चीन से केरल के कासरगोड में शादी करने वापस आए युवक को पत्नी के लिए थोड़ा और इंतजार करना होगा। वह यहां दो सप्ताह पहले आया था पर अब स्वास्थ्य अधिकारियों के कहने पर शादी संबंधी कार्यक्रमों को फिलहाल टाल दिया गया है। उसे बताया गया कि हेल्थ प्रोटोकॉल के चलते वह शादी नहीं कर सकता है क्योंकि उसे कम से कम 28 दिन तक अलग रहना होगा।
लोकसभा में गूंजा मामला
कोरोनावायरस से पीड़ित लोगों के इलाज के लिए केंद्र को उन राज्यों की मदद करनी चाहिए जहां इस बीमारी से पीड़ित लोग पाए गए हैं। लोकसभा में शून्य काल के समय बुधवार को केरल से कांग्रेस सदस्य राम्या हरिदास ने यह मांग रखी। उन्होंने कहा कि केंद्र को न केवल ऐसे राज्यों को स्पेशल पैकेज देना चाहिए बल्कि एक दल को वहां भेजना चाहिए।
हरियाणा : वुहान से लौटने वाले हर शख्स को सरकारी केंद्र से टेस्ट करवाने का निर्देश
हरियाणा के स्वास्थ्य विभाग ने निर्देश जारी किए हैं कि जो भी व्यक्ति चीन के वुहान शहर से हरियाणा लौटेगा, उसे सरकारी केंद्र से टेस्ट करवाना होगा। स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने बताया कि अभी तक चीन से लौटने वाले 136 लोगों की स्वास्थ्य जांच हो चुकी है। जबकि हर जिले में हेल्पलाइन नंबर भी जारी कर दिए गए हैं।
कोरोनावायरस को लेकर चीनी यात्रियों के प्रवेश पर लगी रोक
कोरोनावायरस के कहर को देखते हुए नेपाल से आने वाले चीनी पर्यटकों के बुधवार से भारत में प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। सोनौली के आव्रजन विभाग के अधिकारियों ने इस बात की पुष्टि की है।
आव्रजन विभाग के अनुसार यह आदेश पहले से प्रवेश की अनुमति ले चुके चीनी नागरिकों के लिए नहीं है। नए आने वाले चीनी गणराज्य के नागरिकों को भारत में प्रवेश के लिए वीजा एवं एराइवल नहीं दिया जाएगा। बुधवार की शाम भारत से नेपाल जा रहे ताइवान के 113 नागरिकों को इस उहापोह में घंटों रुकना पड़ा कि अगर वह लुंबिनी दर्शन के लिए नेपाल गए तो उन्हें वापसी में भारत प्रवेश की अनुमति मिलेगी या नहीं।
आव्रजन विभाग के अधिकारियों ने भी इस संबंध में अपने उच्चाधिकारियों से बात की। करीब दो घंटे बाद उन्हें नेपाल जाने दिया गया। बताया कि भारत के रास्ते जाने वाले सभी विदेशी नागरिकों को वापसी की अनुमति मिलेगी, सिर्फ चीन के नागरिकों को नेपाल के रास्ते भारत आने पर बुधवार से प्रतिबंध लगाया गया है।