फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Agniveer: कांग्रेस ने अग्निवीरों के नए आदेश पर केंद्र को घेरा, जवानों को धोखा देने का लगाया आरोप, पूछे सवाल

Tue, 28 Oct 2025 06:08 PM IST
लव गौर न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

Agniveer: कांग्रेस ने अग्निवीरों के लिए निजी सुरक्षा एजेंसियों के गृह मंत्रालय के कथित नए आदेश को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। इसी के साथ जवानों को धोखा देने का आरोप लगाया है।
विज्ञापन
पूर्व सैनिक विभाग के अध्यक्ष कर्नल (सेवानिवृत्त) रोहित चौधरी - फोटो : X-@INCIndia
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कांग्रेस ने बिहार विधानसभा चुनाव से पहले एक बार फिर अग्निवीर सैनिकों का मुद्दा उठाते हुए केंद्र सरकार को घेरा है। पार्टी ने मंगलवार (28 अक्तूबर) को गृह मंत्रालय की एक कथित अधिसूचना को लेकर केंद्र सरकार की आलोचना की, जिसमें कहा गया कि रिटायर अग्निवीरों को देश की शीर्ष 10 निजी सुरक्षा एजेंसियों में समाहित किया जा सकता है। 
विज्ञापन


कांग्रेस ने सरकार को घेरते हुए सवाल पूछा कि जब वादा किया गया था कि उन्हें पेंशन योग्य सरकारी नौकरियां दी जाएंगी, तो उन्हें ऐसी एजेंसियों में क्यों भेजा जा रहा है? दिल्ली एआईसीसी दफ्तर में कांग्रेस ने प्रेस वार्ता करते हुए अग्निवीरों को धोखा देने का आरोप लगाया है। 

कर्नल (सेवानिवृत्त) रोहित चौधरी ने दागे सवाल
प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूर्व सैनिक विभाग के अध्यक्ष कर्नल (सेवानिवृत्त) रोहित चौधरी ने कहा कि मोदी सरकार से हमारा सवाल है कि जब अग्निवीरों को पेंशन वाली नौकरी और केंद्र, राज्य की नौकरियों में शामिल करने का वादा किया गया था तो आज उन्हें प्राइवेट सिक्योरिटी एजेंसी में क्यों भेजा जा रहा है? आने वाले साल में लौटने वाले अग्निवीरों को पेंशन वाली नौकरी कब और कहां दी जाएगी? उन्होंने कहा कि हम अग्निवीरों को प्राइवेट आर्मी बनाकर देश-विदेश के युद्ध में झोंकने नहीं दे सकते। हमारा 'जय जवान अभियान' जारी है और हम सैनिकों के हित में सवाल पूछते रहेंगे। 
विज्ञापन


कर्नल (सेवानिवृत्त) रोहित चौधरी ने कहा कि अगर नरेंद्र मोदी सरकार ऑपरेशन सिंदूर के दौरान अच्छा प्रदर्शन करने वाले सैनिकों को प्रोत्साहित नहीं कर सकती, तो उन्हें भी धोखा नहीं दिया जाना चाहिए था। उन्होंने कहा, "राहुल गांधी लगातार कहते रहे हैं कि देश को कम प्रशिक्षित सैनिक दिए जा रहे हैं और मोदी सरकार सैनिकों की पेंशन में कटौती करके अपने पूंजीवादी दोस्तों की तिजोरियां भर रही है।"

अदाणी डिफेंस को लेकर कांग्रेस का बड़ा दावा
चौधरी ने दावा किया, "मोदी सरकार ने वादा किया था कि 'हम अग्निवीरों को सेवानिवृत्ति के बाद सरकारी नौकरी देंगे' लेकिन अब गृह मंत्रालय ने एक अधिसूचना जारी की है, जिसमें कहा गया है कि सेवानिवृत्त होने वाले अग्निवीरों को देश की शीर्ष 10 निजी सुरक्षा एजेंसियों में रखा जाएगा।" उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि किसानों के लिए तीन काले कानून लाए गए थे, तब उससे पहले अदाणी ने पूरे देश में जमीन खरीद ली थी। इसी तरह अदाणी डिफेंस 2015 में आई, जिसके बाद 2020-22 तक सेना में भर्तियां नहीं हुई। अदाणी ने धीरे-धीरे डिफेंस में भी अपना कारोबार बढ़ा लिया। अब इसी कड़ी में अदाणी को 4 साल के ट्रेंड अग्निवीर सौंपे जाएंगे, जिसे हमें मिलकर रोकना है।"

कांग्रेस ने गृह मंत्रालय द्वारा जारी कथित अधिसूचना साझा की, जिसमें कहा गया है कि "विभाग ने आगे बताया है कि सुरक्षा एजेंसियों में भारी भर्ती को देखते हुए, शीर्ष 10 सुरक्षा प्रदाता एजेंसियों को अग्निवीरों को नियुक्त करने के लिए संवेदनशील बनाया जा सकता है।"
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें