 
 

11:53 AM, 16-Jan-2021

हर्षवर्धन ने दिखाई कोवैक्सीन की एक खुराक

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने दिल्ली एम्स में भारत बायोटेक द्वारा विकसित कोवैक्सीन की एक खुराक को दिखाया। आज से देशभर में टीकाकरण का पहला चरण शुरू हो गया है।
 
 

11:49 AM, 16-Jan-2021

कोरोना के खिलाफ लड़ाई में 'संजीवनी' का काम करेगी वैक्सीन

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने कहा, 'आज मैं बहुत खुश और संतुष्ट हूं। हम पिछले एक साल से प्रधानमंत्री के नेतृत्व में कोविड-19 के खिलाफ लड़ रहे हैं। यह वैक्सीन कोरोना वायरस की लड़ाई में 'संजीवनी' का काम करेगी, जिसने अंतिम चरण में प्रवेश किया है।'
 
 

11:45 AM, 16-Jan-2021

सीएम शिवराज की उपस्थिति में वार्ड बॉय को लगा पहला टीका

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की उपस्थिति में हमीदिया में वार्ड बॉय श्री संजय यादव को कोरोना का पहला टीका लगाया गया। इसके साथ ही प्रदेश में दुनिया के सबसे बड़े टीकाकरण कार्यक्रम की शुरुआत हो गई है।

11:25 AM, 16-Jan-2021

एम्स निदेशक गुलेरिया ने लगवाया टीका

दिल्ली एम्स के निदेशक डॉ. रणदीप गुलेरिया ने एम्स में कोविड-19 का टीका लगवाया।
 
 

11:19 AM, 16-Jan-2021

दिल्ली में एक सफाई कर्मचारी को लगा पहला टीका

दिल्ली एम्स में एक सफाई कर्मचारी को कोविड-19 वैक्सीन का पहला टीका लगाया गया। इस मौके पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन भी मौजूद रहे।
 
 

11:16 AM, 16-Jan-2021

टीकाकरण अभियान अभी लंबा चलेगा

  • भारत की वैक्सीन, हमारी उत्पादन क्षमता पूरी मानवता के हित में काम आए, ये हमारी प्रतिबद्धता है। ये टीकाकरण अभियान अभी लंबा चलेगा, हमें जन जन के जीवन को बचाने में योगदान देने का मौका मिला है।
  • उन्होंने एक-एक जीवन को बचाने के लिए अपना जीवन आहुत कर दिया। इसलिए आज कोरोना का पहला टीका स्वास्थ सेवा से जुड़ लोगों को लगाकरो एक तरह से समाज अपना ऋण चुका रहा है। ये टीका उन सभी साथियों के प्रति कृतज्ञ राष्ट्र की श्रद्धांजलि भी है।
  • हमारे डॉक्टर्स, नर्स, पैरामेडिकल स्टाफ, एंबुलेंस ड्राइवर, आशा वर्कर, सफाई कर्मचारी, पुलिस कर्मी और फ्रंटलाइन वर्कर्स, इन्होंने मानवता के प्रति अपने दायित्व को प्राथमिकता दी। इनमें से अधिकांश तब अपने बच्चों, अपने परिवार से दूर रहे।
  • आज जब हमने वैक्सीन बना ली है, तब भी भारत की तरफ दुनिया आशा और उम्मीद की नजरों से देख रही है। जैसे जैसे हमारा टीकाकरण अभियान आगे बढ़ेगा, दुनिया के अनेक देशों को हमारे अनुभव का लाभ मिलेगा।

11:07 AM, 16-Jan-2021

दुनिया ने माना भारत का लोहा

  • डीआरडीओ, इसरो और फौज से लेकर किसान और श्रमिक तक सभी एक संकल्प के साथ कैसे काम कर सकते हैं ये भारत ने दिखाया है। 2 गज की दूरी और मास्क है जरूरी, पर फोकस करने वालों में भी भारत अग्रणी देशों में रहा। 
  • कोरोना के काल में हमारे कई साथी ऐसे रहे जो बीमार होकर अस्पताल गए तो लौटे ही नहीं। संकट के उसी समय में, निराशा के उसी वातावरण में, कोई आशा का भी संचार कर रहा था, हमें बचाने के लिए अपने प्राणों को संकट में डाल रहा था। ये लोग थे हमारे डॉक्टर, नर्स, पैरामेडिकल स्टाफ, एंबुलेंस ड्राइवर, आशा वर्कर, सफाई कर्मचारी, पुलिस और दूसरे फ्रंटलाइन वर्कर्स।
  • जनता कर्फ्यू, कोरोना के विरुद्ध हमारे समाज के संयम और अनुशासन का भी परीक्षण था, जिसमें हर देशवासी सफल हुआ। जनता कर्फ्यू ने देश को मनोवैज्ञानिक रूप से लॉकडाउन के लिए तैयार किया। हमने ताली-थाली और दीए जलाकर, देश के आत्मविश्वास को ऊंचा रखा। 
  • भारत ने इस महामारी से जिस प्रकार से मुकाबला किया उसका लोहा आज पूरी दुनिया मान रही है। केंद्र और राज्य सरकारें, स्थानीय निकाय, हर सरकारी संस्थान, सामाजिक संस्थाएं, कैसे एकजुट होकर बेहतर काम कर सकते हैं, ये उदाहरण भी भारत ने दुनिया के सामने रखा।
 

11:02 AM, 16-Jan-2021

पीएम मोदी बोले- लोगों से बनता है राष्ट्र

  • मुझे याद है, एक देश में जब भारतीयों को टेस्ट करने के लिए मशीनें कम पड़ रहीं थीं तो भारत ने पूरी लैब भेज दी थी ताकि वहां से भारत आ रहे लोगों को टेस्टिंग की दिक्कत ना हो।
  • हम दूसरों के काम आएं, ये निश्वार्थ भाव हमारे भीतर रहना चाहिए। राष्ट्र सिर्फ मिट्टी, पानी, कंकड़, पत्थर से नहीं बनता। बल्कि राष्ट्र का मतलब होता है हमारे लोग।
  • संकट कितना भी बड़ा क्यों न हो, देश वासियों ने कभी आत्मविश्वास खोया नहीं। जब भारत में कोरेाना पहुंचा तब देश में कोरोना टेस्टिंग की एक ही लैब थी, हमने अपने सामर्थ्य पर विश्वास रखा और आज 2,300 से ज्यादा नेटवर्क हमारे पास है।

11:00 AM, 16-Jan-2021

आज भारत शुरू कर रहा है टीकाकरण

  • शुरुआत में हम मास्क, पीपीई किट, टेस्टिंग किट, वेंटीलेटर जैसे जरूरी सामान के लिए भी विदेशों पर निर्भर थें, आज इन सभी सामानों के निर्माण में हम आत्मनिर्भर हो गए हैं और इनका निर्यात भी कर रहे हैं।
  • आज भारत जब अपना टीकाकरण अभियान शुरू कर रहा है, तो मैं उन दिनों को भी याद करना चाहता हूं, कोरोना संकट का वो दौर जब हर कोई चाहता था कि कुछ करें, लेकिन कोई रास्ता नहीं सूझता था।
  • ऐसे समय में जब कुछ देशों ने अपने नागरिकों को चीन में बढ़ते कोरोना के बीच छोड़ दिया था, तब भारत, चीन में फंसे हर भारतीय को वापस लेकर आया। और सिर्फ भारत के ही नहीं, हम कई दूसरे देशों के नागरिकों को भी वहां से वापस निकालकर लाए।

