इससे पहले तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित ओबीसी सम्मेलन को संबोधित करते हुए राहुल ने कहा कि हिंदुस्तान में ऐसी स्थिति बना दी गयी है कि जो काम करता है वो पीछे रहता है, काम कोई करता है और फायदा किसी और को होता है, और जो हुनरमंद है और जो खून-पसीना बहाता है उसे सम्मान नहीं मिलता है।
उन्होंने भाजपा और संघ पर ओबीसी समुदाय में फूट डालने का भी आरोप लगाया। राहुल ने कहा था कि आरएसएस लोगों को बांटने का काम करती है और ओबीसी समुदाय में भी फूट डालना चाहती है।प्रेस कॉन्फ्रेंस में मानव संसाधन और विकास मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने भी कांग्रेस पर ओबीसी समुदाय को वोट बैक की तरह इस्तेमाल करने का आरोप लगाया।
जावड़ेकर ने चिदंबरम के लगाए आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि देश की विकासदर 7.7 है, जो दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती हुई अर्थव्यवस्था है। उन्होंने कहा कि जब अन्य देशों की अर्थव्यवस्था पिछड़ रही थीं, तब उस समय हमारी इकोनॉमी आगे बढ़ रही थी।
जावड़ेकर ने कहा कि बीजेपी सरकार में विकास दर बढ़ी है और महंगाई घटी है, जबकि कांग्रेस की सरकार में बिल्कुल उल्टा था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार में महंगाई दर 10 फीसदी से नीचे नहीं आई।
जावड़ेकर ने कांग्रेस समेत सभी विपक्षी दलों से पूछा कि प्रधानमंत्री की हत्या की साजिश का खत मिलता है, तो सभी दलों को इसकी निंदा करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हिंसा के चलते देश ने दो प्रधानमंत्री खोए हैं, वहीं शरद पवार कहते हैं कि बीजेपी प्रचार पाने के लिए ऐसा कर रही है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी की हत्या की साजिश पर राजनीति होना संवेदनहीनता की हद है।
वहीं बैंकों के बढ़ते एनपीए के चिदंबरम के आरोपों को जवाब देते हुए जावड़ेकर ने कहा कि यह सब यूपीए के शासनकाल में हुआ है।
उन्होंने एनपीए बढ़ने के पीछे यूपीए का पाप बताया। वहीं गरीबों को खाद्य सुरक्षा और सामाजिक सुरक्षा नहीं मिलने के चिदंबरम के आरोपों पर सफाई देते हुए कहा कि खाद्य सुरक्षा यूपीए के शासन में शुरू हुआ और तब केवल 11 राज्यों तक ही सीमित था, लेकिन मोदी सरकार ने देश के सभी राज्यों ततक इसे पहुंचाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने 12 रुपए में 2 लाख रुपए का सुरक्षा बीमा उपलब्ध कराया है।
साथ ही किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य न देने के आरोपों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि अटलजी की सरकार में स्वामीनाथन कमीशन बनाया गया था और मोदी सरकार ने किसानों को इसका लाभ दिया है। उन्होंने कहा कि कमीशन ने एमएसपी और 50 फीसदी लागत देने का प्रस्ताव रखा था, जिसे मोदी सरकार ने पूरा किया है।
वहीं कांग्रेस के पकोड़ा बेचने के आरोपों पर बोलते हुए जावड़ेकर ने कहा कि जब कांग्रेस ने चाय बेचने वाले पर सवाल उठाए तो उन्हें यह भारी पड़़ा। उन्होंने कहा कि अगर कोई स्वाभिमान से रोटी कमाता है, तो कांग्रेस उसका अपमान करती है।