सालों से भाजपा और कांग्रेस के बीच खींचतान का जरिया बने इशरत जहां मामले में एक बार फिर कांग्रेस ने भाजपा पर तीखा हमला बोल दिया है। कांग्रेस संसदीय दल के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे, वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा और कपिल सिब्बल ने प्रेस कान्फ्रेंस कर आरोप लगाया कि इशरत जहां मुठभेड़ मामले में मोदी शाह को बचाने की कोशिश की जा रही है।
दिल्ली में की गई एक प्रेस कांफ्रेस में कांग्रेस के नेता आनंद शर्मा ने कहा कि जब इस मामले में चार्जशीट दायर हो चुकी है तो अदालत में मुकदमा चलना चाहिए जो कि अब तक नहीं चला है और पिछले कुछ दिनों से मामले को बंद करने और किसी तरह से दोषियों को बचाने की कोशिश की जा रही है।
आनंद शर्मा ने कहा कि कल से संसद शुरू होने के साथ ही सरकार इस मुद्दे पर कठघरे में मिलेगी, सरकार के खिलाफ उठाने के लिए बहुत से मुद्दे हैं।
वरिष्ठ वकील और कांग्रेस नेता सिब्बल ने कहा मामले में जो अभियुक्त ज़मानत पर बाहर आए हैं, उन्हें पुलिस के डायरेक्टर जनरल का प्रभार दिया जा रहा है। पिछले दिनों मुठभेड़ मामले के अभियुक्त वरिष्ठ आईपीएस पीपी पांडे को गुजरात पुलिस का प्रभारी महानिदेशक बनाया गया है।
उन्होंने कहा कि इशरतजहां चरमपंथी थी या नहीं, इसका फैसला कोर्ट को करने दें। मजिस्ट्रीयल, एसआईटी और सीबीआई ने अपनी जांच में इस एनकाउंटर पर उंगली उठाई है।