बंगलूरू में एक मजदूर को 40 लाख रुपये की कमाई पर इनकम टैक्स रिटर्न भरने की वजह से गिरफ्तार किया गया है। इस 34 साल के मजदूर ने अपनी सालाना कमाई 40 लाख रुपये होने की घोषणा की थी और उसने इस कमाई का इनकम टैक्स रिटर्न भरा था। कोरमंगला पुलिस ने रचप्पा रंगा नाम के इस शख्स के पास से 26 किलो गांजा और 5 लाख रुपये नकदी बरामद की गई है। रंगा 12 साल पहले पुष्पापुरा से आया था और अब कनकपुरा रोड पर रहता है।
रंगा के 47 साल के साथी श्रीनिवास को भी गिरफ्तार किया गया है। रंगा पुलिस की नजर में उस वक्त आया जब उसने अपनी सालाना इनकम 40 लाख घोषित की और 2017-18 में उसका इनकम टैक्स रिटर्न भी भरा।
आईटी डिपार्टमेंट से जुड़े अधिकारी ने बताया कि रंगा ने अपनी कमाई का स्रोत नहीं बताया था इसलिए पुलिस को उस पर नजर रखने के लिए कहा गया था।
पुलिस जांच में पता चला कि 2013 में ड्रग्स बेचने से पहले रंगा बंगलूरु में मजदूरी करता था। वह ड्रग्स के बिजनेस में करोड़ों कमाने लगा और अपना काम करवाने के लिए एजेंट रखने लगा। वह 40 हजार रुपया महीना किराया देकर कनकपुरा रोड के एक विला में रहता था। उसके पास कई गाड़ियां और गांव में प्रॉपर्टी भी है।
पुलिस से जुड़े सूत्रों ने बताया कि आईटी डिपार्टमेंट की सक्रियता के बाद रंगा ने अपने वकील से सुझाव लेकर खुद को क्लास वन के कॉन्ट्रैक्टर के रूप में रजिस्टर कर लिया है। सूत्रों के मुताबिक रंगा 30 किलो गांजा हर महीने बेचता है, अच्छी गुणवत्ता वाले एक किलो गांजे की कीमत 35 हजार रुपये प्रति किलो आती है।