फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आंबेडकर के साथ इन्होंने भी गढ़ा संविधान: सभा में कितनी महिलाएं, आदिवासी और पूर्वोत्तर नेताओं की क्या भूमिका?

Thu, 26 Nov 2026 06:33 PM IST
हिमांशु सिंह चंदेल न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली।

सार

भारत का संविधान बनाने में महिलाओं, दलितों, आदिवासी नेताओं और पूर्वोत्तर के प्रतिनिधियों ने भी अहम भूमिका निभाई थी। हंसा मेहता ने महिलाओं के लिए किस तरह के न्याय की मांग की? जयपाल सिंह मुंडा ने आदिवासी लोकतंत्र को लेकर क्या कहा था? दक्षायणी वेलायुधन ने छुआछूत पर क्या चिंता जताई? पूर्वोत्तर के नेताओं ने छठी अनुसूची और अल्पसंख्यक प्रतिनिधियों ने भाषा के अधिकारों को कैसे मजबूत किया? आइए, सबकुछ विस्तार से जानते हैं... 

विज्ञापन
संविधान को सबकी आवाज बनाने में किन गुमनाम सदस्यों का योगदान? - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारत का संविधान तैयार करने में डॉ. भीमराव आंबेडकर, जवाहरलाल नेहरू और सरदार पटेल जैसे बड़े नेताओं की भूमिका की चर्चा अक्सर होती है। लेकिन इस ऐतिहासिक काम में कई ऐसे सदस्य भी शामिल थे, जिनके योगदान के बारे में कम बात होती है। संविधान सभा की महिलाओं, दलितों, आदिवासी नेताओं और पूर्वोत्तर के प्रतिनिधियों ने समानता, सामाजिक न्याय, अल्पसंख्यकों के अधिकार और सांस्कृतिक पहचान जैसे मुद्दों को मजबूती से उठाया था। उनकी मांगों और विचारों ने नए भारत की संवैधानिक सोच को व्यापक बनाने में मदद की।
विज्ञापन


संविधान सभा में कुल 299 सदस्य थे, जिनमें केवल 15 महिलाएं शामिल थीं। इसके बावजूद महिला सदस्यों ने बराबरी और अधिकारों के सवाल पर अपनी स्पष्ट राय रखी। हंसा मेहता ने 19 दिसंबर 1946 को उद्देश्य प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान कहा था कि महिलाओं को कानून, परंपराओं और सामाजिक रीति-रिवाजों के कारण भेदभाव झेलना पड़ता है। उन्होंने कहा कि महिलाएं आरक्षण या अलग निर्वाचन क्षेत्र नहीं, बल्कि सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय चाहती हैं। उनका मानना था कि महिलाओं की भागीदारी के बिना भारत दुनिया में अपना उचित स्थान हासिल नहीं कर सकता।

महिलाओं और दलित प्रतिनिधियों ने समानता के लिए क्या कहा?
संविधान सभा की एक अन्य सदस्य दक्षायणी वेलायुधन थीं। वह मद्रास का प्रतिनिधित्व कर रही थीं और सभा की एकमात्र दलित महिला सदस्य थीं। उन्होंने संविधान को केवल कानून की किताब नहीं, बल्कि समाज को नई दिशा देने वाला दस्तावेज बताया। 29 नवंबर 1948 को अस्पृश्यता खत्म करने पर हुई चर्चा में उन्होंने कहा कि छुआछूत स्कूलों तक में मौजूद है।
विज्ञापन

 इसे खत्म करने के लिए केवल कानून बनाना काफी नहीं होगा, बल्कि लोगों की सोच भी बदलनी होगी। वहीं, बंगाल के पीआर ठाकुर ने अनुसूचित जातियों की आबादी के हिसाब से विधानसभाओं में प्रतिनिधित्व देने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि देश की सत्ता का आधार जनता होनी चाहिए।

आदिवासी नेताओं ने संविधान सभा में कौन सी मांगें रखीं?
आदिवासी समुदाय की आवाज उठाने वालों में जयपाल सिंह मुंडा प्रमुख थे। बिहार से संविधान सभा पहुंचे मुंडा ने कहा था कि वह तीन करोड़ से अधिक आदिवासियों का प्रतिनिधित्व करते हैं। उन्होंने आदिवासी समाज की लोकतांत्रिक परंपराओं का जिक्र करते हुए कहा था, "आप आदिवासियों को लोकतंत्र नहीं सिखा सकते, आपको उनसे लोकतांत्रिक तरीके सीखने होंगे।" उन्होंने आदिवासियों को दूसरे भारतीयों के बराबर अधिकार और अवसर देने की मांग की। साथ ही आदिवासी महिलाओं को भी संविधान निर्माण की प्रक्रिया में उचित प्रतिनिधित्व देने पर जोर दिया।

पूर्वोत्तर के प्रतिनिधियों ने किस तरह सुरक्षित रखी आदिवासी पहचान?
  • पूर्वोत्तर के प्रतिनिधियों ने पहाड़ी और जनजातीय क्षेत्रों की परंपराओं को बचाने की मांग की। असम के जे.जे. निकोल्स-रॉय ने 6 सितंबर 1949 को छठी अनुसूची पर चर्चा के दौरान पहाड़ी समुदायों की लोकतांत्रिक परंपराओं, सामाजिक समानता और श्रम के सम्मान का मुद्दा उठाया। असम के गोपीनाथ बोरदोलोई ने जनजातीय क्षेत्रों की ग्राम प्रशासन व्यवस्था और विवाद सुलझाने के पारंपरिक तरीकों को बनाए रखने की वकालत की।
  •  उन्होंने कहा कि अच्छे प्रशासन के लिए जरूरी व्यवस्थाएं इन समुदायों में पहले से मौजूद हैं। मयांग नोकचा और रूप नाथ ब्रह्मा ने भी जनजातीय क्षेत्रों के अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर काम किया। इन प्रयासों ने छठी अनुसूची का रास्ता तैयार करने में मदद की, जिसके तहत कुछ जनजातीय क्षेत्रों को स्वायत्त प्रशासन की व्यवस्था मिली।

अल्पसंख्यकों और भाषाई अधिकारों के लिए क्या प्रयास हुए?
  • संविधान सभा में धार्मिक और भाषाई अल्पसंख्यकों के अधिकारों पर भी चर्चा हुई। बंगाल के डॉ. एचसी मुखर्जी ने कहा कि अल्पसंख्यकों की चिंताओं का समाधान देश की शांति और प्रगति के लिए जरूरी है। उनका मानना था कि बहुसंख्यक समुदाय पर भरोसा होने पर ही सुरक्षा के प्रावधान प्रभावी हो सकते हैं।
  • वहीं, संयुक्त प्रांत की बेगम एजाज रसूल ने 8 दिसंबर 1948 को भाषाई अल्पसंख्यक बच्चों को उनकी मातृभाषा और लिपि में प्राथमिक शिक्षा देने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि बच्चों पर अनजान भाषा में पढ़ाई का बोझ नहीं डालना चाहिए।
  •  उनकी ओर से रखा गया संशोधन प्रस्ताव आगे नहीं बढ़ा, लेकिन बाद में 1956 में सातवें संविधान संशोधन के जरिए अनुच्छेद 350ए जोड़ा गया। यह भाषाई अल्पसंख्यक बच्चों को मातृभाषा में प्राथमिक शिक्षा की सुविधा देने से जुड़ा है। अनुच्छेद 29 और 30 भी सांस्कृतिक और शैक्षणिक अधिकारों की रक्षा करते हैं।

संविधान निर्माण में इन आवाजों का क्या महत्व रहा?
इन सदस्यों ने संविधान सभा में उन समुदायों के सवाल उठाए, जिनकी आवाज अक्सर मुख्यधारा की चर्चा में पीछे रह जाती है। हंसा मेहता ने महिलाओं की बराबरी, दक्षायणी वेलायुधन ने जातिगत भेदभाव खत्म करने, जयपाल सिंह मुंडा ने आदिवासी अधिकारों और पूर्वोत्तर के प्रतिनिधियों ने जनजातीय स्वायत्तता की बात रखी। वहीं, अल्पसंख्यक प्रतिनिधियों ने धार्मिक, भाषाई और सांस्कृतिक अधिकारों की सुरक्षा पर जोर दिया। इन सभी प्रयासों ने संविधान को केवल शासन चलाने का दस्तावेज बनाने के बजाय ऐसा आधार देने में योगदान किया, जिसमें देश के अलग-अलग समुदायों की पहचान, अधिकार और भागीदारी को जगह मिले।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें