पुडुचेरी के लिए कांग्रेस का घोषणा पत्र जारी
- फोटो : ANI
कांग्रेस ने रविवार को आगामी पुडुचेरी विधानसभा चुनाव के लिए अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है। बता दें कि यहां छह अप्रैल को 30 सीटों के लिए वोट डाले जाएंगे। इससे पहले शनिवार को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और गिरिराज सिंह ने शुक्रवार को पुडुचेरी में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा का घोषणापत्र जारी किया था।
कांग्रेस पुडुचेरी के लोगों से झूठ बोल रही है- अर्जुन राम मेघवाल
पुडुचेरी में कांग्रेस के घोषणा पत्र पर केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि कांग्रेस ने हमारे घोषणापत्र से कुछ बिन्दुओं को लिया है। वे पांच साल से सरकार में थे, उन्होंने अपने वादों को पूरा क्यों नहीं किया? अब कांग्रेस पुडुचेरी के लोगों से झूठ बोल रही है।
पुडुचेरी विधानसभा में कुल 33 सीटें हैं, जिनमें से तीन मनोनीत हैं और बाकी पर सीधे चुनाव होता है। 30 में से पांच सीटें अनुसूचित जाति के उम्मीदवारों के लिए आरक्षित हैं। बता दें कि पुडुचेरी एक केंद्र शासित प्रदेश है, जिसकी एक विधानसभा है। इस केंद्र शासित प्रदेश में एक चुना हुआ मुख्यमंत्री और एक मनोनीत उपराज्यपाल होता है। बीते 22 फरवरी तक वी नारायणसामी पुडुचेरी के 10वें मुख्यमंत्री थे, जिन्हें फ्लोर टेस्ट से पहले इस्तीफा देना पड़ा था।