टीकाकरण कार्यक्रम का तीसरा चरण शुरू होते ही 50 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पहले एक दिन में जहां 15 से 20 लाख लोग टीका ले रहे थे वहीं अब पिछले दो दिन में यह आंकड़ा प्रतिदिन 30 लाख से अधिक पहुंच चुका है। हालांकि टीका लेने में स्वास्थ्यकर्मी व फ्रंटलाइन वर्कर अभी भी पीछे हैं।
मंत्रालय के अनुसार, शुक्रवार को ही देश में 31 लाख लोगों ने वैक्सीन ली, जिनमें 28.87 लाख ने पहली और 2.06 लाख ने दूसरी खुराक ली। अब तक देश में 7.30 करोड़ से भी ज्यादा लोग वैक्सीन ले चुके हैं। ब्यूरो
18-45 वर्ष के लोगों के लिए भी टीकाकरण शुरू हो : फिक्की
नई दिल्ली। उद्योग संघ फिक्की ने सरकार से अपील की है कि कोविड-19 जांच को बढ़ावा देने के साथ ही 18 से 45 साल के सभी लोगों को टीका लगाने की अनुमति दे। फिक्की के अध्यक्ष उदय शंकर ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन को लिखे पत्र में आश्वस्त किया कि महामारी के खिलाफ जंग में उद्योग जगत सरकार के साथ है।