कोरोना महामारी से सबसे ज्यादा प्रभावित मुंबई के कोविड-19 सेंटर में मरीजों के ‘गरबा’ करने का मामला सामने आया है।
गरबा के दो वीडियो सोशल मीडिया वायरल हुए हैं जिसमें पीपीई किट पहने स्वास्थ्यकर्मियों के साथ कोविड-19 महिला वार्ड की कई मरीज मास्क लगाकर फिल्मी गाने पर गरबा करती नजर आ रही हैं।
ये वीडियो बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के गोरेगांव कोविड-19 सेंटर का हैं। कोरोना महामारी के कारण महाराष्ट्र सरकार ने नवरात्रि में गरबा उत्सव व दशहरा सादगी से मनाने की अपील की थी।
सरकार ने लोगों से कहा था कि वे नवरात्रि के दौरान डांडिया आयोजन के बजाए रक्तदान शिविर और स्वास्थ्य शिविर लगाएं। इसलिए मुंबई में गरबा नहीं हो रहा है। लेकिन सोशल मीडिया पर जो वीडियो वायरल हुआ है उसमे कुछ महिला मरीज प्रस्तुति को देखती भी नजर आई हैं।
वहीं, एक अन्य वीडियो में कुछ पुरुष मरीज ‘नर्सिंग स्टेशन 15’ में पीपीई किट पहने स्वास्थ्यकर्मियों के साथ गरबा करते हुए दिखे हैं। मुंबई, देश में कोविड-19 से बुरी तरह प्रभावित शहरों में से एक है और अभी तक यहां संक्त्रस्मण के करीब 2.43 लाख मामले आ चुके हैं। कोरोना संक्त्रस्मण की वजह से 9,700 लोगों की मौत हो चुकी है।
कोविड सेंटर ने नहीं किया गरबा का आयोजन- चहल
इस संबंध में बीएमसी आयुक्त इकबाल सिंह चहल ने मंगलवार को बताया कि गरबा प्रस्तुति वाला एक वीडियो बीएमसी के कोविड-19 केंद्र का है लेकिन केंद्र के डीन ने उन्हें बताया है कि उन्होंने इसका आयोजन नहीं किया था।
चहल ने कहा कि केंद्र के डीन ने उन्हें यह भी बताया कि मरीज स्वास्थ्यकर्मियों के साथ खुद ही जश्न मना रहे थे और वे प्रसन्न एवं अच्छा महसूस कर रहे थे। ऐसा करने में खुशी मिलने से केंद्र के डॉक्टरों ने उन्हें इसकी अनुमति दे दी।