10:57 AM, 16-Jan-2021

24 घंटे सतर्क रहा भारत

  • जनता कर्फ्यू, कोरोना के विरुद्ध हमारे समाज के संयम और अनुशासन का भी परीक्षण था, जिसमें हर देशवासी सफल हुआ। जनता कर्फ्यू ने देश को मनोवैज्ञानिक रूप से लॉकडाउन के लिए तैयार किया। हमने ताली-थाली और दीए जलाकर, देश के आत्मविश्वास को ऊंचा रखा।
  • 17 जनवरी, 2020 वो तारीख थी, जब भारत ने अपनी पहली एडवायजरी जारी कर दी थी। भारत दुनिया के उन पहले देशों में से था जिसने अपने एयरपोर्ट्स पर यात्रियों की स्क्रीनिंग शुरू कर दी थी।
  • भारत ने 24 घंटे सतर्क रहते हुए, हर घटनाक्रम पर नजर रखते हुए, सही समय पर सही फैसले लिए। 30 जनवरी को भारत में कोरोना का पहला मामला मिला, लेकिन इसके दो सप्ताह से भी पहले भारत एक हाई लेवल कमेटी बना चुका था। पिछले साल आज का ही दिन था जब हमने बाकायदा सर्विलांस शुरु कर दिया था।

10:53 AM, 16-Jan-2021

भारत में ट्राइड और टेस्टिड तक्नीक से बने हैं टीके

  • भारत की वैक्सीन ऐसी तकनीक पर बनाई गई है जो भारत में ट्राइड और टेस्टिड हैं। ये वैक्सीन स्टोरेज से लेकर ट्रांसपोर्टेशन तक भारतीय स्थितियों और परिस्थितियों के अनुकूल हैं। यही वैक्सीन अब भारत को कोरोना के खिलाफ लड़ाई में निर्णायक जीत दिलाएगी।
  • हर हिंदुस्तानी इस बात का गर्व करेगा की दुनिया भर के करीब 60% बच्चों को जो जीवन रक्षक टीके लगते हैं, वो भारत में ही बनते हैं। भारत की सख्त वैज्ञानिक प्रक्रियाओं से होकर ही गुजरते हैं।
  • भारतीय वैक्सीन विदेशी वैक्सीन की तुलना में बहुत सस्ती हैं और इनका उपयोग भी उतना ही आसान है। विदेश में तो कुछ वैक्सीन ऐसी हैं जिसकी एक डोज 5,000 हजार रुपये तक में हैं और जिसे -70 डिग्री तापमान में फ्रीज में रखना होता है।

10:50 AM, 16-Jan-2021

पीएम मोदी की लोगों से अपील

  • संकट के उसी समय में, निराशा के उसी वातावरण में, कोई आशा का भी संचार कर रहा था, हमें बचाने के लिए अपने प्राणों को संकट में डाल रहा था। हमारे डॉक्टर, नर्स, पैरामेडिकल स्टाफ, एंबुलेंस ड्राइवर, आशा वर्कर, सफाई कर्मचारी, पुलिस और दूसरे फ्रंटलाइन वर्कर्स। 
  • कोरोना से हमारी लड़ाई आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की रही है। इस मुश्किल लड़ाई से लड़ने के लिए हम अपने आत्मविश्वास को कमजोर नहीं पड़ने देंगे, ये प्रण हर भारतीय में दिखा।
  • हमारे वैज्ञानिक और विशेषज्ञ जब दोनों मेड इन इंडिया वैक्सीन की सुरक्षा और प्रभाव को लेकर आश्वस्त हुए, तभी उन्होंने इसके इमरजेंसी उपयोग की अनुमति दी। इसलिए देशवासियों को किसी भी तरह के प्रोपेगेंडा, अफवाहें और दुष्प्रचार से बचकर रहना है।

