देश में नए-नए वैरिएंट की वजह से कोरोना वायरस की तीसरी लहर आने की संभावनाएं जताई जाने लगी है। केंद्र सरकार के प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार के विजय राघवन भी चेतावनी दे चुके हैं कि तीसरी लहर में कोरोना वायरस बच्चों के लिए घातक होगा। लेकिन, महाराष्ट्र में शुरू कोरोना की दूसरी लहर में ही बड़ी संख्या में बच्चे संक्रमित हो रहे हैं। सूबे में अब तक 1,47,420 मासूम संक्रमित हो चुके हैं जिनकी उम्र एक से लेकर 10 साल है।
महाराष्ट्र कोरोना महामारी से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य है। यहां रोज सैकड़ों की संख्या में बच्चे कोरोना वायरस की चपेट में आ रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़े बताते हैं कि सूबे में अब तक एक से 10 साल के 1,47,420 बच्चे कोरोना संक्रमित हुए हैं। इसमें से 71 हजार से ज्यादा बच्चे बीते दो महीने में कोरोना वायरस के शिकार हुए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक मार्च और अप्रैल महीने में ज्यादातर बच्चे कोरोना की चपेट में आए हैं, जो चिंता की बात है। मुंबई में मासूमों पर कोरोना वायरस का कहर इसके अलावा 31 से लेकर 40 साल की उम्र के सर्वाधिक लोग कोरोना संक्रमित हुए हैं जिनकी संख्या 10,88,157 है। उसके बाद सर्वाधिक संक्रमित होने वाले लोग 41 से 50 साल की उम्र के है जिनकी संख्या 8,86,809 है।