एनआईबी-सीआईडी ने 15 दिनों में 336 ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया
नारकोटिक्स इंटेलिजेंस ब्यूरो के आपराधिक जांच विभाग (एनआईबी-सीआईडी) ने 336 ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया है। साथ ही 1,184 किलोग्राम गांजा भी जब्त किया है। बरामद गांजे की कीमत 1,18,40,000 रुपये है। एनआईबी-सीआईडी ने यह कार्रवाई 15 दिनों (28 अगस्त 2023 से 11 सितम्बर 2023 तक) की है। अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में 13 महिलाएं शामिल हैं। इसके अलावा दो लोगों को हिरासत में भी लिया गया है।
इसके अलावा, एनआईबी सीआईडी ने इस अवधि के दौरान नशीली दवाओं के दुरुपयोग और तस्करी पर 87 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए।
भ्रष्ट लोग चला रहे बंगाल की सरकार : धर्मेंद्र प्रधान
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने बंगाल की ममता बनर्जी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा, भ्रष्ट लोग बंगाल की सरकार चला रहे हैं। लोकसभा प्रवास कार्यक्रम के तहत यहां पहुंचे प्रधान ने बृहस्पतिवार को कहा कि सिर्फ सारधा चिटफंड या नारद स्टिंग कांड ही नहीं, बल्कि शिक्षक भर्ती घोटाला से लेकर केंद्रीय योजनाओं में लूट, कोयला व गाय की तस्करी तक बंगाल में होती है। धर्मेंद्र प्रधान ने पश्चिम बंगाल में कुलपतियों की नियुक्ति पर बढ़ते विवाद के बीच कहा कि राज्यपाल (सीवी आनंद बोस) को कुलपतियों की नियुक्ति का अधिकार है। राज्य सरकार को अपनी भूमिका पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए और यह सुनिश्चित करना चाहिए कि जादवपुर विश्वविद्यालय परिसर में रैगिंग जैसी घटनाएं दोबारा न हों।
जनसेना और टीडीपी मिलकर लड़ेंगे आगामी चुनाव : पवन कल्याण
जनसेना और तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) आगामी चुनाव मिलकर लड़ेंगे। जनसेना पार्टी के प्रमुख पवन कल्याण ने बृहस्पतिवार को यह एलान किया। उन्होंने कहा कि आंध्र प्रदेश वाईएसआरसीपी के शासन को और बर्दाश्त नहीं कर सकता है। पवन कल्याण ने यह घोषणा राजामहेंद्रवरम केंद्रीय जेल में बंद टीडीपी प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू से मुलाकात के बाद की। कल्याण की पार्टी आंध्र प्रदेश में भाजपा के नेतृत्व वाली एनडीए की साझेदार है।
नागपुर में 11.80 करोड़ रुपये के हवाला लेनदेन का खुलासा
ऑनलाइन गेम धोखाधड़ी जांच के सिलसिले में महाराष्ट्र के नागपुर में एक व्यक्ति के आवास पर छापे के बाद 11.80 करोड़ रुपये के कथित हवाला लेनदेन का खुलासा हुआ है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को बताया कि 58 करोड़ की धोखाधड़ी मामले में शांति नगर में अन्वेष उर्फ अवकाश जैन के आवास पर छापे मारे गए और दस्तावेज बरामद किए गए, जिसमें कथित तौर पर उनके और गोंदिया निवासी सोंटू जैन के बीच पिछले तीन वर्षों में 11.80 करोड़ रुपये के हवाला लेनदेन का पता चला था।
आंबेडकर के खिलाफ टिप्पणी पर विहिप के पूर्व नेता गिरफ्तार
तमिलनाडु में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के पूर्व नेता आरबीवीएस मणियन को बीआर आंबेडकर के खिलाफ टिप्पणी पर बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया। मणियन ने कहा था कि संविधान का कोई एक व्यक्ति निर्माता नहीं था बल्कि राजेंद्र प्रसाद की अध्यक्षता में 300 सदस्यों ने अंतिम रूप दिया था। अगर वे कहेंगे कि आंबेडकर उनकी जाति के नहीं हैं तो लोग उन्हें वोट देना बंद कर देंगे।