कांग्रेस ने नीति आयोग की बैठक पर तीखा हमला बोलते हुए इसे अयोग्य निकाय बताया और कहा कि यह और कुछ नहीं बल्कि पाखंड और भेदभाव बढ़ाने वाली कवायद है। कांग्रेस के संचार प्रभारी और पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने सोशल मीडिया पर कई पोस्ट कर शनिवार को हो रही नीति आयोग की बैठक पर सवाल खड़े किए। नीति आयोग की गवर्निंग काउंसिल की यह बैठक प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हो रही है, जिसका उद्देश्य विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में हुई प्रगति की समीक्षा करना है।
'ये कैसा विकसित भारत होगा...'
जयराम रमेश ने सोशल मीडिया पर लिखा कि ये कैसा विकसित भारत होगा अगर जो लोग सत्ता में बैठे हैं, वो ही देश के सामाजिक सद्भाव को अपने शब्दों और कर्मों से तबाह करने लगें? ये कैसा विकसित भारत होगा, अगर सत्ता में बैठे लोग ही अपने नापाक उद्देश्यों की पूर्ति के लिए संसद, न्यायपालिका, विश्वविद्यालयों, मीडिया और संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करेंगे?
कांग्रेस नेता ने सवाल किया कि 'ये किस तरह का विकसित भारत होगा, अगर जिन मूल्यों के लिए हमेशा भारत खड़ा रहा, उन्हें ही संस्थागत तरीके से खत्म किया जाएगा? ये किस तरह का विकसित भारत होगा, जहां आर्थिक असमानता होगी और धन सिर्फ कुछ लोगों तक ही सीमित रहेगा? अगर भारत की गौरवशाली विविधताओं का जानबूझकर अपमान किया जाएगा और उन्हें खत्म करने की कोशिश होगी?'
ये भी पढ़ें-
PM Modi In NITI Aayog Meet: पीएम मोदी की अध्यक्षता में नीति आयोग गवर्निंग काउंसिल की बैठक; ममता ने बनाई दूरी
पीएम मोदी की अध्यक्षता में हो रही है नीति आयोग की 10वीं बैठक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शनिवार को नीति आयोग की गवर्निंग काउंसिल की 10वीं बैठक हो रही है। इस बैठक में शामिल होने के लिए विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री नई दिल्ली पहुंचे हैं। इस बैठक में इस बात पर चर्चा हो रही है कि राज्य किस तरह से विकसित भारत के लक्ष्य में योगदान दे सकते हैं। बैठक की थीम 'विकसित भारत 2047 के लिए विकसित राज्य' है। ऑपरेशन सिंदूर के बाद यह पहली शीर्ष स्तरीय बैठक है, जिसमें पीएम मोदी शामिल हुए हैं।