उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों की तैयारियों में जुटी समाजवादी पार्टी और कांग्रेस की ओर से शुक्रवार को आगरा में रोड शो निकाला गया। रोड शो में अखिलेश और राहुल गांधी को देखने के लिए आगरा की सड़कों पर भारी भीड़ उमड़ी।
रोड शो की शुरूआत दयालबाग इलाके से हुई जिसमें काफी संख्या में दोनों दलों के नेता और समर्थक शामिल रहे। एक रथ पर सवार अखिलेश यादव और राहुल गांधी भारी भीड़ के बीच लोगों का अभिवादन स्वीकार करते रहे।
लाल टोपी लगाए अखिलेश अपने समर्थकों की भारी भीड़ देख खासे उत्साहित नजर आए। बता दें कि यूपी में दोनों दलों का यह दूसरा रोड शो आगरा की सड़कों पर कुल 12 किलोमीटर की दूरी तय करेगा।
रोड शो में उमड़ी भारी भीड़
road show
- फोटो : amar ujala
दयाल बाग इलाके से शुरू होकर यह रोड शो सूरसदन चौराहा, वजीरपुरा, हरिपर्वत, सेंट जोंस चौराहा, खाखरान, कलेक्ट्रेट, धौलपुर हाउस छिप्पी टोला और आगरा कालेज होते हुए बिजलीघर चौराहा पर जाकर समाप्त होगा। जहां एक छोटी सभा का आयोजन भी किया जाएगा। जिसमें दोनों दलों के नेता कार्यकर्ताओं और समर्थकों को संबोधित करेंगे।
खास बात ये रही कि जहां कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव रोड शो के दौरान रथ में सवार रहे वहीं इस गठबंधन के रणनीतिकार प्रशांत किशोर कार में पीछे पीछे चलते रहे।
बता दें कि आगरा जिले में कुल नौ विधानसभा सीटें हैं जिसमें से छह पर बसपा, दो पर भाजपा और एक सीट पर सपा का कब्जा है। यहां से भाजपा के रामशंकर कठेरिया सांसद हैं। ऐसे में सपा और कांग्रेस के लिए आगरा का खासा महत्व है।
महिलाओं से अभद्रता पर पुलिसवाले की पिटाई
- फोटो : amar ujala
अखिलेश-राहुल के रोड शो से पहले आगरा में उस वक्त हंगामा हो गया जब एक पुलिसवाले को वहां मौजूद भीड़ पीटने लगी। लोगों का आरोप था कि पुलिसवाले ने रोड शो में शामिल होने आई महिलाओं से बदतमीजी की।
घटना के बाद भीड़ ने आरोपी पुलिसकर्मी को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई की। भीड़, आरोपी पुलिसकर्मी को पीटते हुए दयालबाग के सामने ले आई। भीड़ में मौजूद लोग नारे लगा रहे थे कि हमें ऐसी सरकार नहीं चाहिए जहां पुलिसवाले महिलाओं के साथ बदतमीजी करते हों।
इससे पहले अखिलेश-राहुल का शहर में पहला रोड शो होने के कारण दोनों के कार्यकर्ताओं ने इसे सफल बनाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी थी। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर ने जहां एक दिन पहले ही डेरा डाल रखा था वहीं, सपा के प्रदेश प्रवक्ता सहित कई नेता तैयारियों का जायजा लेने पहुंच गए थे।
राहुल-अखिलेश के रोड शो की वजह से 12.30 बजे तक सभी स्कूलों के लिए छुट्टी के आदेश दिए गए थे। इसके अलावा रोड शो की वजह से शहर में 5 घंटे तक ट्रैफिक डायवर्जन किया गया।