10:44 AM, 16-Jan-2021

भारत का टीकाकरण अभियान मानवीय सिद्धांतों पर आधारित है

  • भारत के वैक्सीन वैज्ञानिक, हमारा मेडिकल सिस्टम, भारत की प्रक्रिया की पूरे विश्व में बहुत विश्वसनीयता है। हमने ये विश्वास अपने ट्रैक रिकॉर्ड से हासिल किया है।
  • दूसरे चरण में हमें इसको 30 करोड़ की संख्या तक ले जाना है। जो बुजुर्ग हैं, जो गंभीर बीमारी से ग्रस्त हैं, उन्हें इस चरण में टीका लगेगा। आप कल्पना कर सकते हैं, 30 करोड़ की आबादी से ऊपर के दुनिया के सिर्फ तीन ही देश हैं- खुद भारत, चीन और अमेरिका।
  • भारत का टीकाकरण अभियान बहुत ही मानवीय और महत्वपूर्ण सिद्धांतों पर आधारित है। जिसे सबसे ज्यादा जरूरत है, उसे सबसे पहले कोरोना का टीका लगेगा।

10:40 AM, 16-Jan-2021

भारत में दुनिया का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान शुरू होने वाला है

  • कई और वैक्सीन पर भी काम तेज गति से चल रहा है। ये भारत के सामर्थ्य, वैज्ञानिक दक्षता और भारत के टैलेंट का जीता जागता उदाहरण है।
  • अब से कुछ ही मिनट बाद भारत में दुनिया का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान शुरू होने जा रहा है। मैं सभी देशवासियों को इसके लिए बहुत-बहुत बधाई देता हूं।
  • इतिहास में इस प्रकार का और इतने बड़े स्तर का टीकाकरण अभियान पहले कभी नहीं चलाया गया है। दुनिया के 100 से भी ज्यादा ऐसे देश हैं जिनकी जनसंख्या 3 करोड़ से कम है। और भारत वैक्सीनेशन के अपने पहले चरण में ही 3 करोड़ लोगों का टीकाकरण कर रहा है।

10:38 AM, 16-Jan-2021

  • मैं ये बात फिर याद दिलाना चाहता हूं कि कोरोना वैक्सीन की 2 डोज लगनी बहुत जरूरी है। पहली और दूसरी डोज के बीच, लगभग एक महीने का अंतराल भी रखा जाएगा। दूसरी डोज़ लगने के 2 हफ्ते बाद ही आपके शरीर में कोरोना के विरुद्ध ज़रूरी शक्ति विकसित हो पाएगी
  • आज वो वैज्ञानिक, वैक्सीन रिसर्च से जुड़े अनेकों लोग प्रशंसा के हकदार हैं, जो बीते महीनों से कोरोना के खिलाफ वैक्सीन बनाने में जुटे थे। आमतौर पर एक वैक्सीन बनाने में बरसों लग जाते हैं। लेकिन इतने कम समय में एक नहीं, दो मेड इन इंडिया वैक्सीन तैयार हुई हैं।
  • आज के दिन का पूरे देश को बेसब्री से इंतजार रहा है। कितने महीनों से देश के हर घर में बच्चे, बूढ़े, जवान सभी की जुबान पर यही सवाल था कि कोरोना की वैक्सीन कब आएगी। अब कोरोना की वैक्सीन आ गई है, बहुत कम समय में आ गई है।

10:32 AM, 16-Jan-2021

पीएम मोदी ने किया टीकाकरण अभियान शुरू

प्रधानमंत्री नरेंदे मोदी ने किया टीकाकरण अभियान शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि आज के दिन का बेसब्री से इंतजार था।


 

10:26 AM, 16-Jan-2021

जयपुर के सवाई मान सिंह अस्पताल का दृश्य

भारत में जल्द ही कोविड-19 टीकाकरण अभियान शुरू होने वाला है। राजस्थान के जयपुर में सवाई मान सिंह (एसएमएस) अस्पताल का दृश्य।
 

10:21 AM, 16-Jan-2021

ओडिशा के अस्पताल का दृश्य

ओडिशा के संबलपुर जिले का जिला मुख्यालय अस्पताल कोविड-19 के खिलाफ टीकाकरण अभियान के लिए पूरी तरह तैयार है।
 


 

10:17 AM, 16-Jan-2021

ओडिशा के अस्पताल का दृश्य

ओडिशा के संबलपुर जिले का जिला मुख्यालय अस्पताल कोविड-19 के खिलाफ टीकाकरण अभियान के लिए पूरी तरह तैयार है।
 
