राहुल गांधी और कांग्रेस के कई सांसदों ने प्रधानमंत्री आवास के बाहर धरना देकर विरोध दर्ज कराया, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने प्रधानमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। प्रदर्शन के दौरान एसपीजी और स्पेशल ड्यूटी ग्रुप के अतिरिक्त कमांडो तैनात किए गए तथा बाहरी सुरक्षा घेरा और मजबूत किया गया।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी मंगलवार को कांग्रेस पार्टी के दूसरे सांसदों को लेकर 7 लोक कल्याण मार्ग स्थित प्रधानमंत्री आवास के बाहर धरने पर बैठ गए। यह सामान्य घटना नहीं थी। इस विरोध प्रदर्शन के चलते पीएम आवास के सुरक्षा घेरे में तैनात कमांडो की संख्या बढ़ानी पड़ी। थ्रेट कलर के अनुसार, एसपीजी के अतिरिक्त कमांडो, पीएम आवास पर तैनात किए गए। पीएम आवास पर एसडीजी की मदद से सुरक्षा के बाहरी घेरे को और ज्यादा मजबूत किया गया।
विज्ञापन
केंद्रीय एजेंसियों के विश्वस्त सूत्रों के मुताबिक, आमतौर पर ऐसी घटना कम ही देखने को मिलती है कि प्रधानमंत्री आवास के निकट कोई धरना प्रदर्शन हो। जब भी खुफिया एजेंसियों को ऐसे किसी प्रदर्शन की भनक लगती है तो पहले से पीएम आवास की तरफ जाने वाले मार्गों को बंद कर दिया जाता है। राहुल गांधी, पीएम आवास के सामने धरने पर बैठेंगे, यह भनक किसी को नहीं लग सकी।
राहुल गांधी से मिलने पहुंचे थे केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह
कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कांग्रेस पार्टी के दूसरे सांसद पीएम आवास के सामने बैठकर प्रदर्शन करने लगे। हालांकि उनसे बातचीत करने के लिए पीएमओ में राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह और केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन पहुंचे थे। वे दोनों काफी देर तक राहुल गांधी से बातचीत करते रहे। उनके जाने के बाद वहां पर कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता भी पहुंचने लगे। इसके चलते पीएम आवास की सुरक्षा को लेकर केंद्रीय एजेंसियों और स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप 'एसपीजी' द्वारा समीक्षा की गई।
विज्ञापन
पीएम आवास की क्यों बढ़ाई गई सुरक्षा?
सूत्रों ने बताया कि पीएम आवास के चारों तरफ सुरक्षा बढ़ा दी गई। पीएम आवास के सामने लोगों की भीड़ और वाहनों की भारी संख्या के चलते थ्रेट कलर में बदलाव किया गया। पीएम की सुरक्षा के लिए तैनात एसपीजी की क्लोज टीम और बाहरी घेरे में इजाफा किया गया।
पीएम आवास पर सीआरपीएफ के स्पेशल ड्यूटी ग्रुप (एसडीजी) यूनिट के अतिरिक्त कमांडो को अलर्ट पर रखा गया। इनकी संख्या को बढ़ाया गया। प्रधानमंत्री के सरकारी आवास, ऑफिस और अन्य सार्वजनिक कार्यक्रमों के दौरान आउटर घेरे की सुरक्षा करने का काम एसडीजी को सौंपा गया है। यह ड्यूटी एसपीजी की निगरानी में होती है। पीएम आवास के बाहर केंद्रीय अर्धसैनिक बल और दिल्ली पुलिस के जवानों ने मोर्चा संभाला।