कर्नाटक में मुख्यमंत्री बदलाव की अटकलों के बीच कांग्रेस ने स्थिति साफ कर दी है। एआईसीसी महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने मीडिया से अपील की है कि बिना पुष्टि के किसी भी तरह की कयासबाजी से बचा जाए, क्योंकि अभी कोई निर्णय नहीं हुआ है।
कर्नाटक में मुख्यमंत्री बदलाव को लेकर चल रही अटकलों के बीच कांग्रेस ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि अभी इस विषय पर कोई भी आधिकारिक निर्णय नहीं लिया गया है। कांग्रेस के संगठन महासचिव और कर्नाटक प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने मीडिया से अपील की है कि वह इस मुद्दे पर किसी भी तरह की अटकलें न लगाए। सुरजेवाला ने साफ कहा कि पार्टी की ओर से फिलहाल विधायक दल की कोई बैठक नहीं बुलाई गई है और न ही नेतृत्व परिवर्तन को लेकर कोई निर्णय लिया गया है।
विज्ञापन
फिलहाल कोई बैठक नहीं, सब कुछ केवल अटकलें- सुरजेवाला
मीडिया से बातचीत करते हुए सुरजेवाला ने कहा कि कांग्रेस एक लोकतांत्रिक पार्टी है और नेतृत्व से जुड़े फैसले उचित समय पर ही लिए जाते हैं। उन्होंने कहा "अभी तक कर्नाटक में कांग्रेस विधायक दल की कोई बैठक नहीं बुलाई गई है। न ही इस तरह का कोई फैसला लिया गया है। जब भी कोई निर्णय होगा, उसे सार्वजनिक किया जाएगा।" उन्होंने आगे कहा कि अभी यह कहना कि कुछ दिनों, महीनों या हफ्तों में क्या होगा, पूरी तरह से अनुमान और अटकलें हैं।
'कृपया कयास न लगाएं'
सुरजेवाला ने मीडिया से हाथ जोड़कर अपील करते हुए कहा कि बिना पुष्टि के किसी भी तरह की खबर न चलाई जाए। उन्होंने कहा 'मैं आपसे विनम्रता से आग्रह करता हूं कि कृपया किसी भी प्रकार की अटकलों से बचें।'
सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस के भीतर नेतृत्व संतुलन और संगठनात्मक समीकरणों को लेकर समय-समय पर चर्चा होती रहती है। लेकिन पार्टी का शीर्ष नेतृत्व इस समय किसी भी तरह की आधिकारिक पुष्टि से बच रहा है कांग्रेस का कहना है कि जब भी कोई निर्णय लिया जाएगा, वह संगठनात्मक प्रक्रिया और सामूहिक सहमति के आधार पर होगा।
राजनीतिक हलचल के बीच बढ़ी चर्चा
विज्ञापन
कर्नाटक में इन दिनों मुख्यमंत्री बदलाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज है। चर्चा है कि मौजूदा मुख्यमंत्री सिद्धारमैया जल्द ही पद छोड़ सकते हैं और उनकी जगह उपमुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार को जिम्मेदारी दी जा सकती है। हालांकि कांग्रेस नेतृत्व ने लगातार यह संकेत दिया है कि इस तरह की सभी खबरें सिर्फ अनुमान हैं और इनका कोई आधिकारिक आधार नहीं है।