 

10:09 AM, 16-Jan-2021

टीकाकरण के लिए तैयार हुआ सदर अस्पताल

झारखंड के रांची में स्थित सदर अस्पताल कोविड-19 टीकाकरण अभियान की शुरुआत के लिए तैयार है।
 
 

10:04 AM, 16-Jan-2021

टीकाकरण के लिए तैयार हुआ एसएसकेएम अस्पताल

पश्चिम बंगाल के कोलकाता में एसएसकेएम मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के कर्मचारी कोविड-19 टीकाकरण अभियान की शुरुआत के लिए तैयार हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सुबह 10:30 बजे टीकाकरण अभियान की शुरुआत करेंगे।
 
 

09:59 AM, 16-Jan-2021

लाभार्थियों का इंतजार कर रहे हैं कूपर अस्पताल के कर्मचारी

महाराष्ट्र के कूपर अस्पताल के कर्मचारी लाभार्थियों का स्वागत करने के लिए आरती की थालियों और मिठाइयों के साथ प्रतीक्षा कर रहे हैं।
 
 

09:53 AM, 16-Jan-2021

बंगलूरू मेडिकल कॉलेज में टीकाकरण की हुई पूरी तैयारियां

कर्नाटक के बंगलूरू मेडिकल कॉलेज और अनुसंधान संस्थान टीकाकरण के पहले चरण की शुरुआत के लिए पूरी तरह से तैयार है।
 

 

09:48 AM, 16-Jan-2021

स्वास्थ्यकर्मियों ने बजाईं तालियां

महाराष्ट्र के कूपर अस्पताल के टीकाकरण केंद्र में जैसी ही वैक्सीन पहुंची, स्वास्थ्यकर्मियों ने तालियां बजाकर इसका स्वागत किया।
 
 

09:42 AM, 16-Jan-2021

फूलों और गुब्बारों से सजा आईजीआईएमएस

बिहार की राजधानी पटना में इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (आईजीआईएमएस) को कोवड -19 टीकाकरण अभियान के शुभारंभ से पहले फूलों और गुब्बारों से सजाया गया है।
 
 

09:37 AM, 16-Jan-2021

गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज में चल रही तैयारियां

आज से कोविड-19 के खिलाफ देशव्यापी टीकाकरण अभियान की शुरुआत होने वाली है। असम के गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज का दृश्य।
 


 

09:32 AM, 16-Jan-2021

केजरीवाल एलएनजेपी में करेंगे टीकाकरण की शुरुआत

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आज लोक नायक जय प्रकाश नारायण (एलएनजेपी) अस्पताल में कोविड-19 टीकाकरण कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। अस्पताल के मेडिकल डायरेक्टर सुरेश कुमार ने कहा, 'डॉक्टरों, नर्सिंग और स्वच्छता कर्मचारियों को आज वैक्सीन दी जाएगी।'
 
 

09:26 AM, 16-Jan-2021

गुब्बारों से सजाया गया बीएचयू अस्पताल

उत्तर प्रदेश के वाराणसी में बीएचयू अस्पताल को कोरोना टीकाकरण के लिए गुब्बारों से सजाया गया है। बीएचयू के एडिशनल सीएमओ डॉ. एनपी सिंह ने कहा, 'कोविड-19 प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन किया जाएगा और लोगों की भीड़ से बचने के लिए टीकाकरण स्लॉट में किया जाएगा।'
 
 

09:21 AM, 16-Jan-2021

अमृतसर के सिविल अस्पताल में चल रही हैं तैयारियां

देश में आज से शुरू हो रहे वैक्सीनेशन के लिए अमृतसर के सिविल अस्पताल में तैयारियां चल रही हैं। प्रधानमंत्री आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए देशभर में टीकाकरण कार्यक्रम की शुरुआत करेंगे।
 
 

09:16 AM, 16-Jan-2021

टीकाकरण के लिए तैयार हुआ एम्स

दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में कोविड-19 टीकाकरण केंद्र का एक दृश्य। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन आज एम्स जाएंगे। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुबह 10.30 बजे देशव्यापी टीकाकरण कार्यक्रम की शुरुआत करेंगे।
 
 

09:11 AM, 16-Jan-2021

आखिर पहुंच गई वैक्सीन

इंदौर के जिलाधिकारी मनीष सिंह ने वैक्सीन पहुंचने पर ट्वीट कर कहा, 'आखिर पहुंच गई वैक्सीन। इस लम्हें का इंतजार दुनिया को एक अरसे से था। इंदौर आज इन ऐतिहासिक पलों की गवाही देगा।'
 

09:06 AM, 16-Jan-2021

फूलों और गुब्बारों से सजाया गया अस्पताल

तेलंगाना के हैदराबाद के नामपल्ली में स्थित एरिया अस्पताल को राष्ट्रव्यापी कोविड-19 टीकाकरण अभियान के पहले चरण की शुरुआत से पहले फूलों और गुब्बारों से सजाया गया है।
 
 

08:57 AM, 16-Jan-2021

दो-तीन दिन में प्रो. गुलेरिया लेंगे वैक्सीन

टीकाकरण शुरू होने के दो से तीन दिन में राष्ट्रीय कोविड टास्क फोर्स के प्रमुख प्रो. वी.के. पॉल और एम्स निदेशक प्रो. रणदीप गुलेरिया कोविड-19 से बचाव के लिए वैक्सीन ले सकते हैं।


 

08:52 AM, 16-Jan-2021

वैक्सीन लगाने के बाद भी लगाना होगा मास्क

वैक्सीन लगने के बाद भी मास्क लगाना और दो गज की दूरी के नियम का पालन करना बेहद जरूरी है। क्योंकि कोरोना वायरस का नया स्ट्रेन टीकाकरण के बाद भी आपको संक्रमित कर सकता है।

08:46 AM, 16-Jan-2021

वैक्सीन बदलने की इजाजत नहीं

लोगों को वैक्सीन की दूसरी खुराक भी उसी वैक्सीन की लेनी होगी जिसका उन्होंने पहला डोज लिया था। उन्हें वैक्सीन बदलने की इजाजत नहीं है।

08:40 AM, 16-Jan-2021

कितने दिन में एंटीबॉडी बनाएगा शरीर

कोरोना वैक्सीन के दो डोज होंगे। दूसरा डोज पहले डोज के 24 दिन बाद दिया जाएगा। दूसरे डोज के तीन से साढ़े तीन हफ्ते के अंदर एंटीबॉडी बनना शुरू हो जाएगी।

08:34 AM, 16-Jan-2021

दिल्ली में 8,000 लोगों को लगेगा टीका

देश की राजधानी दिल्ली में 8,000 से अधिक, ज्यादातर युवाओं को कोरोना का टीका लगाया जाएगा। इन्हें 81 सरकारी और निजी अस्पतालों में मुफ्त में टीका लगेगा, जहां सारी तैयारियां कर ली गई हैं।

08:28 AM, 16-Jan-2021

उत्तराखंड में 34 केंद्रों को किया गया शॉर्टलिस्ट

स्वास्थ्य विभाग शनिवार से कोविड-19 टीकाकरण के लिए राज्यव्यापी अभियान की शुरुआत कर रहा है। टीकाकरण की प्रक्रिया एम्स ऋषिकेश और दो निजी चिकित्सा संस्थानों सहित उत्तराखंड के 34 केंद्रों पर शुरू होगी।

08:23 AM, 16-Jan-2021

भारत बायोटेक देगा मुआवजा

भारत बायोटेक की कोवैक्सीन प्राप्त करने वाले लाभार्थियों को उस स्थिति में मुआवजे का भुगतान किया जाएगा, यदि वे एक गंभीर प्रतिकूल बीमारी से पीड़ित हो जाते हैं जो वैक्सीन लगाने के बाद उन्हें होती है।

