देश में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 40 हजार पार हो चुका है। पिछले दो दिन में 4,898 नए मरीज सामने आए हैं। जबकि पिछले 24 घंटे में पहली बार 2487 संक्रमित मरीज दर्ज हुए हैं। इनके अलावा पहली बार ही 24 घंटे में 83 लोगों की कोरोना संक्रमण से मौत भी हुई है। देश में पहले 10 हजार मरीज 75 दिन में मिले थे। इसके बाद अगले 10 हजार मरीज आठ दिन में मिले थे। अब 11 दिन में 20 हजार मरीज मिले हैं।
गुजरात में रविवार को जहां कोरोना संक्रमण से जूझकर ठीक होने वालों का आंकड़ा 1000 के पार पहुंच जाने की अच्छी खबर मिली, वहीं राज्य में एक दिन में सबसे ज्यादा 28 लोगों की मौत की बुरी खबर भी सामने आई। उधर, पंजाब में तेजी से बढ़ना चालू हुआ संक्रमितों का सिलसिला रविवार को भी जारी रहा।
रविवार को 331 नए मामले सामने आए, जिनमें से अधिकतर महाराष्ट्र के नांदेड़ से वापस आए श्रद्धालु ही हैं। इसके साथ ही राज्य में संक्रमितों की संख्या 1000 के पार पहुंच गई है।