वर्धा जिले के सेवाग्राम आश्रम में कांग्रेस कार्य समिति की बैठक खत्म हो गई है। इस बैठक में कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। महात्मा गांधी की 149वीं जयंती के अवसर पर कांग्रेस ने मंगलवार को यहां अपनी कार्य समिति की बैठक आयोजित की गई थी।
अगले वर्ष गांधी जी की 150वीं जयंती के मौके पर सालभर चलने वाले समारोहों का शुभारंभ भी आज बापू की 149वीं जयंती से ही हुआ है।
कार्य समिति की बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, सोनिया गांधी, मनमोहन सिंह, गुलाम नबी आजाद, अशोक गहलोत, रणदीप सुरजेवाला, ज्योतिरादित्य सिंधिया समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। नेताओं ने कहा कि पार्टी महात्मा गांधी के संदेश को देशभर में पहुंचाएगी।
वर्धा आश्रम में दोपहर के भोजन के बाद बहुत दिलचस्प नजारा देखने को मिला। अन्य लोगों की तरह ही राहुल गांधी ने भी अपने भोजन की थाली को खुद धोया।
इसके बाद राहुल गांधी ने स्थानीय लोगों से भी मुलाकात की। पार्टी नेताओं ने बताया कि सेवाग्राम आश्रम में एक प्रार्थना सभा, ‘शांति’ मार्च और एक जनसभा आयोजित की जाएगी। वर्धा में कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक करने का प्रतीकात्मक महत्त्व है।
उन्होंने कहा, ‘‘सत्याग्रह पर प्रारंभिक विचार-विमर्श 1940 में सेवाग्राम में ही हुआ था। कांग्रेस कार्य समिति ने सेवाग्राम में बैठक कर भारत छोड़ो आंदोलन पर प्रस्ताव 14 जुलाई 1942 को पारित किया था।”
अप्रैल 1936 में महात्मा गांधी ने वर्धा के समीप शेगांव ग्राम में अपना निवास बनाया और इसको नया नाम सेवाग्राम दिया जिसका अर्थ ‘सेवा का गांव’ है।