नवजोत सिंह सिद्धू ने अभी तक भाजपा की क्रीज यानी पार्टी नहीं छोड़ी है। आम आदमी पार्टी की तरह ही कांग्रेस भी नवजोत सिंह सिद्धू को लेकर पसोपेश में है। पार्टी सिद्धू को लेकर आशान्वित तो है लेकिन कांग्रेस सिद्धू की शर्तें और ख्वाहिशें कितनी पूरी कर पाएगी, इसे लेकर पार्टी कोई फैसला नहीं कर पा रही है।
दरअसल, कांग्रेस भी चुनाव में उनकी क्षमताओं को देखने के बाद ही कोई बड़ी जिम्मेदारी देना चाहती है। सिद्धू ने अभी तक भाजपा नहीं छोड़ी है और न ही भाजपा ने उन्हें पार्टी से निकाला है। ऐसे में कांग्रेस के सामने दुविधा है कि आखिर किस तरह उसकी ओर से बातचीत आगे बढ़े।
पार्टी ने सिद्धू पर फैसला पंजाब प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह पर छोड़ा है लेकिन अभी तक बातचीत किसी नतीजे तक नहीं पहुंची है। पार्टी प्रवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी का कहना है कि आगे बढ़ना सिद्धू के हाथ में है, हमें कोई दिक्कत नहीं है।