08:17 AM, 16-Jan-2021

गर्भवती और स्तनपान कराने वाली महिलाओं को नहीं लगेगा टीका

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, गर्भवती और बच्चे को दूध पिलाने वाली महिलाओं को कोरोना की वैक्सीन नहीं लगाई जाएगी क्योंकि इन पर वैक्सीन का ट्रायल नहीं हुआ है।

08:12 AM, 16-Jan-2021

18 साल के लोगों को लगेगा टीका स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, सीरम इंस्टीट्यूट की कोविशील्ड और भारत बायोटेक की कोवैक्सीन को 18 साल या उससे ज्यादा उम्र के लोगों को ही लगाई जाएगी।

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, सीरम इंस्टीट्यूट की कोविशील्ड और भारत बायोटेक की कोवैक्सीन को 18 साल या उससे ज्यादा उम्र के लोगों को ही लगाई जाएगी।
 

08:06 AM, 16-Jan-2021

को-विन से संबंधित सवालों के लिए बनाया गया कॉल सेंटर

कोरोना महामारी, वैक्सीन रोलआउट और को-विन सॉफ्टवेयर से संबंधित सवालों के लिए एक कॉल सेंटर- 1075 बनाया गया aहै। यह कॉल सेंटर 24x7 काम करेगा।

08:01 AM, 16-Jan-2021

पहले दिन तीन लाख लोगों को लगेगा टीका

टीकाकारण अभियान के लिए सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में कुल 3006 टीकाकरण केंद्र बनाए गए हैं। पहले दिन लगभग 3 लाख स्वास्थ्यकर्मियों को टीका लगाया जाएगा।

07:56 AM, 16-Jan-2021

सबसे पहले इन्हें लगेगा टीका

भारत में सबसे पहले उन एक करोड़ 60 लाख कर्मचारियों को कोरोना का टीका लगेगा जो जरूरी सेवाओं से जुड़े हैं। इनमें 51 लाख 82 हजार से ज्यादा स्वास्थ्यकर्मी, 4 लाख 31 हजार से ज्यादा सुरक्षाकर्मी, 1 करोड़ 3 लाख 66 हजार सामाजिक कार्यकर्ता और 1 लाख 5 हजार से ज्यादा पोस्टल सेवाओं से जुड़े कर्मचारी शामिल हैं।

07:52 AM, 16-Jan-2021

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे टीकाकरण की शुरुआत

भारत में आज कोविड-19 के खिलाफ देशव्यापी टीकाकरण अभियान की शुरुआत होगी। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुबह 10:30 बजे इसकी शुरुआत करेंगे।
 

07:47 AM, 16-Jan-2021

राजस्थान में प्रधानाचार्य को लगेगा कोरोना का पहला टीका

राजस्थान में जयपुर के सवाई मान सिंह मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य सुधीर भंडारी को सबसे पहले टीके की खुराक दी जाएगी जबकि मध्यप्रदेश में एक अस्पताल के सुरक्षा गार्ड और एक सहायक समेत अन्य लोग सबसे पहले टीका लेने वालों में शामिल होंगे।

07:13 AM, 16-Jan-2021

गुजरात में 16,000 से ज्यादा स्वास्थ्यकर्मियों को टीके लगाए जाएंगे

अधिकारियों ने बताया कि गुजरात के अहमदाबाद और गांधीनगर के सरकारी अस्पतालों के चिकित्सा अधीक्षकों समेत कुछ अन्य लोगों को टीके की पहली खुराक दी जाएगी और अभियान के दौरान 16,000 से ज्यादा स्वास्थ्यकर्मियों को टीके लगाए जाएंगे।

असम में, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री हिमंत विश्व सरमा ने बताया कि 1.9 लाख स्वास्थ्यकर्मियों में से 6,500 को पहले दिन टीका लगाया जाएगा।


 

07:00 AM, 16-Jan-2021

दिल्ली में एलएनजेपी से शुरुआत

दिल्ली में, मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की मौजूदगी में एलएनजेपी अस्पताल में एक डॉक्टर, एक नर्स और एक सफाई कर्मचारी को कोविड-19 का टीका दिया जाएगा। राष्ट्रीय राजधानी में 81 केंद्रों पर कोविड-19 का टीकाकरण अभियान शुरू होगा।

महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे मुंबई में बांद्रा कुर्ला कॉम्पलेक्स में एक केंद्र से टीकाकरण अभियान की शुरुआत करेंगे। बृहन्मुंबई महानगरपालिका ने बताया कि मुंबई में नौ केंद्रों पर टीकाकरण होगा। पुणे के मेयर मुरलीधर मोहोल ने बताया कि टीकाकरण अभियान के पहले दिन शहर में 800 स्वास्थ्यकर्मियों को टीके की खुराक दी जाएगी। 

06:51 AM, 16-Jan-2021

सारे राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों ने टीकाकरण के लिए तैयारियां पूरी कीं

सरकार के मुताबिक, सबसे पहले एक करोड़ स्वास्थ्यकर्मियों, अग्रिम मोर्चे पर काम करने वाले करीब दो करोड़ कर्मियों और फिर 50 साल से ज्यादा उम्र के लोगों को टीके की खुराक दी जाएगी। बाद के चरण में गंभीर रूप से बीमार 50 साल से कम उम्र के लोगों का टीकाकरण होगा। स्वास्थ्यकर्मियों और अग्रिम कर्मियों पर टीकाकरण का खर्च सरकार वहन करेगी। सारे राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों ने टीकाकरण के लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं। 
 

06:39 AM, 16-Jan-2021

टीकाकरण अभियान: पश्चिम बंगाल में 15 हजार से अधिक स्वास्थ्यकर्मियों को लगा टीका

भारत में पहले दिन तीन लाख से ज्यादा स्वास्थ्यकर्मियों को कोविड-19 के टीके की खुराक दिए जाने के साथ शनिवार को दुनिया का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान शुरू हो रहा है। प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा कि यह दुनिया का सबसे बड़ा टीकाकरण कार्यक्रम होगा जिसमें समूचे देश को शामिल किया जाएगा और जन भागीदारी के सिद्धांतों पर इसकी शुरुआत के लिए सारी तैयारियां हो चुकी हैं।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान की तैयारियों की समीक्षा की और स्वास्थ्य मंत्रालय के निर्माण भवन परिसर में बनाए गए विशेष कोविड-19 नियंत्रण कक्ष का जायजा लिया।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि चरणबद्ध तरीके से प्राथमिकता समूह के लोगों को टीके की खुराक दी जाएगी। आईसीडीएस (एकीकृत बाल विकास सेवा) कर्मियों समेत सरकारी और निजी क्षेत्र में काम करने वाले स्वास्थ्यकर्मियों को इस चरण में टीके दिए जाएंगे। हर्षवर्धन ने कहा कि कोविड-19 के खिलाफ भारत का टीकाकरण अभियान दुनिया में सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान होगा।

उन्होंने कहा कि सीरम इंस्टिट्यूट द्वारा विकसित ‘कोविशील्ड’ और भारत बायोटेक द्वारा विकसित ‘कोवैक्सीन’, दोनों टीकों को सुरक्षा के मानकों पर सुरक्षित और असरदार पाया गया है और महामारी को रोकने में यह सबसे महत्वपूर्ण औजार है।

‘कोविशील्ड’ और ‘कोवैक्सीन’ की 1.65 करोड़ खुराकों में से सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को डाटाबेस में उपलब्ध स्वास्थ्यकर्मियों की संख्या के हिसाब से टीकों का आवंटन कर दिया गया है। राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को 10 प्रतिशत खुराकों को सुरक्षित रखने और एक दिन में एक सत्र में 100 लोगों के टीकाकरण के लिए कहा गया है। कोविड-19 महामारी, टीकाकरण की शुरुआत और कोविन सॉफ्टवेयर के संबंध सवालों के जवाब के लिए एक कॉल सेंटर-1075 भी बनाया गया है।
 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें