कांग्रेस ने डॉलर के मुकाबले रुपये की कीमत अब तक के सबसे निचले स्तर पर चले जाने को लेकर आज नरेंद्र मोदी सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि इस सरकार ने वो कर दिखाया, जो पिछले 70 साल में कभी नहीं हुआ।
पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने ट्वीट कर कहा कि 70 वर्ष में पहली बार 70 के पार गया रुपया। 70 वर्ष का नित नया राग अलापने वाले मोदी जी ने, 70 साल में जो नहीं हुआ, वो कर दिखाया। उन्होंने काव्यात्मक अंदाज में तंज कसते हुए कहा कि लुढ़कती अर्थव्यवस्था, लुटता ईमान, गिरता रुपया, बोलिये मोदी जी, अब कौन गिरा रहा है, देश का मान?
गौरतलब है कि भारतीय रुपया आज अब तक के सबसे निचले स्तर पहुंच गया। भारी गिरावट के साथ अमेरिकी डॉलर मुकाबले रुपये की कीमत 70 रुपये पहुंच गई है।