कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी का घोषणापत्र जारी किया। इसमें पांच साल में एक करोड़ नौकरी देने का वादा किया गया है। पार्टी ने कहा है कि अगर वह सत्ता में वापस आई तो 18-23 वर्ष के आयु वर्ग के कॉलेज विद्यार्थियों को मुफ्त में स्मार्टफोन देगी।
पार्टी सत्ता में आई तो युवाओं को मुफ्त में देगी स्मार्टफोन
पार्टी अध्यक्ष ने घोषणापत्र को ‘कर्नाटक की जनता की आवाज’ करार देते हुए कहा कि यह ऐसा दस्तावेज नहीं है जिसे तीन या चार लोग मिलकर बंद कमरे में तैयार करते हैं। नरेंद्र मोदी की आलोचना करते हुए राहुल ने कहा कि प्रधानमंत्री अक्सर लोगों से ‘मन की बात’ करते रहते हैं लेकिन इस घोषणापत्र में कर्नाटक के लोगों की ‘मन की बात’ शामिल की गई है।
भाजपा को आड़े हाथ लेते हुए राहुल ने कहा कि भगवा पार्टी द्वारा जारी किया जाने वाला घोषणापत्र कर्नाटक की जनता के लिए नहीं होगा बल्कि यह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के दृष्टिकोण पर आधारित होगा। उन्होंने दावा किया कि राज्य की सिद्धारमैया सरकार ने 2013 के विधानसभा चुनाव में किए गए 95 फीसदी वादों को पूरा किया है। बता दें कि राज्य की 225 सदस्यीय विधानसभा के लिए 12 मई को मतदान होगा।
घोषणापत्र में मुख्य बातें
- किसानों, खेतिहर मजदूरों और उनके परिवारों की आजीविका सुनिश्चित करने के लिए वैधानिक हैसियत वाले किसान आय आयोग का गठन किया जाएगा।
- सरकारी स्कूलों में एक से 12वीं तक की मुफ्त शिक्षा दी जाएगी।
- 14 साल तक के बच्चों को मुफ्त एवं अनिवार्य शिक्षा की व्यवस्था की जाएगी।
- राज्य के ओलंपिक मेडल विजेताओं को एक करोड़ रुपये इनाम दिया जाएगा।